स्ट्राइक को लेकर राजनाथ का बड़ा खुलासा, सीमा पार जाकर सेना ने किए हैं 3 स्ट्राइक

0

बेंगलुरू-
केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कर्नाटक के मंगलुरू में एक जनसभा को संबोधित करते हुए भारत की ओर से पाकिस्तान में किए गए एयर स्ट्राइक के बारे में नई जानकारी दी। उन्होंने एक चौंका देने वाला खुलासा करते हुए कहा कि पिछले पांच सालों में सेना ने सीमा के पार जाकर तीन स्ट्राइक की हैं। जब उरी में हमारे जवानों की हत्या हुई थी तो भारतीय सेना ने पाक अधिकृत कश्मीर में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक किया था। यह तो आप लोगों को पता ही है।

इसी के साथ बीजेपी नेता ने कहा कि दूसरा स्ट्राइक अभी हाल ही में हुआ था, लेकिन मैं आपको तीसरे स्ट्राइक की जानकारी नहीं दूंगा। उल्लेखनीय है कि 14 फरवरी को पुलवामा में जैश-ए-मोहम्मद द्वारा सीआरपीएफ के जवानों को निशाना बनाए जाने के बाद भारतीय वायुसेना ने बालाकोट में घुसकर एयर स्ट्राइक किया। जिसमें जैश-ए-मोहम्मद के बंकर नेस्तनाबूत हो गए। अधिकृत कश्मीर में किए गए एयर स्ट्राइक में 250 से 300 आतंकी ख़ाक हुए थे।

अल्पेश ठाकोर थाम सकते हैं बीजेपी का दामन

0

नई दिल्ली-

कांग्रेस के ओबीसी विधायक अल्पेश ठाकोर किसी भी समय इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होंगे. कांग्रेस के दो विधायक पार्टी से इस्तीफा दे चुके हैं और उनमें से एक सत्ताधारी पार्टी में शामिल हो गया. अल्पेश 2017 के विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस में शामिल हुए थे और हार्दिक पटेल और जिग्नेश मेवानी की युवा तिकड़ी का हिस्सा हैं. उनके कदम को लेकर कोई स्पष्टता नहीं है, जबकि चर्चा यह है कि भाजपा उन्हें मंत्री पद या लोकसभा का टिकट दे सकती है.

यह भी कयास है कि उन्हें मंत्री बनाया जाएगा और उनकी पत्नी को लोकसभा टिकट दिया जा सकता है. कांग्रेस प्रवक्ता अशोक पंजाबी ने कहा, “अल्पेश कहीं नहीं जा रहे हैं और कांग्रेस में ही रहेंगे. उनकी आज राहुल जी से और हमारे केंद्रीय नेतृत्व के साथ एक शानदार बैठक हुई है. वह शनिवार को संवाददाता सम्मेलन में सबकुछ स्पष्ट करेंगे.” कई कोशिशों के बावजूद ठाकोर से संपर्क नहीं हो सका. इस बीच कांग्रेस सूत्रों ने कहा कि अल्पेश लोकसभा टिकट मांग रहे हैं, लेकिन कांग्रेस नेतृत्व ने कोई वादा नहीं किया है. उन्होंने शुक्रवार को वरिष्ठ नेता अहमद पटेल से नई दिल्ली में शुक्रवार को मुलाकात की, लेकिन बैठक में क्या हुआ, उसके बारे में जानकारी नहीं है. हालांकि वह पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी से भी मिलने वाले थे.

छुट्टी पर घर आए सेना के जवान का आतंकियों ने किया अपहरण

0

श्रीनगर-

मध्य कश्मीर के बडगाम जिले से सेना का एक जवान शुक्रवार शाम को लापता हो गया है. पुलिस को संदेह है कि किसी आतंकवादी संगठन ने उसका अपहरण किया होगा.अधिकारियों ने बताया कि जम्मू कश्मीर लाइट इंफैन्ट्री रेजीमेंट में तैनात मोहम्मद यासीन के परिवार ने पुलिस को सूचना दी कि कुछ लोग काजीपुरा चदूरा में उनके घर आए और यासीन को ले गए. यासीन छुट्टी पर घर आया था. सेना के जवान का पता लगाने की कोशिशें की जा रही है.
अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि मोहम्मद यासिन को अगवा करने के पीछे किस आतंकी संगठन और आतंकवादियों का हाथ है. यह घटना ऐसे मौके पर हुई है जब घाटी में तनाव अपने चरम पर है और चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था की तैनाती की गई है. आए दिन सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ की जानकारी सामने आ रही है और सेना ने मिशन ऑल आउट को लेकर काफी हद तक कामयाबी भी हासिल कर ली है. सेना के हौसलों से घबराए आतंकी कायराना हरकत कर रहे हैं.
यह पहला मौका नहीं है जब छुट्टी पर घर आया सेना का जवान अगवा कर लिया गया हो. इससे पहले आतंकवादियों ने सेना के जवान औरंगजेब को घर से अगवा कर लिया था. औरंगजेब भी छुट्टियां बिताने अपने घर आए हुए थे. बाद में आतंकियों ने उनकी हत्या कर दी थी. साल 2017 में भी सेना के लेफ्टिनेंट उमर फैयाज का अपहरण हो गया था और हत्या कर दी गई थी. लेफ्टिनेंट भी छुट्टियां बिताने घर आए हुए थे.

ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 32 रन से हराया, विराट कोहली का धुंआधार शतक गया बेकार

0

तीसरे एकदिवसीय मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 32 रन से हरा दिया ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 313 रन बनाए, जवाब में भारतीय टीम कप्तान विराट कोहली के शानदार 123 रनों के बावजूद 48.2 ओवर में 281 रन ही बना पाई। उस्मान ख्वाजा को उनके 104 रनों की पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

इससे पहले भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया लेकिन उनका ये फैसला पूरी तरह गलत साबित हुआ। आरोन फिंच और उस्मान ख्वाजा की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 193 रनों की जबरदस्त साझेदारी की। आरोन फिंच ने 93 रनों की शानदार पारी खेली। उन्हें कुलदीप यादव ने आउट किया। इसके बाद 239 के स्कोर पर उस्मान ख्वाजा भी 104 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद ग्लेन मैक्सवेल ने 47 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली लेकिन जडेजा के शानदार थ्रो और एम एस धोनी की चतुराई के चलते वो रन आउट हो गए। यहां से ऑस्ट्रेलियाई पारी लड़खड़ा गई। कुलदीप यादव ने अपने स्पेल के आखिरी ओवर में 2 विकेट चटकाकर कंगारू टीम का स्कोर 263/5 कर दिया। हालांकि मार्कस स्टोइनिस (31 रन, 26 गेंद) और एलेक्स कैरी (21 रन, 17 गेंद) ने अपनी टीम को 300 के लक्ष्य तक पहुंचा दिया। भारत की तरफ से कुलदीप यादव ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए।

जर्मनी में अभ्यास दौरे में अजेय रही मेरीकोम

0

नई दिल्ली

विश्व चैंपियनशिप में छह बार की विजेता एम सी मेरीकोम ने 51 किग्रा में वापसी के बाद अपना अजेय अभियान जारी रखा तथा जर्मनी के बर्लिन में अभ्यास दौरे में अपने तीनों मुकाबले जीते। पिछले साल नवंबर में छठी बार विश्व खिताब जीतने वाली मेरीकोम ने ओलंपिक में दूसरा पदक जीतने की कवायद में 48 किग्रा से 51 किग्रा में खेलना शुरू किया है। ओलंपिक में 48 किग्रा शामिल नहीं है। मेरीकोम ने ओलंपिक 2012 में भी कांस्य पदक 51 किग्रा में जीता था।

बर्लिन में मेरीकोम ने उक्रेन की दारिया सियरीइवा, जर्मनी की उर्सुला गोतलोब और नार्वे की वेरोनिका लोसविक को हराया। उन्होंने सभी मुकाबले 5-0 के सर्वसम्मत मत से जीते। वह शनिवार की सुबह स्वदेश लौटेंगी। मेरीकोम ने बर्लिन से पीटीआई से कहा, ‘‘जैसा स्कोर लाइन में दिख रहा है मुकाबले उतने आसान नहीं थे। लेकिन मैं अच्छा महसूस कर रही हूं और अपनी क्षमता को लेकर बहुत आश्वस्त हूं। देखते हैं कि आगे क्या होता है।’’

सामंजस्य और संतुलन से महिलाओं की हो रही है प्रगति

0

नई दिल्ली। अंतर्राष्ट्ीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर राजधानी में सुगति सोपान और मैथिली भोजपुरी अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में एक सेमिनार और काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। कस्तूरबा गांधी मार्ग स्थित सीएसओआई सभागार में आयोजित कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत मैथिली भोजपुरी अकादमी, दिल्ली सरकार के उपाध्यक्ष नीरज पाठक, प्रख्यात साहित्यकार डाॅ आभा झा, सुगति सोपान की अध्यक्ष कुमकुम झा, कवयित्री मृदुला प्रधान, बीएसएनएल के पूर्व सीजीएम आर एन झा, कवियित्री सविता झा सोनी आदि लोगों ने दीप प्रज्वलित करके किया।

