-स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ जाकर लोगों को दिलवा रही कोरोना का टीका
-नारायणपुर प्रखंड के आंगनबाड़ी केंद्र 107 की सेविका काजल कुमारी की कहानी
भागलपुर, 11 नवंबर।
जिले के आखिरी व्यक्ति तक कोरोना का टीका पहुंचे, इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग लगातार अभियान चला रहा है। पिछले दिनों टीकाकरण को लेकर सर्वे किया गया था, जिसमें टीका लेने वालों और नहीं लेने वालों को चिह्नित किया गया था। सर्वे के दौरान जिन लोगों ने टीका लेने से साफ इनकार कर दिया था, अब उनके घर-घर स्वास्थ्य विभाग की टीम जा रही है। उनके मन में टीका के प्रति जो भ्रम है, उसे दूर कर टीकाकरण किया जा रहा है।
नारायणपुर प्रखंड की सिंहपुर पंचायत के मधुरापुर में काफी संख्या में ऐसे लोग थे, जो कोरोना का टीका लेने से साफ मना कर दे रहे थे। ऐसे लोगों में महिलाओं की संख्या अधिक थी। इसलिए महिलाओं को जागरूक करने का बीड़ा उठाया क्षेत्र में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 107 की सेविका काजल कुमारी ने। भागलपुर से आने वाली स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ वह घर-घर जाती है और लोगों को टीका लेने के लिए कहती है। टीका लेने से इनकार करने वालों की जो भी समस्या रहती है, उसे स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ मिलकर दूर करती है।
बीमार होने के डर को किया दूरः काजल कुमारी कहती हैं ज़्यादातर महिलाएं बुजुर्ग हैं और उन्हें बीमार होने का डर रहता है। उन्हें लगता है कि टीका लेने के बाद अगर बीमार हो जाऊंगी तो क्या होगा। हालांकि जब हमलोगों ने समझाया कि टीका लेने के बाद आप बीमार नहीं पड़ेंगी, बल्कि अगर आपने टीका नहीं लिया और कोरोना हो गया तो ज्यादा नुकसान होगा। इसलिए यदि कोई बीमार भी हैं तो वह जल्द से जल्द टीका ले लें। अगर आपको किडनी, लीवर या फिर जिस भी तरह की बीमारी है, अगर इस हालत में कोरोना हो गया तो ज्यादा नुकसान होगा। यदि आप टीका लिए रहेंगी तो ज्यादा परेशानी नहीं होगी। कोरोना से आप बचे रहेंगी। इसके बाद सभी लोग टीका लेने के लिए तैयार हो गए। अब तक ऐसे काफी लोगों ने कोरोना का टीका ले लिया है, जिसने कि पहले टीका लेने से इनकार कर दिया था।
लोगों की बढ़ रही है समझदारीः केयर इंडिया के डीटीओ आउटरीच डॉ. असद जावेद कहते हैं कि काजल के सहयोग से टीका नहीं लेने वालों को जागरूक करने में बहुत मदद मिलती है। उसे क्षेत्र के लोग अच्छे से जानते हैं। इससे यह सहूलियत मिलती है कि अगर किसी के घर जाते हैं तो वह ज्यादा पूछताछ नहीं करते हैं और समझा देने के बाद टीका लेने के लिए तैयार हो जाते हैं। काजल कहती हैं कि क्षेत्र के एक-एक लोग मुझे जानते हैं। कोरोना की पहली लहर से अब तक जागरूक करने का काम कर रही हूं। पहले मास्क पहनने और सामाजिक दूरी का पालन करने के साथ बाहर से घर आने पर हाथ की धुलाई के लिए कहती थी। अब कोरोना का टीका लेने के लिए लोगों को जागरूक करती हूं। लोग समझ भी रहे हैं और मास्क भी पहन रहे हैं और टीका भी ले रहे हैं।
सर्वे में टीका लेने से इनकार करने वालों को सेविका काजल कर रहीं जागरूक
मौसम में हो रहा बदलाव, डेंगू से करें अपना बचाव
-रात में सोते वक्त करें मच्छरदानी प्रयोग
-घर के आसपास पानी को नहीं जमने दें
बांका, 11 नवंबर।
