चौकीदार कभी नहीं करता अन्याय-मोदी

0

मेरठ-

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा की चुनाव प्रचार मुहिम शुरू करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने हर क्षेत्र में सर्जिकल स्ट्राइक करने का साहस दिखाया है, चाहे वह जमीन हो, आसमान हो या फिर अंतरिक्ष हो। मोदी ने यहां एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मुकाबला एक निर्णायक सरकार और एक अनिर्णायक अतीत के बीच है। उल्लेखनीय है कि मोदी ने एक दिन पहले ही घोषणा की थी कि भारत ने एक लाइव सैटेलाइट को मार गिराते हुए उपग्रह भेदी मिसाइल क्षमता का प्रदर्शन किया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि एक तरफ एक दमदार चौकीदार है और दूसरी तरफ, दागदारों की भरमार है। उन्होंने कहा कि भारत ने मन बना लिया है कि उसे किसके लिए मतदान करना है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैं अपने काम का हिसाब दूंगा, लेकिन साथ ही अपने विरोधियों से भी हिसाब मागूंगा।… एक ‘चौकीदार’ कभी अन्याय नहीं करता। मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए अपनी भाषण की शुरूआत की। चौधरी चरण सिंह के पुत्र अजित सिंह की पार्टी रालोद ने इस चुनाव में बसपा और सपा के साथ गठबंधन किया है।

भाजपा 2014 की तुलना में करेगी बेहतर प्रदर्शन- राम माधव

0

श्रीनगर-
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव ने कहा है कि भाजपा को आगामी लोकसभा चुनावों में जम्मू-कश्मीर में पिछली बार से बेहतर प्रदर्शन करने की उम्मीद है। उन्होंने मंगलवार को भरोसा जताया कि भाजपा जम्मू और लद्दाख में सभी तीन सीटों पर विजयी होगी। माधव ने वरिष्ठ पार्टी नेताओं के साथ बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि भाजपा को जम्मू-कश्मीर में 2014 लोकसभा चुनाव की तुलना में इस बार बेहतर परिणाम की उम्मीद है।

उन्होंने राज्य में नेशनल कांफ्रेंस-कांग्र्रेस गठबंधन पर निशाना साधा और सीटों के बंटवारे को लेकर हुए इसके समझौते को नाटक करार दिया। पाक अधिकृत कश्मीर में शारदा पीठ के श्रद्धालुओं के लिए पाकिस्तान द्वारा एक गलियारे की अनुमति दिए जाने संबंधी खबरों पर माधव ने कहा कि इस बारे में केंद्र सरकार निर्णय करेगी लेकिन आतंकवाद बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि एक बार आतंकवाद का मुद्दा हल हो जाए तो अन्य मुद्दे भी हल किए जाएंगे।

एमजीपी के 2 विधायक भाजपा में, उपमुख्यमंत्री की कुर्सी खतरे में

0

पणजी
गोवा में मंगलवार आधी रात गजब सियासी ट्विस्ट आया। बीजेपी सरकार में सहयोगी महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी के तीन में से दो विधायक अपनी पार्टी के नेता और सरकार में डेप्युटी सीएम सुदिन धवलीकर को अकेला छोड़ बीजेपी के पाले में आ खड़े हुए। यही नहीं, इन दोनों विधायकों ने स्पीकर के सामने बीजेपी में विलय की अर्जी भी दे डाली है। गोवा सरकार में इस नाटकीय घटनाक्रम से अब सवाल यह है कि डेप्युटी सीएम धवलीकर का क्या होगा? दोनों विधायकों मनोहर अजगांवकर और दीपक पवास्कर ने गोवा विधानसभा के स्पीकर को पत्र सौंपकर कहा है कि उन्होंने महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी का बीजेपी में विलय का फैसला किया है। 36 सदस्यों वाले सदन में बीजेपी के पास अब 14 को संख्याबल हो गया है।

