न्यूजीलैंड गोलीबारी में ‘भारतीय मूल के 9 लोग लापता, 2 घायल’

678

वेलिंगटन-
न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च की दो मस्जिदों में हुई गोलीबारी के बाद भारतीय नागरिकता वाले या भारतीय मूल के कम से कम नौ लोगों के लापता होने की खबरें हैं। गोलीबारी की इन घटनाओं में 49 लोग मारे गए हैं। अपुष्ट खबरों के मुताबिक, इस गोलीबारी में दो भारतीयों के घायल होने की भी खबर है।

अधिकारियों ने बताया कि किसी भी प्रकार की सहायता और जानकारी के लिए न्यूजीलैंड में भारतीय उच्चायोग ने 24×7 हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। ये हेल्पलाइन नंबर 021803899 और 021850033 हैं। हमले में घायल हुए भारतीयों के परिवारवालों को न्यू जीलैंड के वीजा भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। आपको बता दें कि न्यूजीलैंड में तकरीबन दो लाख भारतीय और भारतीय मूल के लोग रहते हैं। भारतीय उच्चायोग के आंकड़ों के अनुसार इस देश में 30 हजार से अधिक भारतीय छात्र हैं।

भारतीय उच्चायुक्त संजीव कोहली ने ट्वीट किया, ‘कई सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, भारतीय नागरिकता/भारतीय मूल के नौ लोग लापता हैं। आधिकारिक पुष्टि का अभी भी इंतजार किया जा रहा है। मानवता के खिलाफ भारी अपराध। उनके परिवारों के लिए हमारी प्रार्थना।’ उन्होंने कहा, ‘क्राइस्टचर्च के उस समुदाय के सदस्यों के प्रति मेरी गहरी कृतज्ञता, जो आज के भयावह हमले के पीड़ितों के बारे में हमारे लिए जानकारी जुटाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। इस समर्पण और एकजुटता से बेहतर कोई दूसरा उदाहरण नहीं हो सकता।’