मौसम में बदलाव हो रहा है। सर्दी पड़ने लगी है । अभी के मौसम में न तो सर्दी अधिक है और न ही गर्मी। ऐसे मौसम में डेंगू फैलने का खतरा रहता है। डेंगू के मच्छर ऐसे मौसम में ही पनपते हैं। डेंगू एक वायरल रोग है जो संक्रमित मादा एडीज एजिप्टी मच्छर के काटने से फैलता है। अकेला एक संक्रमित मच्छर ही अनेक लोगों को डेंगू रोग से ग्रसित कर सकता है। इसलिए अभी के मौसम में सावधान रहने की जरूरत है। घर के आसपास जलजमाव नहीं होने दें और मच्छरदानी लगाकर सोएं।
शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. सुनील कुमार चौधरी कहते हैं कि अभी अगले कुछ दिनों तक लोगों को थोड़ा सतर्क रहने की जरूरत है। जब तक कि ठंड पूरी तरह से आ नहीं जाए तब तक लोग सावधानी से रहें। तेज बुखार हो या फिर सिर में दर्द तो तत्काल डॉक्टर से संपर्क कर अपना इलाज करवाएं। डॉक्टर अगर डेंगू टेस्ट की सलाह देते हैं तो उसे नजरअंदाज नहीं करें। तत्काल जांच करा लें और अगर जांच में डेंगू की पुष्टि होती है तो डॉक्टर के मुताबिक दवा का सेवन करें। मरीज की स्थिति गम्भीर होने पर प्लेटलेट्स की संख्या तेजी से कम होते हुए नाक, कान, मुंह या अन्य अंगों से रक्त स्राव शुरू हो जाता है, रक्त चाप काफी कम हो जाता है। समय पर इलाज नहीं होने पर यह खतरनाक हो सकता है।
सदर अस्पताल में है छह बेड का वार्डः डेंगू के इलाज को लेकर सदर अस्पताल में छह बेड का वार्ड है। डेंगू के कंफर्म मरीजों के इलाज के लिए यहां पर पूरी व्यवस्था है। इसलिए अगर किसी व्यक्ति में डेंगू के लक्षण दिखे तो वह सदर अस्पताल में आकर डॉक्टर को दिखाएं। जांच में अगर डेंगू की पुष्टि हो जाती है तो उन्हें भर्ती कर यहां पर इलाज किया जाएगा।
ये हैं डेंगू के लक्षण
तेज बुखार
मांसपेशियों एवं जोड़ों में दर्द
सिर दर्द
आखों के पीछे दर्द
जी मिचलाना
उल्टी
दस्त
त्वचा पर लाल रंग के दाने
डेंगू से बचाव के लिए ये करें
घर में एवं घर के आसपास पानी एकत्र नहीं होने दें, साफ़ सफाई का विशेष ध्यान रखें
यदि घर में बर्तनों आदि में पानी भर कर रखना है तो ढककर रखें
कूलर, गमले आदि का पानी रोज बदलते रहें
ऐसे कपड़े पहनें जो शरीर के अधिकतम हिस्से को ढक सकें
मच्छर रोधी क्रीम, स्प्रे, लिक्विड, इलेक्ट्रॉनिक बैट आदि का प्रयोग मच्छरों के बचाव के लिए करें।
कोरोना काल में जान की परवाह किए बिना अपने कर्तव्य का पालन किया है पत्रकारों ने: ज्योतिरादित्य सिंधिया
जाने माने पत्रकार उदय माहूरकर, कृष्णमोहन झा सहित दर्जनों पत्रकार हुए सम्मानित
ग्वालियर-
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि जिस समय लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकल रहे थे, एक दूसरे का फोन कॉल तक रिसीव नहीं कर रहे थे, उस समय अपनी जान की परवाह किए बिना पत्रकारों ने अपने कर्तव्य का बेहतर पालन किया है। कोरोना काल में पत्रकारों ने एक एक पल का जायजा लिया है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से स्वास्थ्यकर्मी, पुलिस और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े लोग कोरोना वारियर्स की श्रेणी में हैं, ठीक उसी प्रकार हमारे पत्रकार भी इस सूची में आते हैं। हमने देखा है कि कई नेता कोरोना काल में घरों से नहीं निलकते थे, उस समय पत्रकारों ने बिना किसी डर और अपने परिवार की चिंता छोड़कर समाज और देश की सेवा की है।