चुनावों के वक्त ही मंदिर जाते हैं राहुल — योगी आदित्यनाथ

0

अहमदाबाद-
उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी तथा उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि वे केवल चुनावों के दौरान मंदिर जाते हैं। गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने गरीबी हटाने संबंधी नये वादे को लेकर कांग्रेस की आलोचना की।

गांधीनगर सीट से इस बार भाजपा अध्यक्ष अमित शाह चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट का प्रतिनिधित्व वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी करते रहे हैं। आदित्यनाथ ने कहा कि वे (राहुल और प्रियंका) केवल चुनावों के दौरान मंदिर जाते हैं। अगर चुनाव नहीं होते हैं तो उनके पास मंदिर जाने का समय नहीं होता है।

जया प्रदा हुई भाजपा की, सपा को देंगी चुनौती

0

नयी दिल्ली-

अभिनेत्री एवं पूर्व सांसद जयाप्रदा भाजपा में शामिल हो गई। भाजपा उन्हें उत्तर प्रदेश के रामपुर संसदीय क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतार सकती है। समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता एवं राज्यसभा सदस्य अमर सिंह की करीबी सहयोगी जयाप्रदा सपा के टिकट पर दो बार रामपुर से निर्वाचित हुई हैं। अगर भाजपा उन्हें रामपुर से टिकट देती है तब उनका मुकाबला समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान से होगा।

गौरतलब है कि मिया आजम खान और जयाप्रदा के बीच पुरानी अदावत है। जब अमर सिंह समाजवादी पार्टी के चाणक्य हुआ करते थे तब जयाप्रदा की पार्टी में तूती बोलती थी। जया 2004 और 2009 में समाजवादी पार्टी की टिकट पर रामपुर से सांसद भी रह चुकी हैं। 2009 में आजम कान के तमाम विरोध के बावजूद भी मुलायम सिंह ने जया को रामपुर से चुनाव लड़वाया था।भाजपा में शामिल होने के बाद बोलीं जयाप्रदा- मुझे मोदी जी के नेतृत्व में काम करने का मौका मिल रहा है, ये मेरे लिए सौभाग्य की बात है।

मैच के बाद अश्विन से नाराज दिखे बटलर

0

नई दिल्ली
राजस्थान रॉयल्स और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच मुकाबले में ‘मांकडिंग’ आउट के बाद जोस बटलर विपक्षी टीम के कप्तान रविचंद्रन अश्विन से खासा नजर आए। सोशल मीडिया पर वायरल एक विडियो में ऐसा साफ नजर आ रहा है कि अश्विन मैच के बाद बटलर से हाथ मिलाना चाहते थे लेकिन इंग्लैंड का यह बल्लेबाज बिना उनकी तरफ देखे चला गया।
जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स की पारी का 13वां ओवर चल रहा था। किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान रविचंद्रन अश्विन गेंदबाजी कर रहे थे। अश्विन ने देखा कि बटलर क्रीज से बाहर निकल रहे हैं और मौके का फायदा उठाते हुए नॉन-स्ट्राइक छोर की गिल्लियां बिखेर दीं। रीप्ले में साफ हुआ कि बटलर क्रीज से बाहर थे और वह रन आउट हैं। बटलर इस फैसले से पूरी तरह नाखुश नजर आए। बटलर (69) ने 43 गेंदों की अपनी पारी में 10 चौके और 2 छक्के जड़े। अश्विन के इस तरह से आउट किए जाने को लेकर जोस बटलर उनसे नाराज दिखे। एक विडियो में मैच के बाद सभी खिलाड़ी और टीम स्टाफ एक दूसरे से हाथ मिलाते नजर आ रहे हैं, लेकिन जब अश्विन और बटलर का आमना सामना हुआ तो बटलर ने उनसे हाथ नहीं मिलाया।पंजाब ने इस मैच को 14 रन से जीता। पंजाब टीम ने 4 विकेट पर 184 रन बनाए जिसके बाद राजस्थान की टीम 9 विकेट पर 170 रन ही बना सकी।

