बेगूसराय में कन्हैया-गिरिराज आमने-सामने

0

पटना-

भाकपा ने बेगूसराय लोकसभा सीट से अपने उम्मीदवार के तौर पर कन्हैया कुमार के नाम की घोषणा की। भाकपा की ओर से जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष का नाम सामने आने के बाद अब इस सीट से केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंह और राजद उम्मीदवार के साथ उनका त्रिकोणीय मुकाबला होगा। पार्टी ने आरा और उजियारपुर लोकसभा सीटों से क्रमश: भाकपा (माले) लिबरेशन और माकपा को समर्थन करने का फैसला किया है।

भाकपा के राष्ट्रीय सचिव के. नारायण ने कहा, ‘हम पहले ही अपने उम्मीदवार के तौर पर कन्हैया कुमार के नाम की घोषणा कर चुके हैं। आज पार्टी का केंद्रीय सचिवालय ने इस पर अपनी सहमति दी और औपचारिक रूप से बेगूसराय से उनकी उम्मीदवारी की घोषणा की गयी। उनके सांसद बनने पर हमें कोई संदेह नहीं है।’

कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में पहुंचे राहुल समेत दिग्गज नेता, घोषणापत्र को दिया जा रहा अंतिम रूप

0

नयी दिल्ली-

कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक सोमवार को आरंभ हो गयी जिसमें लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी के घोषणापत्र को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है। पार्टी मुख्यालय में यह बैठक चल रही है। सीडब्ल्यूसी पार्टी की सर्वोच्च नीति निर्धारण इकाई है। सीडब्ल्यूसी की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के अलावा पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल, ए के एंटनी, गुलाम नबी आजाद, पी.चिदंबरम, मल्लिकार्जुन खड़गे आदि मौजूद हैं। इस बैठक में चुनावी घोषणापत्र को अंतिम रूप दिया जा सकता है। लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी का घोषणापत्र पी चिदंबरम की अध्यक्षता वाली एक समिति ने तैयार किया है।

देश के पहले लोकपाल के तौर पर जस्टिस पिनाकी चंद्र घोष ने ली शपथ

0

नई दिल्ली
सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज जस्टिस पिनाकी चंद्र घोष ने देश के पहले लोकपाल के तौर पर शपथ ले ली। आम चुनावों से ठीक पहले लोकपाल की नियुक्ति को लेकर काफी राजनीतिक विवाद भी हुआ। जस्टिस घोष को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने देश के पहले लोकपाल के तौर पर शपथ दिलाई। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी भी मौजूद थे।
हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस और सुप्रीम कोर्ट के जज रह चुके हैं। जस्टिस घोष वर्तमान में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य भी हैं और मानवाधिकार कानूनों के जानकार के तौर पर उन्हें माना जाता है।जस्टिस पी. सी. घोष को लोकपाल नियुक्त करने के साथ न्यायिक सदस्यों के तौर पर जस्टिस दिलीप बी. भोंसले, जस्टिस प्रदीप कुमार मोहंती, जस्टिस अभिलाषा कुमारी, जस्टिस अजय कुमार त्रिपाठी होंगे। न्यायिक सदस्यों के साथ ही कमिटी में 4 अन्य सदस्यों के तौर पर दिनेश कुमार जैन, अर्चना रामसुंदरम, महेंद्र सिंह और डॉक्टर इंद्रजीत प्रसाद गौतम भी शामिल किए गए हैं।

भाजपा ने जारी की 36 उम्मीदवारों की दूसरी सूची, पुरी से चुनाव लड़ेंगे संबित पात्रा

0

नयी दिल्ली-

भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए अपने 36 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की। इस सूची में आंध्र प्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिए 23 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं जहां 11 अप्रैल को पहले चरण में मतदान होगा। सूची में महाराष्ट्र के लिए छह और ओडिशा के लिए पांच उम्मीदवारों के नाम भी शमिल हैं।
इसके अलावा सूची में असम और मेघालय की लोकसभा सीटों के लिए एक-एक उम्मीदवार की घोषणा की गई। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सम्बित पात्रा ओडिशा के पुरी संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से आम चुनाव लड़ेंगे।

बिहार राजग के उम्मीदवारों का ऐलान, शत्रुघ्न का टिकट कटा, गिरिराज की बदली सीट

0

राजग ने बिहार की सभी 40 लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। प्रदेश भाजपा कार्यालय में सुबह 11.30 बजे एनडीए के वरिष्ठ नेताओं ने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। इस बार शत्रुघ्न सिन्हा और शाहनवाज हुसैन को झटका लगा है। पटना साहिब से शत्रुघ्न सिन्हा का टिकट काट दिया गया है। केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद पटना साहिब से भाजपा के उम्मीदवार घोषित किया है। वहीं केैबिनेट मंत्री गिरिराज सिंह की सीट में बदलाव किया है। गिरिराज सिंह को नवादा की जगह बेगूसराय से टिकट दिया गया हैं।
नालंदा से जेडीयू के कौशलेंद्र कुमार को टिकट दिया गया है। पूर्वी चंपारण से भाजपा से राधा मोहन सिंह को टिकट मिला है। पंश्चिमी चंपारण से भाजपा के संजय जायसवाल को टिकट दिया गया है।
गौरतलब है कि 2014 के लोकसभा चुनाव में मोदी लहर में भाजपा ने बिहार की चालीस सीटों में से 22 सीटें जीती थीं। रामविलास पासवान और उपेन्द्र कुशवाहा की पार्टी को मिलाकर एनडीए ने 31 सीटों पर कब्ज़ा किया था लेकिन इस साल समीकरण बदल गया है।

