प्रमोद सावंत बने गोवा के नए मुख्यमंत्री, आधी रात को ली शपथ

0

पणजी-
भाजपा नेता प्रमोद सावंत ने सोमवार रात लगभग 1.50 बजे गोवा के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। राज्यपाल मृदुला सिन्हा ने प्रमोद सावंत को राज भवन के दरबार हॉल में एक सादे समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। सावंत ने मनोहर पर्रिकर का स्थान लिया है जिनका रविवार को निधन हो गया था। आज शाम पर्रिकर का पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। 46 वर्षीय प्रमोद सावंत 2012 में पहली बार विधायक बने थे। सावंत 2017 में दोबारा विधायक चुने गये थे। आरएसएस के स्वयंसेवक और स्वर्गीय मनोहर पर्रिकर के करीबी रहे सावंत पेशे से आयुर्वेदिक डॉक्टर हैं।

प्रमोद सावंत मुख्यमंत्री बनने से पहले तक गोवा विधानसभा के अध्यक्ष थे। गठबंधन सहयोगियों के साथ सत्ता साझीदारी के समझौते के तहत इस तटीय राज्य में भाजपा का समर्थन कर रहे दो छोटे दलों के एक-एक विधायक को उप मुख्यमंत्री बनाया गया। इनमें गोवा फॉर्वर्ड पार्टी के प्रमुख विजय सरदेसाई और महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी के विधायक सुदिन धावलिकर शामिल हैं। दस विधायकों ने भी मंत्रियों के रूप मे शपथ ली।

गोवा में भाजपा और सहयोगी दलों के विधायकों के साथ पार्टी के राज्य प्रभारी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कई दौर की बातचीत की। बातचीत में कुछ देर के लिए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी शामिल हुए। शपथ ग्रहण का समय पहले रात्रि 11 बजे बताया गया था लेकिन देर रात 12 बजे जब विधायकों के साथ चल रही बैठक खत्म हुई तब केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने संवाददाताओं को बताया कि हमने नेता तय कर लिया है और भाजपा विधायक दल के पत्र तथा सहयोगी दलों के पत्र के साथ राज्यपाल मृदुला सिन्हा के पास मिलने के लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेतृत्व वाले गठबंधन के पास राज्य विधानसभा में पूर्ण बहुमत है।
चूँकि राजभवन को इस बारे में पहले ही सूचना दे दी गयी थी कि शपथ ग्रहण देर रात्रि को होगा इसीलिए वहां इससे संबंधित तैयारियां हो चुकी थीं और रात्रि 12.30 बजे सावंत ने बतौर मुख्यमंत्री शपथ ली। प्रमोद सावंत मनोहर पर्रिकर के उत्तराधिकारी जरूर बन गये हैं लेकिन उन पर यह बड़ी जिम्मेदारी होगी कि गोवा के लिए पर्रिकर के अधूरे सपनों को पूरा कर पायें। गोवा के अगले मुख्यमंत्री के तौर पर नामित किए गए प्रमोद सावंत ने कहा कि भाजपा ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी है। उन्होंने कहा कि उन्हें राजनीति में लाने वाले पर्रिकर ही थे और आज वह जो कुछ हैं मनोहर पर्रिकर की वजह से ही हैं।

अप्रवासी भारतीय का प्रधानमंत्री के लिए नरेंद्र मोदी का जबरदस्त समर्थन

0

नईदिल्ली-

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में अप्रवासी भारतीय भी लगातार अभियान चला रहे हैं। भाजपा यूनिट ऑफ ह्यूस्टन टेक्सास,अमेरिका प्रमुखअचलेश अमर और गोपाल अग्रवाल ने अप्रवासी भारतीय के समर्थन में अपना कैंपेन चला रखा है। अचलेश अमर ने अप्रवासी भारतीयों से अपील की है कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है जिसकी मिसाल पूरे विश्व में दी जाती है। भारत का चुनाव एक महापर्व है इससे कोई भी भारतीय अछूता नहीं है। ऐसे में अप्रवासी भारतीय भी वोट देने को ललायित हैं। और अपने अधिकार का पूर्ण उपयोग करना चाहते हैं। अचलेश अमर ने कहा कि एनआरआई से अपील है कि वे अपना मत का इस्तेमाल अवश्य करें। मतदान के लिए एंबेसी में प्रवाधान किया जाता है। भाजपा यूनिट ऑफ ह्यूस्टन टेक्सास के इस कैंपेन में गगन बत्रा, गितेश देसाई, विजय पैलोड, कविता तिवारी, गोपाल अग्रवाल, मीरा कपूर, संगीता दुआ, राज शाह, भगवान भूतादा,उमंग मेहता।