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया डिजियाना उद्भव नेशनल जर्नलिज्म अवार्ड समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। अपने संबोधन में उन्होंने पत्रकारिता के सिद्धांत और पेशागत जिम्मेदारियों की भी बात की। उन्होंने सभी सम्मानित पत्रकारों के कार्यों की सराहना की। इस समारोह में लेखक, पत्रकार तथा भारत सरकार के सूचना आयुक्त उदय माहुरकर को वर्ष 2021 का लाईफ टाईम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही स्वतंत्र पत्रकार की श्रेणी में वरिष्ठ पत्रकार राजनीतिक विश्लेषक और कई पुस्तकों के लेखक कृष्ण्मोहन झा को भी केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के हाथों सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न श्रेणियों में एक दर्जन से अधिक पत्रकार भी सम्मानित किए गए।
बता दें कि वर्ष 2021 का लाईफ टाईम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित पत्रकार उदय माहूरकर वर्तमान में भारत के सूचना आयुक्त हैं। हाल ही में उनकी पुस्तक वीर सावरकर पर आई है, जो काफी चचिर्त है। वरिष्ठ पत्रकार और राजनीतिक विश्लेषक कृष्णमोहन झा की अब तक पांच पुस्तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कई विषयों पर आ चुकी है। सम्मानित होने के बाद कृष्णमोहन झा ने कहा कि प्रत्येक सम्मान हमारी जिम्मेदारियों का बोध कराता है। हमें अपने समाज और देश के लिए सकारात्मक काम करना है। इस सम्मान के लिए मैं डिजियाना समूह और उद्भव संस्था के प्रति आभार प्रकट करता हूं।
ग्वालियर के काशीनाथ चतुर्वेदी सभागार आईआईटीटीएम कैम्पस में आयोजित इस समारोह में ग्वालियर सांसद विवेक शेजवलकर एवं डिजियाना मीडिया समूह के एम.डी. तेजिन्दर पाल सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम में उद्भव के अध्यक्ष डॉ. केशव पाण्डेय व सचिव दीपक तोमर ने जानकारी व कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रस्तुत की। उद्भव राष्ट्रीय पत्रकारिता सम्मान समारोह मंें ’’राज्य स्तरीय सम्मान’’ प्रिन्ट मीडिया केटेगरी में ग्वालियर के धर्मेन्द्र सिंह भदौरिया, इलेक्ट्रोनिक केटेगरी में भोपाल के शरद द्विवेदी को प्रदान किया गया। साथ ही दि प्रेसिडेंस मैगजीन के सौजन्य से यंग ऐचीवर अवार्ड भी प्रदान किया गया। ग्वालियर के देव श्रीमाली, भोपाल के प्रमोद भारद्वाज एवं इन्दौर के उज्जवल शुक्ला को उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए विशेष पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
लगवाएं सुरक्षा का टीका और मनाएं सुरक्षित त्यौहार
– जिले में त्यौहारी दौर में भी लगातार चल रहा है कोविड-19 वैक्सीनेशन अभियान
– सुरक्षित परिवार, खुशियाँ अपार नारे को सार्थक रूप देने के लिए लोगों को किया जा रहा है जागरूक
खगड़िया-
सोमवार से नहाय-खाय के साथ लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा का चार दिवसीय अनुष्ठान शुरू हो गया। दूसरे प्रदेशों में रहने वाले लोगों का त्यौहार मनाने के लिए अपने घर आने सिलसिला जारी है और प्रत्येक दिन बड़ी संख्या में लोग आ भी रहे हैं। जिसके कारण शहर से लेकर गाँव की गलियों तक की चहल-पहल बढ़ गई है। किन्तु, ऐसे में हमें कोविड के प्रति भी सतर्क रहना जरूरी है। कितना अच्छा होगा, जब पूरे परिवार के लोग सुरक्षित माहौल में त्यौहार मनाएंगे। इसलिए, सुरक्षित माहौल में त्यौहार मनाने के लिए जो लोग अबतक किसी भी कारणवश कोविड-19 वैक्सीन नहीं ले पाएं है वह निश्चित रूप से सुरक्षा का टीका लगवाएं और सुरक्षित माहौल में दुगुनी खुशी के साथ त्यौहार मनाएं। क्योंकि, आपकी थोड़ी सी चूक और लापरवाही बड़ी परेशानी का सबब बन सकती है। इसलिए, वैक्सीन से वंचित लोग निश्चित रूप से वैक्सीनेशन कराएं। क्योंकि, आपके सुरक्षा के लिए ही त्यौहारी दौर में भी जिले में लगातार वैक्सीनेशन अभियान जारी है। साथ ही अभियान को और तेज गति देने के लिए जिले तमाम पदाधिकारी एवं स्वास्थ्य कर्मी (वैक्सीनेशन टीम) अपनी त्यौहारी छुट्टी छोड़ कर लोगों को इस महामारी से सुरक्षित करने के लिए ड्यूटी पर डटे हुए हैं। जो ना सिर्फ सराहनीय है। बल्कि, देश हित में सबसे बेहतर कदम भी है।