नहीं लड़ूंगी लोकसभा का चुनाव-मायावती

0

लखनऊ
बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की अध्यक्ष मायावती ने बड़ा ऐलान किया है। लखनऊ में एक पत्रकार वार्ता दौरान मायावती ने कहा कि वह इस बार का लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगी। माया ने बीजेपी पर इस दौरान निशाना भी साधा। बीएसपी सुप्रीमो ने कहा, ‘मैं जब चाहूं लोकसभा का चुनाव जीत सकती हूं। हमारा गठबंधन बेहतर स्थिति में है। मैं लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ूंगी। आगे जरूरत पड़ने पर किसी भी सीट से चुनाव लड़ सकती हूं।’ इससे पहले मायावती के नगीना लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की चर्चा थी। मायावती ने इस दौरान कहा कि मौजूदा हालात के अलावा पार्टी और जनहित को देखते हुए उन्होंने चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है। माया ने कहा, ‘आगे जहां से चाहूं सीट खाली कराकर चुनाव लड़कर संसद जा सकती हूं। मेरे चुनाव लड़ने पर कार्यकर्ता मना करने के बावजूद मेरी लोकसभा सीट पर प्रचार करने जाएंगे, इससे बाकी सीटों पर चुनाव प्रभावित होगा। मैंने इसी वजह से यह फैसला लिया है।’

फ्लोर टेस्ट में बहुमत साबित किया प्रमोद सावंत ने

0

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने सदन में बहुमत साबित कर दिया है। फिलहाल सदन की संख्या 36 है, जिसमें से बहुमत के लिए सरकार को 19 विधायकों का साथ चाहिए था। फ्लोर टेस्ट के दौरान सरकार को 20 विधायकों का समर्थन मिला, जबकि 15 विधायकों ने विपक्ष में वोट किया। इस तरह पांच वोटों के अंतर से प्रमोद सावंत की सरकार ने विश्वास मत हासिल कर लिया है।

फ्लोर टेस्ट के दौरान सावंत सरकार को बीजेपी के 11, महाराष्ट्रवादी गोमंतक पार्टी के 3, गोवा फॉरवर्ड पार्टी के 3 और अन्य 3 निर्दलियों का समर्थन मिला। कांग्रेस के 14 और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के 1 विधायक ने विरोध में वोट किया। बता दें कि बीजेपी के कुल 12 विधायकों में से 7 विधायक अल्पसंख्यक समुदाय के हैं। मनोहर पर्रिकर के निधन के बाद सियासी रस्साकशी के बीच प्रमोद सावंत ने 11 मंत्रियों के साथ सोमवार को देर रात 2 बजे शपथ ली थी।

जाने, कौन हैं पीसी घोष

0

देश में लोकपाल की नियुक्ति हो गई है। भ्रष्टाचार पर निगाह रखने वाली सर्वोच्च संस्था लोकपाल का गठन हो गया है। उच्चतम न्यायालय के सेवानिवृत न्यायाधीश पिनाकी चंद्र घोष को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने देश का पहला लोकपाल नियुक्त कर दिया है। जस्टिस पिनाकी चंद्र घोष के पिता भी जज थे। इनके पिता का नाम जस्टिस शंभु चंद्र घोष है। 1952 में जन्मे जस्टिस पिनाकी चंद्र घोष ने अपनी कानून की पढ़ाई कोलकात्ता से की है। 1997 में पीसी घोष कोलकात्ता हाईकोर्ट में जज बने। पीसी घोष दिसंबर 2012 में आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बने। इस पद पर रहते हुए जस्टिस पीसी घोष ने एआईएडीएमके की पूर्व सचिव शशिकला को भ्रष्टाचार के एक मामले में सजा सुनाई। इसके बाद 8 मार्च 2013 में उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश के तौर पर उनकी पदोन्नति हुई। जस्टिस पीसी घोष 27 मई 2017 को उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश पद से रिटायर हुए। जस्टिस घोष ने अपने उच्चतम न्यायालय के कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण फैसले सुनाए। इनके जजमेंट खास तौर पर मानवाधिकार का पक्ष काफी महत्वपूर्ण होता था। उच्चतम न्यायालय के बतौर जज इन्होंने जस्टिस राधाकृष्णन की बेंच में उन्होंने फैसला सुनाया था कि जल्लीकट्टू और बेलगाड़ी दौड़ की प्रथाएं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम का उल्लंघन है। जस्टिस आरएफ नरीमन के साथ उन्होंने बाबरी मस्जिद विध्वंस मामले में शामिल भाजपा नेताओं लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, उमा भारती, कल्याण सिंह और अन्य के खिलाफ आपधारिक साजिश के आरोप तय करने के लिए ट्रायल कोर्ट को निर्देश दिए थे। कोलकात्ता हाई कोर्ट के सिटिंग जज सीएस कर्न को अवमानना नोटिस जारी किया था। जस्टिस पीसी घोष ने पड़ोसी राज्यों से जल बंटवारा समझौता रद्द करने वाले पंजाब के कानून 2004 को असंवैधानिक ठहराया। उन्होंने अपने एक महत्वपूर्ण फैसले में बिहार के बाहुबली नेता मु. शहाबुद्दीन की जमानत रद्द कर जेल भेजा। चुनाव सुधार पर उन्होंने कई महत्वपूर्ण फैसले सुनाए। जिसमें सरकारी विज्ञापनों में नेताओं के फोटो छापने पर रोक का आदेश महत्वपूर्ण है। जस्टिस घोष उच्चतम न्यायालय से सेवानिवृत होने के बाद 29 जून 2017 से मानवाधिकार आयोग से जुड़ हुए हैं।