नरेंद्र मोदी न्याय योजना के पक्षधर हैं या विरोधी, निर्धारित करें- सुरजेवाला

0

नयी दिल्ली-

कांग्रेस ने न्यूनतम आय योजना के तहत गरीबों को सालाना 72 हजार रुपये देने के चुनावी वादे के लेकर भाजपा के हमले पर पलटवार करते हुए मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वह गरीबी पर वार करने वाले इस प्रस्तावित कदम के पक्षधर हैं या विरोधी हैं। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने यह भी कहा कि 72,000 हजार रुपये परिवार की गृहणी के खाते में डाले जाएंगे। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि यह योजना महिला केंद्रित होगी। इसके तहत पैसा घर की गृहणी के खाते में जमा कराया जाएगा।

सुरजेवाला ने कहा कि इस योजना से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों को बराबर न्याय मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस योजना के तहत सबसे गरीब, पांच करोड़ परिवारों को सालाना 72 हजार रुपये मिलेंगे। उन्होंने कहा कि मोदी जी बताइए, आप न्याय के पक्षधर हैं या विरोधी? क्योंकि आपके मंत्री इसका विरोध कर रहे हैं। सुरजेवाला ने सवाल किया कि पाखण्ड का सहारा लेने वाले मोदी जी कुछ पूंजीपतियों को 3.17 लाख करोड़ रुपये दे सकते हैं, लेकिन गरीबों को 72 हजार रुपये देने में विरोध क्यों है? उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी जी और भाजपा हमेशा गरीबों के खिलाफ खड़े रहे हैं। नरेंद्र मोदी, गरीब विरोधी।

प्रस्तावित योजना की वित्त मंत्री अरूण जेटली द्वारा आलोचना किए जाने के बारे में सवाल पर उन्होंने कहा कि उनके बोगस ब्लॉग मंत्री जी मिथ्या प्रचार कर रहे हैं। हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि हम न्याय को लागू करने के साथ ही मनरेगा और दूसरी सभी कल्याणकारी योजनाओं को जारी रखेंगे। कांग्रेस के न्याय के वादे की नीति आयोग द्वारा आलोचना किये जाने पर सुरजेवाला ने दावा किया कि नीति आयोग अब राजनीति आयोग बन गया है। दरअसल, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव से पहले सोमवार को बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि उनकी पार्टी की सरकार बनने पर देश के हर गरीब परिवार को सालाना 72 हजार रुपये दिए जायंगे।

छात्रों ने मुझे और मेरे परिवार को बंदी बनाया-जगदीश कुमार, वीसी, जेएनयू

0

नयी दिल्ली-

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के कुलपति एम जगदीश कुमार ने विश्वविद्यालय के छात्रों पर जबरदस्ती घर में घुसने और अपनी पत्नी को घंटों तक बंदी बनाए रखने का आरोप लगाया। विश्वविद्यालय के सात छात्र इस अकादमिक सत्र से लागू हो रही प्रवेश परीक्षा के लिये ऑनलाइन प्रणाली के विरोध में पिछले एक सप्ताह से भूख हड़ताल पर बैठे हैं। वाम संगठनों के छात्र कुलपति से मिलने की मांग करते हुए उनके घर पहुंचे। पिछले सप्ताह जब छात्र कुलपति से मिलने पहुंचे तो कुलपति ने उनकी चिंताओं को दूर करने बजाय उन्हें मिठाई पेश की।