– वैक्सीन से वंचित व्यक्ति कराएं वैक्सीनेशन और दुगुनी खुशी के साथ मनाएं त्यौहार :
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ देवनंदन पासवान ने बताया, वर्तमान में त्यौहारी दौर चल रहा है। सभी लोग सुरक्षित माहौल में त्यौहार मना सकें, इसके लिए हर जरूरी निर्णय लेकर आवश्यक पहल की जा रही है। किन्तु, इसे सफल बनाने के लिए जिले वासियों का सहयोग भी अपेक्षित है। इसलिए, जिले वासियों से भी मेरा अपील है कि अगर जो व्यक्ति किसी भी कारण वश अबतक वैक्सीन नहीं ले पाएं है, वह निश्चित रूप से अपने नजदीकी वैक्सीनेशन सेंटर पर जाकर वैक्सीनेशन कराएं और दुगुनी खुशियाँ के साथ त्यौहार मनाएं। आपकी सुरक्षा के लिए ही जिले में त्यौहारी दौर में भी वैक्सीनेशन अभियान जारी है। आपकी यही पहल सबसे बड़ा सहयोग का कदम होगा। क्योंकि, जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के तमाम पदाधिकारी एवं कर्मी आपकी ही सुरक्षा के लिए ही त्यौहारी छुट्टी छोड़ कर आपके बीच अपनी जिम्मेदारी पर डटे हुए हैं।
– सुरक्षित परिवार, खुशियाँ अपार नारे के माध्यम से लोगों को किया जा रहा है जागरूक :
केयर इंडिया के डीटीएल अभिनंदन आनंद ने बताया, वैक्सीन वंचित लोगों को वैक्सीनेशन के प्रति जागरूक करने के लिए जिले में लगातार जागरूकता अभियान भी चल रहा है और घर-घर जाकर स्वास्थ्य टीम द्वारा लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। इस दौरान टीम द्वारा सुरक्षित परिवार, खुशियाँ अपार नारे के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। सुरक्षित माहौल में त्यौहार मनाने के लिए लोगों को वैक्सीन लेने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।
– दूसरे प्रदेशों से आने वाले लोगों की हो रही है कोविड जाँच :
केयर इंडिया के डीटीओ-ऑन चंदन कुमार ने बताया, त्यौहारी दौर के कारण दूसरे प्रदेशों में रहने वाले लोगों के आने का सिलसिला जारी है। किन्तु, दूसरे प्रदेशों से आने वाले लोगों के घर प्रवेश करने के पूर्व कोविड जाँच सुनिश्चित हो, इसके लिए जिले के विभिन्न रेलवे स्टेशनों एवं बस स्टैंडों पर कोविड-19 जाँच सह वैक्सीनेशन शिविर की व्यवस्था की गई है। जहाँ बड़ी संख्या में प्रतिदिन दूसरे प्रदेशों से आ रहे लोगों की कोविड जाँच की जा रही है। ताकि जिले में किसी प्रकार के संक्रमण का खतरा उत्पन्न नहीं हो। यहीं नहीं, जाँच के साथ संबंधित व्यक्ति के वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट की भी जाँच की जा रही है। इस दौरान जो भी लोग वैक्सीन से वंचित मिलते हैं, उन्हें शिविर में वैक्सीन दी जा रही है। इसके बाद ही गंतव्य जाने की अनुमति दी जाती है।
– इन मानकों का करें पालन और कोविड-19 संक्रमण से रहें दूर :
– मास्क का उपयोग और शारीरिक दूरी का पालन जारी रखें।
– बाहर से आने पर या लक्षण महसूस होने पर कोविड-19 जाँच कराएं।
– बारी आने पर निश्चित रूप से वैक्सीनेशन कराएं और दूसरों को भी प्रेरित करें।
– साफ-सफाई का विशेष ख्याल रखें और सैनिटाइजर का उपयोग करें।
