राजीव जैन।
अतिरिक्त राज्य मुख्य आयुक्त ,भारत स्काउट्स एंड गाइड्स &
भारतीय जैन संगठन (BJS)।
भोपाल। विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के मार्गदर्शन हेतु सागर पब्लिक स्कूल में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करियर गाइडेंस प्रदान करने वाला एक अनूठा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस विशेष करियर काउंसलिंग सत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त शिक्षाविद् एवं करियर विशेषज्ञ सीए धवल गांधी (मुंबई) ने विद्यार्थियों को करियर के विभिन्न आयामों से अवगत कराया। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय जैन संगठन (BJS) एवं भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
सीए धवल गांधी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को वर्तमान समय में उपलब्ध विविध करियर विकल्पों, उभरते क्षेत्रों तथा वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त कोर्सेस की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने अपने संस्थानों — “स्कूल ऑफ लक्ज़री रिटेल” एवं “इंटरनेशनल स्कूल ऑफ फाइनेंस एंड इकोनॉमिक्स” — के माध्यम से प्रदान किए जा रहे अंतरराष्ट्रीय स्तर के पाठ्यक्रमों की भी जानकारी साझा की।

इस अवसर पर सागर पब्लिक स्कूल की प्राचार्य, समस्त शिक्षकगण के साथ-साथ भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के पदाधिकारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और कार्यक्रम की सराहना की।

इसी क्रम में दोपहर पश्चात भारत जैन संगठन द्वारा होटल हयात पैलेस में “करियर कम्पास” विषय पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के प्रतिष्ठित विद्यालयों के प्राचार्यगण शामिल हुए। इस सत्र को भी सीए धवल गांधी ने संबोधित किया। उन्होंने भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों में उपलब्ध नवीनतम जॉब-ओरिएंटेड कोर्सेस, श्रेष्ठ विश्वविद्यालयों एवं करियर की बदलती प्रवृत्तियों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम में भारत जैन संगठन के अध्यक्ष राजीव जैन, रीजनल जनरल सेक्रेटरी हेमंत जैन, विनोद कुमार जी पूर्व आईएएस,जिला अध्यक्ष संजीव जैन सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के सभी ट्रेनर एवं पदाधिकारी ने इस वर्कशॉप में भाग लिया । उपस्थित सभी सरकारी और निजी विद्यालयों के प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।