एनआरआई टीम का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो विकास की धारा बहाई उसे और तेज करने के लिए उनको समर्थन है। खास तौर पर अप्रवासी भारतीयों के लिए जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्य किया है वह आज तक विगत सत्तर वर्षों में नहीं हो सका था। नरेंद्र मोदी ने कई ऐसे प्रावाधान किए जिससे आज अप्रवासी भारतीयों को सुविधाएं हासिल हुई हैं। अप्रवासी भारतीय की टीम ने नरेंद्र मोदी के समर्थन में कैंपेन में जुड़ने के लिए लगातार अभियान चला रखी है जिसमें अब तक लाखों अप्रवासी भारतीयों ने समर्थन दिया है।

 

मनोहर पर्रिकर के निधन के बाद गोवा में सियासी हलचल तेज

0

 

गोवा के सीएम मनोहर पर्रिकर के निधन के बाद बीजेपी ने राज्य में नए सीएम की तलाश तेज कर दी है। पार्टी के वरिष्ठ नेता नितिन गडकरी रविवार देर रात पणजी में 6 घंटे से ज्यादा विधायकों संग बैठक की है। हालांकि अभी तक सीएम के नाम पर सहमति नहीं बन पाई है। इस बीच, कांग्रेस ने भी राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। दो विधायकों सीएम पर्रिकर और फ्रांसिस डिसूजा के निधन तथा दो विधायकों के इस्तीफे के बाद राज्य की 40 सदस्यीय विधानसभा में मौजूदा संख्या बल 36 ही रह गया है।
गोवा विधानसभा में सीटों का गणित…

बीजेपी-12

महाराष्ट्र गोमंतक पार्टी-3

गोवा फॉरवर्ड पार्टी-3

निर्दलीय-3

कांग्रेस-14

एनसीपी-1

कुल-36

बहुमत का आंकड़ा-19

-चार सीटें खाली

गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर का निधन, शाम 5 बजे होगा अंतिम संस्कार

0

पणजी-
गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर का रविवार को उनके निजी आवास पर निधन हो गया। वह 63 वर्ष के थे। उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ सोमवार को शाम में किया जाएगा। चार बार के मुख्यमंत्री और पूर्व रक्षा मंत्री पर्रिकर फरवरी 2018 से ही अग्नाशय के कैंसर से जूझ रहे थे। हालांकि आधिकारिक तौर पर बताया गया था कि वह अग्नाशय संबंधी बीमारी से पीड़ित हैं। पिछले एक साल से बीमार चल रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता का स्वास्थ्य दो दिन पहले बहुत बिगड़ गया था। पूर्व रक्षा मंत्री पर्रिकर शनिवार देर रात से ही जीवनरक्षक प्रणाली पर थे। राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री का निधन रविवार शाम छह बजकर चालीस मिनट पर हुआ। पर्रिकर के परिवार में दो पुत्र और उनका परिवार है। उनकी पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है। भाजपा के एक प्रवक्ता ने बताया कि पर्रिकर का पार्थिव शरीर सोमवार को सुबह साढ़े नौ से साढ़े दस बजे तक भाजपा मुख्यालय में रखा जाएगा। उसके बाद पार्थिव शरीर को कला अकादमी ले जाया जाएगा। उन्होंने बताया कि लोग सुबह 11 बजे से लेकर शाम चार बजे तक कला अकादमी में पर्रिकर के अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि दे सकेंगे। पर्रिकर की अंतिम यात्रा शाम चार बजे शुरू होगी। उनकी अंतिम संस्कार शाम करीब पांच बजे मिरामर में किया जाएगा। केंद्र सरकार ने उनके निधन पर सोमवार को राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। इस दौरान राष्ट्रीय राजधानी, केंद्र शासित प्रदेशों और राज्य की राजधानियों में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। पर्रिकर को श्रद्धांजलि देने के लिए सोमवार सुबह 10 बजे केंद्रीय मंत्रिमंडल की विशेष बैठक होगी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के तौर पर शुरूआत कर गोवा के मुख्यमंत्री और देश के रक्षा मंत्री बनने वाले पर्रिकर की छवि हमेशा ही बहुत सरल और सामान्य व्यक्ति की रही। वह सर्वस्वीकार्य नेता थे। ना सिर्फ भाजपा बल्कि दूसरे दलों के लोग भी उनका मान-सम्मान करते थे। उन्होंने गोवा में भाजपा को मजबूत आधार प्रदान किया। लंबे समय तक कांग्रेस का गढ़ रहने वाले गोवा में क्षेत्रीय संगठनों की पकड़ के बावजूद भाजपा उनके कारण मजबूत हुई। मध्यमवर्गिय परिवार में 13 दिसंबर, 1955 में जन्मे पर्रिकर ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के रूप में करियर शुरू किया। यहां तक कि आईआईटी बंबई से स्नातक करने के बाद भी वह संघ से जुड़े रहे।