– प्रोटोकॉल के पालन के साथ त्यौहार मनाएं।
लखीसराय के जन्मजात हृदयरोग से पीड़ित बच्चे को इलाज के लिए भेजा गया अहमदाबाद
– बच्चे का अहमदाबाद में निःशुल्क होगा ऑपरेशन, मुफ्त मिलेगी सभी सुविधाएं
– आरबीएसके की टीम की पहल पर अभिभावक संग पीड़ित बच्चे को भेजा गया अस्पताल
लखीसराय-
लोगों को बेहतर और समुचित स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने को लेकर जहाँ सरकार पूरी तरह गंभीर है वहीं, स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सजग और कटिबद्ध है। जिसे सार्थक बनाने के लिए आरबीएसके टीम की पहल पर जिले के लखीसराय प्रखंड में एक ऐसे बच्चे की खोज की गई, जो जन्मजात यानी जन्म से ही हृदय रोग से पीड़ित है। पीड़ित बच्चा रामेश्वर केवट के 06 माह का पुत्र आदित्य कुमार है। पीड़ित बच्चे के अभिभावक अपने बच्चे का समुचित इलाज और स्वस्थ होने की उम्मीद छोड़ चुके थे। किन्तु, अब बच्चे का सरकार के सहयोग एवं स्थानीय स्वास्थ्य विभाग की पहल पर राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम एवं मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना से समुचित इलाज होगा। वहीं, पीड़ित बच्चे को सोमवार को सरकारी एम्बुलेंस से पटना भेजा गया। वहाँ से हवाई जहाज से बच्चे को अभिभावक के साथ श्री सत्य साईं अस्पताल भेजा जाएगा। जहाँ बच्चे का निःशुल्क ऑपरेशन एवं समुचित इलाज होगा। वहीं, एंबुलेंस को सिविल सर्जन डाॅ देवेन्द्र चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर लखीसराय से पटना के लिए रवाना किया।
– पीड़ित बच्चे को सभी सुविधाएं मिलेगी मुफ्त, परिजनों को नहीं उठाना पड़ेगा खर्च :
सिविल सर्जन डॉ देवेन्द्र कुमार चौधरी ने बताया, पीड़ित बच्चे को आने-जाने समेत सभी सुविधाएं यानी ऑपरेशन से लेकर समुचित इलाज तक की सुविधाएं पूरी तरह मुफ्त मिलेगी। इस दौरान अभिभावक को किसी प्रकार का खर्च नहीं उठाना पड़ेगा। वहीं, उन्होंने बताया, बच्चे को सोमवार को यहाँ से 102 एम्बुलेंस के माध्यम से नि:शुल्क राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान (एसआईएचएफडब्ल्यू) शेखपुरा पटना भेजा गया। वहाँ से नि:शुक्ल समुचित इलाज के लिए फ्लाइट के माध्यम से अभिभावक संग श्री सत्य हार्ट हृदय अस्पताल अहमदाबाद भेजा जाएगा।
– पीड़ित बच्चों का निःशुल्क होगा समुचित इलाज :
बच्चे को चिह्नित एवं इस पूरे मामले का नेतृत्व कर रहे आरबीएसके के चिकित्सक डाॅ शिव शंकर कुमार ने बताया, जन्मजात हृदय रोगों से पीड़ित बच्चे आदित्य कुमार का निःशुल्क समुचित इलाज होगा। आदित्य के दिल में छेद है। वहीं, उन्होंने बताया, बच्चे के साथ-साथ अभिभावक का भी खर्च सरकार द्वारा ही वहन किया जाएगा। उन्होंने बताया, जन्म से ही हृदय रोग से पीड़ित बच्चे को साँस लेने में परेशानी होती है। हमेशा सर्दी-खांसी रहती है। चेहरे, हाथ, होंठ नीला पड़ने लगते हैं। जिसके कारण गंभीर होने पर बच्चों के दिल में छेद हो जाता है। ऐसे बच्चों का आरबीएसके (राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम) द्वारा इलाज कराया जाता है।
– छोड़ चुके थे इलाज की उम्मीद, अब जगी उम्मीद की नई किरण :