एक प्रोफ्रेसर ने कहा कि छात्रों ने कथित रूप से कुलपति के घर में घुसकर उनकी पत्नी को घेर लिया। उस समय कुलपति घर पर नहीं थे। इस बीच पुलिस को कॉल की गई और विश्वविद्यालय के अन्य प्रोफेसरों की पत्नियों ने उन्हें बचाया। जगदीश कुमार की पत्नी को सदमा लगने के कारण अस्पताल ले जाया गया। कुलपति ने ट्वीट किया कि आज शाम करीब सौ छात्रों ने जबरन मेरे जेएनयू आवास में तोडफ़ोड़ की और मेरी पत्नी को कई घंटों तक घर के अंदर कैद रखा, जबकि मैं एक बैठक में था। क्या यह विरोध का तरीका है? घर में एक अकेली महिला को आतंकित करना? वहीं छात्रों ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि हम कुलपति से मिलने गए थे। सुरक्षाकर्मियों ने हमें हिरासत में ले लिया और जेएनयू छात्रसंघ के अध्यक्ष एन साई बालाजी समेत कई छात्रों को गंभीर चोट आई है। हालांकि, पुलिस ने कहा कि कुछ छात्रों द्वारा मार्च निकालने का आह्वान किया गया था, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें प्रवेश की कोशिश करते समय रोक दिया।

राज्यपाल के बयान मर्यादा के अनुकूल नहीं-गहलोत

0

जयपुर-

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्यपाल कल्याण सिंह के एक कथित राजनीतिक बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि यह उनके पद की मर्यादा के अनुकूल नहीं है। मीडिया रपटों के अनुसार कल्याण सिंह ने अलीगढ़ में संवाददाताओं के सामने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि हम सभी भाजपा के कार्यकर्ता हैं इसलिए हम भाजपा की जीत चाहते हैं। सभी चाहते हैं कि नरेंद्र मोदी एक बार और प्रधानमंत्री बनें। गहलोत ने ट्विटर पर लिखा है कि राज्यपाल का पद संवैधानिक पद होता है और लोकतंत्र में यह उम्मीद की जाती है कि राज्यपाल दलीय राजनीति से उपर उठकर काम करेंगे। गहलोत के अनुसार यह वास्तव में दुर्भाग्यपूर्ण है कि राज्यपाल ने इस तरह का बयान दिया जो उनके पद की गरिमा के अनुकूल नहीं है। गहलोत ने यह भी लिखा है कि व्यक्तिगत रूप से हम कल्याण सिंह का बहुत आदर करते हैं कि क्योंकि वे केवल राज्य के राज्यपाल ही नहीं बल्कि वरिष्ठ नेता भी हैं।

एनएचआरडी का सरकार की योजनाओं पर सेमिनार का आयोजन 27 मार्च को

0

 

नईदिल्ली-

न्यू देहली इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट और एनएचआरडी के तत्वाधान में 27 मार्च को कांस्टीट्यूशन क्लब नईदिल्ली में सेमिनार का आयोजन किया है। जिसमें कई विषय होंगे खास तौर पर आज शिक्षा में कितनी बदलाव की जरूरत है। देश में आज प्रगतिशील शिक्षा की ओर बढ़ने की जरूरत है जिसके लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। न्यू देहली इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट के चेयरमैन वीएम बंसल ने बताया कि इस सेमिनार में खास तौर पर सरकार ने कई ऐसे कार्यक्रम चलाए हैं जिसमें मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, मुद्रा योजना जैसी कई योजनाएं हैं जिसका लाभ आज युवाओं को मिल रहा है। जिसे प्रचार प्रसार करने की जरूरत है। जिसपर चर्चा होगी। उन्होंने बताया कि इस मौंके पर सांसद डॉ विनय सहस्त्रबुधे संबोधित करेंगे। इस मौके पर डॉ आर बालासुब्रह्मण्यम फाउंडिर ग्राम यानी ग्रासरूट रिसर्च एडवोकेसी मूवमेंट,कांता सिंह स्टेट प्रोजेक्ट हेड यूएनडीपी, अशोक मुकर्जी, यूएन प्रतिनिधि, धनेश्वर मुले, सचिव ओवरसीज इंडियन अफेयर्स, डॉ दीपक वोहरा, डायरेक्टर इंडिया फाउंडेशन, अशोक बंसल सहित कई विशिष्ट गणमान्य अतिथि संबोधित करेंगे। इस खास मौके पर पुलवामा हमले और भारत पाक रिश्त सहति गैट और डब्ल्यू टी ओ नीति, क्लाइमेट बदलाव सहित विषय पर भी चर्चा होगी।