मैं कांग्रेस से चुनाव लडूंगीः अलका लांबा

0

आम आदमी पार्टी (आप) की असंतुष्ट विधायक अलका लांबा ने कहा है कि अगर कांग्रेस पार्टी में शामिल होने के लिए उनसे संपर्क किया जाता है तो वह प्रस्ताव पर विचार करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी कुछ दिनों में दिल्ली में कांग्रेस और आप के बीच गठबंधन की संभावना है।

अलका ने कहा, ‘‘यह समय भाजपा के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन में शामिल होने का है और अगर कांग्रेस मुझसे संपर्क करती है तो मैं प्रस्ताव पर विचार करूंगी और इससे इंकार नहीं करूंगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं दो दशक तक कांग्रेस में रही हूं। कांग्रेस अच्छा कर रही है और यह समय भाजपा के खिलाफ आंदोलन में शामिल होने का है।’’

न्यूजीलैंड गोलीबारी में ‘भारतीय मूल के 9 लोग लापता, 2 घायल’

0

वेलिंगटन-
न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च की दो मस्जिदों में हुई गोलीबारी के बाद भारतीय नागरिकता वाले या भारतीय मूल के कम से कम नौ लोगों के लापता होने की खबरें हैं। गोलीबारी की इन घटनाओं में 49 लोग मारे गए हैं। अपुष्ट खबरों के मुताबिक, इस गोलीबारी में दो भारतीयों के घायल होने की भी खबर है।

अधिकारियों ने बताया कि किसी भी प्रकार की सहायता और जानकारी के लिए न्यूजीलैंड में भारतीय उच्चायोग ने 24×7 हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। ये हेल्पलाइन नंबर 021803899 और 021850033 हैं। हमले में घायल हुए भारतीयों के परिवारवालों को न्यू जीलैंड के वीजा भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। आपको बता दें कि न्यूजीलैंड में तकरीबन दो लाख भारतीय और भारतीय मूल के लोग रहते हैं। भारतीय उच्चायोग के आंकड़ों के अनुसार इस देश में 30 हजार से अधिक भारतीय छात्र हैं।

भारतीय उच्चायुक्त संजीव कोहली ने ट्वीट किया, ‘कई सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, भारतीय नागरिकता/भारतीय मूल के नौ लोग लापता हैं। आधिकारिक पुष्टि का अभी भी इंतजार किया जा रहा है। मानवता के खिलाफ भारी अपराध। उनके परिवारों के लिए हमारी प्रार्थना।’ उन्होंने कहा, ‘क्राइस्टचर्च के उस समुदाय के सदस्यों के प्रति मेरी गहरी कृतज्ञता, जो आज के भयावह हमले के पीड़ितों के बारे में हमारे लिए जानकारी जुटाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। इस समर्पण और एकजुटता से बेहतर कोई दूसरा उदाहरण नहीं हो सकता।’

नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे चंद्रशेखर

0

काशी-
उत्तर प्रदेश की हाई प्रोफाइल सीटों में से एक वाराणसी सीट से इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ भीम आर्मी प्रमुख एवं दलित नेता चंद्रशेखर उर्फ रावण ने चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। रावण ने बीते दिनों कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा था कि वह 79 सीटों पर महागठबंधन का समर्थन करेंगे और एक सीट पर अपना उम्मीदवार उतारेंगे। जिसके बाद से अलग-अलग नामों पर कयास लगाए जाने लगे लेकिन रावण द्वारा ऐलान किए जाने के बाद यह साफ हो गया कि वहीं भीम आर्मी की तरफ से लोकसभा चुनावों के इकलौते उम्मीदवार हैं। माना जा रहा है कि कांग्रेस रावण को अपना समर्थन देगी।

गौरतलब है कि साल 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में काशी संसदीय क्षेत्र से प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल उतरे थे और इस चुनाव में मोदी को 56 फीसदी जबकि केजरीवाल को 20 फीसदी वोट मिले थे और बाकी के वोट अन्य के खातों में नए थे। लगभग 28 लाख वोटरों वाली काशी संसदीय क्षेत्र में 80 हजार के आस-पास दलित वोटर्स हैं, जिसके दम पर चंद्रशेखर मैदान में उतरेंगे। हालांकि, 79 सीटों पर गठबंधन के साथ शामिल होने का मतलब है कि अनौपचारिक तौर पर वह सपा, बसपा और आरएलडी के साथ है लेकिन सपा और बसपा के संयुक्त गठबंधन में यह सीट सपा के पास है, जिस पर उम्मीदवार का नाम तय हो चुका है।
ऐसे में चंद्रशेखर को मुस्लिम और यादव वोट बैंक तो मिलने से रहा फिर भी उनका 80 हजार दलितों के दम पर नरेंद्र मोदी के खिलाफ उतरना कितना सही रहेगा यह तो 23 मई को सामने आने वाले नतीजों से पता चलेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि चंद्रशेखर वाराणसी से चुनाव लड़कर लाइमलाइट में आना चाहते हैं और भविष्य में खुद को केंद्रीय राजनीति में सक्रिय करने के तहत ये कदम उठाना चाह रहे हैं। उनको पता है कि वाराणसी से चुनाव लड़ने पर मीडिया उनको अच्छी खासी कवरेज देगी।

आप और कांग्रेस में गठबंधन तय, लक्ष्य भाजपा को हराना

0

लोकसभा चुनाव से पहले दिल्ली में केजरीवाल को बड़ी राहत मिलती दिख रही है। पिछले कई दिनों से केजरीवाल की चाहत कांग्रेस के साथ गठबंधन की थी जो अब पूरी होती दिख रही है। दिल्ली के कांग्रेस प्रभारी पीसी चाको ने कहा है कि भाजपा को हराने के लिए आप के साथ दिल्ली में गठबंधन जरूरी है। उन्होंने कहा कि मेरा अपना मानना है कि दिल्ली में दोनों पार्टियों का गठबंधन होना चाहिए। पीसी चाको ने कहा कि अगले 1 या 2 दिन में आप के साथ गठबंधन पर फैसला ले लिया जाएगा।
एक ओर जहां दिल्ली कांग्रेस प्रभारी पीसी चाको के नेतृत्व से कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं से कॉल कर यह पूछ रही थी कि क्या वह आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन चाहते हैं या नहीं। वहीं दिल्ली की प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित ने कहा था कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह का सर्वे मुझसे पूछे बगैर कैसे किया जा सकता है?
शाम होते-होते आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की राय लेने के संदर्भ में प्रभारी पीसी चाको की आवाज वाला ऑडियो वायरल होने के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अजय माकन ने कहा कि राहुल गांधी के आदेश पर यह सर्वेक्षण हो रहा है। दूसरी तरफ, पूर्व मुख्यमंत्री और दिल्ली कांग्रेस की अध्यक्ष शीला दीक्षित निरंतर इस रुख पर कायम हैं कि दिल्ली में आप के साथ तालमेल नहीं होगा।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी उम्मीदवारों की सूची जारी, सुप्रिया सुले को बारामती से टिकट