पीड़ित बच्चे के अभिभावक रामेश्वर केवट ने बताया, हमलोग तो अपने बच्चे के समुचित और स्थाई इलाज की उम्मीद ही छोड़ चुके थे। क्योंकि, ना ही स्थानीय स्तर पर समुचित इलाज की व्यवस्था उपलब्ध थी और ना ही बाहर में इलाज कराने के लिए पर्याप्त पैसा था। किन्तु, इसी बीच जब स्थानीय स्वास्थ्य विभाग द्वारा समुचित इलाज, वो भी पूरी तरह मुफ्त होने की जानकारी मिली कि पूरे परिवार में उम्मीद की नई किरण जग गई। इसके लिए मैं स्थानीय स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ सरकार का ताउम्र ऋणी रहूँगा। वहीं, बच्चे के अभिभावक ने इलाज की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए स्थानीय स्वास्थ्य विभाग एवं सरकार का आभार जताते हुए धन्यवाद दिया है।
– इन मानकों का करें पालन और कोविड-19 संक्रमण से रहें दूर :
– मास्क का उपयोग और शारीरिक दूरी का पालन जारी रखें।
– अनावश्यक घरों से बाहर नहीं निकलें और भीड़-भाड़ वाले जगहों से परहेज करें।
– विटामिन-सी युक्त पदार्थों का अधिक सेवन करें।
– नियमित तौर पर लगातार साबुन या अल्कोहल युक्त पदार्थों से अच्छी तरह हाथ धोएं।
अब व्हाट्सएप पर मिलेगी कोरोना से जुड़ी हर जानकारी
-व्हाट्सएप नंबर 9013151515 को करना होगा मोबाइल में सेव
-टीका लगाने से लेकर इम्युनिटी बढ़ाने की विशेषज्ञ देंगे जानकारी
बांका-
कोरोना पर काबू पाने के लिए स्वास्थ्य विभाग न सिर्फ जांच, इलाज और टीकाकरण पर जोर दे रहा है, बल्कि तकनीक का भी सहारा ले रहा है। इसी सिलसिले में स्वास्थ्य मंत्रालय ने व्हाट्सएप के जरिये कोरोना से जुड़ी सभी तरह की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोना संक्रमण से लेकर टीकाकरण तक की जानकारी एक ही सिस्टम के जरिये उपलब्ध कराने का प्रयास किया है। इसके तहत अब आपको एक व्हाट्सएप नंबर के जरिये संक्रमण से लेकर टीकाकरण सर्टिफिकेट तक की जानकारी मिलेगी।
शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. सुनील कुमार चौधरी कहते हैं कि यह बहुत ही शानदार प्रयास है। इसका लाभ काफी लोग उठा रहे हैं और यह बेहतरीन ढंग से काम कर रहा है। इसे हैंडल करना बहुत ही आसान है। इस सेवा के शुरू होने के बाद टीकाकरण केंद्रों पर आकर कोरोना सर्टिफिकेट लेने व टीका लगवाने के लिए रजिस्ट्रेशन कराने वालों की संख्या में कमी आयी है, जो कि सुखद है। इस वजह से टीकाकरण केंद्रों पर भीड़ भी नहीं लगती है। सामाजिक दूरी का पालन आसानी से हो जाता है।
मिनिस्ट्री ऑफ इंलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंफार्मेशन टेक्नोलॉजी (एमइआईटीवाई) एवं मिनिस्ट्री ऑफ हेल्थ एंड फेमिली वेलफेयर (एमओएचएफडब्ल्यू) के संयुक्त प्रयास के तहत माइगांव कोरोना हेल्पडेस्क व्हाट्सएप नंबर 9013151515 को जारी किया गया है। इस नंबर को अपने मोबाइल में आप जैसे ही सेव करेंगे, आपको कोरोना से जुड़ी आठ प्रकार की सेवाओं की जानकारी मिलने लगेगी। इस व्हाट्सएप नंबर के जरिये कोरोना के लक्षण मिलने पर आपको क्या करना होगा से लेकर इम्युनिटी बढ़ाने के लिए विशेषज्ञों द्वारा सलाह तक मिलेगी। इसके अलावा राज्य एवं केंद्र स्तर पर कोरोना को लेकर मिलने वाली सहायता, माइ बूस्टर के तहत प्रमाणिक जानकारी, कोरोना को मात देने वालों की सक्सेस स्टोरी, सकारात्मक सोच, कोरोना वायरस, इसके लक्षण व इसके संक्रमण के खतरे को कम करने की जानकारी भी मिलेगी।
टीका के लिए बुकिंग से लेकर सर्टिफिकेट भी मिलेगा: इसके अलावा इसी नंबर के जरिये कोरोना का टीका लगाने के लिए आप रजिस्ट्रेशन भी करा सकते हैं। नजदीकी कोरोना टीकाकरण केंद्र की जानकारी लेकर वहां पर टीका लगाने के लिए अपना स्लॉट तक बुक करा सकते हैं। यही नहीं, अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर के जरिये इसी नंबर पर आप कोरोना टीका लगवाने का सर्टिफिकेट (पीडीएफ फार्मेट में) भी हासिल कर सकते हैं।