ऑल्ट बालाजी की आने वाली वेब सीरीज़ में फिर दिखाई देंगी अन्वेशी जैन

0

एएलटी बालाजी का ‘गंदी बात 2’, अन्वेशी जैन के करियर के लिए एक नया मोड़ साबित हुआ है, जो उन्हें नई ऊंचाइयों पर ले गया। वेब सीरीज़ में उनके बोल्ड अवतार ने न केवल वाहवाही बटोरी बल्कि उन्होंने सबसे ज्यादा गूगल किया गया नाम भी बनाया। दूर-दूर तक फैले हुए उनके प्रभाव, लोकप्रियता और प्रतिभा के कारण, एएलटी बालाजी ने उन्हें आगे आने वाले नए प्रोजेक्ट ‘बॉस-बाप’ ऑफ स्पेशल सर्विसिज़’। इस बात की पुष्टि, खुद इस शो के बारे में अधिक बात करने से मना करने वाली अभिनेत्री अन्वेशी जैन ने की है|

ALI Office Bearer File

अन्वेशी ने कहा, “एएलटी बालाजी के साथ मेरा यह दूसरा जुड़ाव है और मैं “बॉस-बाप’ ऑफ स्पेशल सर्विसिज़” का हिस्सा बनकर बहुत उत्साहित हूं।”, यह वेब सीरीज एक्शन, ड्रामा, मिस्ट्री, रोमांस और थ्रिलर का एक अद्भुत पैकेज है। मैं इस वेब सीरीज़ में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा हूं। हालांकि मैं अभी अपने रोल या इस वेब सीरीज़ के बारे में कोई जानकारी नहीं दे लेकिन हाँ, मैं दर्शकों को आश्वस्त कर सकती हूं कि “यह आपके इंतजार के लायक है ”

करण सिंह ग्रोवर और सागरिका घाटगे इस सीरीज़ में मुख्य किरदार निभाएंगे। साथ ही सोनाली राउत, अयाज़ खान, और कनिका महेश्वरी भी इस में महत्वपूर्ण भूमिका में दिखाई देंगी।

अन्वेशी ने हमेशा से ही बाधाओं से लड़ने और कुछ नया कर के दर्शकों को आश्चर्यचकित करने की कोशिश की है। यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाली वेब सीरीज़ में वह क्या नया लाती है।

वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव में टूटे 9 शीशे, वाराणसी में मुकदमा दर्ज

0

वाराणसी
नई दिल्ली से चलकर वाराणसी आने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस पर शरारती तत्वों ने कानपुर जिले के सरसौल स्टेशन के पास पथराव किया था। इस पथराव के चलते नौ शीशे टूटने के साथ ही दो यात्रियों को चोटें भी आईं थीं। इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। बता दें कि जब से वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत हुई है, तब से अभी तक कई बार इस टेन को नुकसान पहुंचाया गया है।
वंदे भारत एक्सप्रेस जब वाराणसी पहुंची तो इस घटना की प्राथमिकी अज्ञात शरारती तत्वों के खिलाफ राजकीय रेलवे पुलिस कैंट स्टेशन पर दर्ज कराई गई। वंदे भारत एक्सप्रेस पर इसके पहले भदोही जिले के सुरियांवा स्टेशन के पास शरारती तत्वों ने पथराव किया था। इस पथराव में भी ट्रेन के कई शीशे टूट गए थे। इससे पहले भी वंदे भारत ट्रेन पर हमला किया जा चुका है। बीते साल दिसंबर में दिल्ली से आगरा के बीच जब इस ट्रेन का ट्रायल हो रहा था, उस दौरान भी इस पर पत्‍थर फेंके गए थे। फरवरी की शुरुआत में भी वाराणसी से नई दिल्ली जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस एक अन्य ट्रेन पर हो रहे पथराव की चपेट में आ गई थी। इससे उसके ड्राइवर की मुख्य खिड़की सहित कुछ अन्य खिड़कियों को नुकसान पहुंचा था।