0

मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले का नाम अगले महीने होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी द्वारा गुरुवार को जारी 12 उम्मीदवारों की पहली सूची में शामिल है। हालांकि, इस सूची में पवार के पौत्र पार्थ पवार का नाम शामिल नहीं है क्योंकि इसमें मावल सीट का भी जिक्र नहीं है जहां से इस युवा नेता को चुनावी मैदान में उतारे जाने की संभावना है।

सुले को पवार परिवार का गढ़ माने जाने वाले बारामती से ही फिर से उम्मीदवार बनाया गया है। वह निवर्तमान लोकसभा में भी इसी सीट का प्रतिनिधित्व करती हैं। सूची में प्रमुख नामों में पूर्व सिंचाई मंत्री रायगढ़ से सुनील तटकरे, पूर्व राज्य मंत्री जलगांव से गुलाबराव देवकर, सतारा से उदयनराजे भोसले, कोल्हापुर से धनंजय महाडिक, (पूर्वोत्तर मुंबई) से संजय दीना पाटिल और ठाणे से आनंद परांजपे के नाम शामिल हैं। सूची में शामिल अन्य लोगों में बुल्ढाणा से राजेंद्र शिंगणे, परभणी से राजेश वितेकर और कल्याण सीट से बाबाजी बलराम पाटिल हैं।

राकांपा ने हातकणंगले सीट स्वाभिमानी शेतकारी संगठन के प्रमुख राजू शेट्टी के लिए छोड़ी है। पवार नीत पार्टी ने लक्षद्वीप से मोहम्मद फैजल को उतारा है। पार्टी ने अब तक विवादास्पद अहमदनगर एवं माढा सीट से किसी उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। पवार के माढा सीट से लड़ने की संभावना थी लेकिन उन्होंने हाल ही में इससे इनकार किया था।

मुंबई में शिवाजी स्टेशन के पास गिरा फुट ओवर ब्रिज, 6 की मौत, एफआईआर दर्ज

0

मुंबई
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में गुरुवार शाम छत्रपति शिवाजी टर्मिनस स्टेशन के पास एक बड़ा हादसा हुआ है। शुरुआती जानकारी के अनुसार मुंबई के सीएसटी स्टेशन पर एक फुट ओवर ब्रिज गिरने के कारण 6 लोगों की मौत हुई है। वहीं इस घटना में 32 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद महाराष्ट्र सरकार ने इसकी उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। मामले में आजाद मैदान पुलिस स्टेशन में आईपीसी धारा 304 ए (लापरवाही से मौत) के तहत मध्य रेलवे और बीएमसी के संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
गौरतलब है कि हादसा गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे हुआ। जिस वक्त यह घटना हुई पीक आवर होने के कारण पुल के नीचे बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। हादसे के बाद ब्रिज के मलबे में कई लोग दब गए और यहां मौजूद कुछ वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए। दूसरी ओर मौके पर पहुंची एनडीआरएफ, रेलवे और मुंबई पुलिस की टीमों ने तत्काल घायलों को सेंट जॉर्ज हॉस्पिटल और गोकुलदास तेजपाल अस्पताल में पहुंचाया। यहां इलाज शुरू कराने के बाद 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 32 से अधिक लोगों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

पुलिस द्वारा जारी लिस्ट के अनुसार हादसे में अपूर्वा प्रभु, रंजना तांबे, जाहिद शिराज खान, मोहन भक्ति शिंदे और तपेंद्र सिंह नाम के छह लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा 32 अन्य लोग घायल हैं, जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। महाराष्ट्र सरकार की ओर से सीएम देवेंद्र फडणवीस ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।