इसका लाभ उठाने के लिए इस प्रक्रिया को करनी होगी पूरीः अगर आप कोरोना टीका का सर्टिफिकेट लेना चाहते हैं तो आपको अपने मोबाइल में सेव व्हाट्सअप नंबर में जाकर सर्टिफिकेट लिखकर मैसेज करना होगा। वहां से आपको टीका लगवाते वक्त दर्ज कराए गये मोबाइल नंबर को भेजना होगा। अगली प्रक्रिया के तहत आपके मोबाइल नंबर पर आये ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) को इस नंबर पर व्हाट्सएप करना होगा। इसके बाद आपको कोरोना सर्टिफिकेट मिल जायेगा। इसी तरह से अन्य सेवाओं को हासिल करने के लिए मैसेज प्रक्रिया को पूरी करनी होगी। इसे पूरा करने में आपको महज एक से दो मिनट का वक्त लगेगा।
टीका लेने से किया था इनकार, समझाया तो हो गए तैयार
-कोरोना टीकाकरण को लेकर स्वास्थ्य विभाग का अभियान जारी
-जिले में अब घर-घर जाकर लोगों का किया जा रहा है टीकाकरण
भागलपुर-
जिले की बड़ी आबादी ने कोरोना का टीका ले लिया है। पहली डोज लेने वालों की संख्या तो काफी अधिक हो चुकी है। अब स्वास्थ्य विभाग छूटे हुए लोगों को चिह्नित कर टीकाकरण कर रहा है। खासकर वैसे लोग जिन्होंने टीका लेने से इंकार कर दिया है। इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जा रही है। घर पर ही लोगों को जागरूक कर उनका टीकाकरण किया जा रहा है।
इसी सिलसिले में स्वास्थ्य विभाग की टीम नारायणपुर प्रखंड के मधुरापुर बाजार पहुंची। यहां पर टीम को बड़ी सफलता मिली। कोरोना का टीका लेने से इंकार करने वाले 30 लोगों को टीका से होने वाले फायदे के बारे में बताया गया। इससे किसी तरह का कोई नुकसान नहीं होता है, इसे लेकर लाभुकों को आश्वस्त किया गया। इसके बाद सभी लोग टीका लेने के लिए तैयार हुए। इसके बाद सभी लोगों का टीकाकरण हुआ। टीकाकरण के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी लोगों की 30 मिनट तक निगरानी की। किसी भी लाभुक को कोई समस्या नहीं आने पर वहां से स्वास्थ्य विभाग की टीम वापस गई। साथ ही सभी लोगों को समय पूरा हो जाने पर कोरोना टीका की दूसरी डोज भी अवश्य लेने की हिदायत भी दी।
छूटे हुए लोगों का भी जल्द ही होगा टीकाकरणः केयर इंडिया के आलोक कुमार ने बताया कि हमलोग अब टीका लेने से इंकार करने वाले लोगों को टीका देने का काम कर रहे हैं। इसे लेकर जागरूकता के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर ही टीकाकरण कर देती है। इंकार करने वाले अधिकतर लोगों में टीका को लेकर अभी भी कुछ गलतफहमियां हैं, जिसे हमलोग दूर कर रहे हैं। अधिकतर लोगों में टीका लेने के बाद बुखार होने का या फिर बीमार होने का डर रहता है। इस बारे में जब उन्हें समझाया जाता है तो वे लोग आखिरकार मान जाते हैं। इस तरह से हमलोग प्रखंडवार लोगों के घर तक पहुंच रहे हैं। उम्मीद है कि छूटे हुए लोगों का भी जल्द ही टीकाकरण हो जाएगा।
दूसरी डोज पर फोकसः सिविल सर्जन डॉ. उमेश कुमार शर्मा ने कहा कि छूटे हुए लोगों के साथ-साथ पहली डोज लेने के बाद समय पूरा हो जाने के बाद दूसरी डोज नहीं लेने वालों को भी ढूंढ-ढूंढकर टीका दिया जा रहा है। कोरोना से बचाव के लिए टीका की दोनों डोज लेना जरूरी है। इसलिए लोगों से भी मेरी अपील है कि जिनका समय पूरा हो गया हो, वह नजदीकी केंद्रों पर जाकर कोरोना टीका की दूसरी डोज ले लें। जिले के सभी लोगों का जितना जल्द टीकाकरण होगा, उतना ही जल्द जिला में कोरोना का खतरा पूरी तरह से समाप्त हो जाएगा। साथ ही कोरोना को लेकर सतर्कता जरूर बरतें। घर से बाहर जाते वक्त मास्क लगाएं और सामाजिक दूरी का पालन करते हुए एक-दूसरे के बीच दो गज की दूरी का जरूर पालन करें। सावधानी बरतने से कोरोना की तीसरी लहर नहीं आएगी।
जिला में चलाए जा रहे एमडीए कार्यक्रम पर डब्ल्यूएचओ ने जारी किया मॉनिटरिंग फीडबैक
ठंड के मौसम में सावधान रहें गर्भवती महिलाएं
जिले में आज विशेष कोविड वैक्सीनेशन शिविर, वैक्सीन से वंचित लोगों को दी जाएगी वैक्सीन
– जिले के सभी प्रखंडों में आयोजित होगा विशेष शिविर, घर – घर जाकर वंचितों को चिह्नित कर दी जाएगी वैक्सीन
– सभी सत्र स्थलों पर पर्याप्त कर्मियों की तैनाती और वैक्सीन वाइल रहेगी उपलब्ध
लखीसराय-
जिले में शत-प्रतिशत लोगों का कोविड-19 वैक्सीनेशन जल्द से जल्द सुनिश्चित करने को लेकर लगातार विशेष वैक्सीनेशन के तहत शिविर आयोजित कर लोगों को वैक्सीन दी जा रही है। साथ ही हर जरूरी निर्णय भी लिए जा रहे और हर आवश्यक पहल भी की जा रही है। जिसका सार्थक परिणाम भी दिखने लगा है। वहीं, रविवार को पुनः जिलेभर में विशेष वैक्सीनेशन अभियान चलाया जाएगा। जिसके माध्यम से जिले के सभी प्रखंड में विशेष कोविड वैक्सीनेशन शिविर आयोजित कर अबतक किसी भी कारणवश वैक्सीन से वंचित लोगों को वैक्सीनेटेड किया जाएगा। विशेष शिविर के सफल संचालन के लिए सारी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। ताकि शिविर में वैक्सीन लेने वालों लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हो और सभी लोग सुविधाजनक तरीके से वैक्सीन ले सकें तथा विशेष अभियान का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
– वैक्सीन से वंचित लोगों को प्राथमिकता के आधार पर दी जाएगी वैक्सीन :
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ अशोक कुमार भारती ने बताया, जिले के सभी प्रखंडों में विशेष वैक्सीनेशन शिविर आयोजित किया जाएगा। जिसमें वैक्सीन से वंचित लोगों को प्राथमिकता के आधार पर वैक्सीन दी जाएगी। इसको लेकर सारी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। साथ ही सभी सेशन साइटों पर पर्याप्त संख्या में कर्मियों की तैनाती एवं वैक्सीन वाइल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। ताकि एक भी व्यक्ति को वैक्सीन के अभाव में लौटना नहीं पड़े। वहीं, उन्होंने बताया, जिले में चल रहे वैक्सीनेशन अभियान को और तेज गति देने के लिए वैक्सीनेशन टीम को भी समुचित सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
– सभी सेशन साइटों पर पर दोनों डोज की दी जाएगी वैक्सीन :
जिले के सभी प्रखंडों में आयोजित विशेष वैक्सीनेशन शिविर के दौरान दोनों डोज की वैक्सीन दी जाएगी। इसलिए, जो व्यक्ति पहला डोज ले चुके हैं और दूसरा डोज लेने की निर्धारित समय पूरा हो चुका है, वह अपने नजदीकी वैक्सीनेशन सेंटर पर जाकर वैक्सीन ले सकते हैं। ताकि सेकेंड डोज को भी गति मिल सके और इस महामारी से खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।
– इन मानकों का करें पालन और कोविड-19 संक्रमण से रहें दूर :
– मास्क का उपयोग और शारीरिक दूरी का पालन जारी रखें।
– विटामिन-सी युक्त पदार्थों का अधिक सेवन करें।
– साफ-सफाई का विशेष ख्याल रखें और सैनिटाइज़र का उपयोग करें।
– नियमित तौर पर लगातार साबुन या अल्कोहल युक्त पदार्थों से अच्छी तरह हाथ धोएं।
– अनावश्यक घरों से बाहर नहीं निकलें और भीड़-भाड़ वाले जगहों से परहेज करें।