उदघाटन सत्र के दौरान अपने वक्तव्य में मैथिली भोजपुरी अकादमी के उपाध्यक्ष नीरज पाठक ने कहा कि अकादमी के अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल की पूरी कोशिश रहती है कि महिलाओं से जुडी आयोजन को विशेष तरजीह दिया जाए। महिला दिवस पर मैं समस्त महिलाओं की भूमिका की सराहना करता हूं। दिल्ली सरकार ने महिलाओं के हितों और अधिकारो के लिए काफी कार्य किया है। अकादमी की पूरी कोशिश है कि साहित्यिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के जरिए महिलाओं के उत्थान के लिए कार्य किया जाए।

स्वागत भाषण में सुगति सोपान की अध्यक्ष कुमकुम झा ने अपनी संस्था और मिथिला की मनीषियों का जिक्र करते हुए आयोजन का मंतव्य स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि देश की राजधानी दिल्ली में जब हम महिलाओं के अधिकारों की बात करते हैं। उनके सामाजिक चेतना की पडताल करते हैं, तो इसका असर व्यापक होता है। क्येांकि, आज जो भी महिलाएं अपने गांव और शहर से इस महानगर में आई हैं, सबने संघर्ष किया है। हां, उनमें काबिलियत है, लेकिन उन्हें अपने घर और परिवार का साथ भी मिला, तभी वे यहां तक आ पाई हैं। कुमकुम झा ने महिलाओं को टी बैग जैसा बताते हुए कहा कि जैसे टी बैग गर्म पानी में जाकर ही अपनी खुशबू और रंग बिखरेता है। ठीक वैसा ही हम महिलाओं के साथ भी है। जैसे-जैसे जिम्मदारियां और परिस्थितियों से वास्ता होता है, हम उसी अनुरूप स्वयं को ढाल लेते हैं।

सामाजिक चेतना में महिलाओं की भूमिका विषय पर सेमिनार में बीज वक्तव्य देते हुए डाॅ आभा झा ने मिथिला की महान नारियों का उद्धरण दिया। उनके व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला। साथ ही महिलाओं की प्रगति में उन्होंने पुरुष को भी जरूरी माना। उन्होंने कहा कि महिला और पुरुष एक दूसरे के पूरक हैं। दोनों साथ मिलकर आगे बढते हैं। समाज और संस्कृति हमें एकांगी बनाना नहीं सिखाता है।
आयोजन का संचालन विभा कुमारी और सविता झा सोनी ने किया। इस दौरान प्रख्यात रंगकर्मी ज्योति झा ने ललका पाग पर एकल नाटय प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया कि वे भी महिलाओं की स्थिति पर गंभीरता से विचार करें। मिथिला की कई समस्याओं के समाधान के लिए आगे आएं। महिला दिवस पर आयोजित काव्य गोष्ठी में संस्कृति मिश्रा, मृदुला प्रधान, सविता झा सोनी, निवेदिता झा मिश्रा, रंजना झा, समता मिश्रा, रेणु, मुन्नी कामत, खुशबू मिश्रा, नीरा झा आदि कवयित्रियों ने कविता और गीत की प्रस्तुति दी।

मोदी सरकार ने किसानों को एक दिन में दिए 3.5 रुपये और उद्योगपतियों के 3.5 लाख करोड़ किए माफ – राहुल

0

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को किसान विरोधी करार देते हुए कहा कि वह अन्नदाताओं को प्रतिदिन 3.5 रुपये ही दे रहे हैं, जबकि उद्योगपतियों के 3.5 लाख करोड़ रुपये माफ कर दिए। यही नहीं मोदी पर तीखा हमला करते हुए राहुल ने कहा कि पीएम किसान स्कीम को अन्नदाताओं के साथ मजाक करार दिया। राहुल ने कहा कि किसानों को साल भर में 6,000 रुपये की राशि देना मजाक के अलावा कुछ और नहीं है।

राहुल ने कहा कि मोदी सरकार ने किसानों के कर्ज को माफ करने और धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य को बढ़ाने से इनकार कर दिया। लेकिन, देश के महज 15-20 उद्योगपतियों उद्योगपितों के 3.5 लाख करोड़ रुपये माफ कर दिए गए। राफेल डील में कथित घोटाले को लेकर हमला तेज करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि एक अंग्रेजी अखबार के मुताबिक मोदी ने खुद फाइटर जेट की डील के लिए कॉन्ट्रैक्ट तैयार किया और पूरा सौदा कराया। यही सच है। राहुल ने कहा कि इस करार के लिए फ्रांस से कहा गया कि वह विमानों के निर्माण में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड की बजाय अनिल अंबानी को ही शामिल करे।

दक्षिण ओडिशा के कोरापुट जिले में स्थित जयपुर में जनता को संबोधित करते हुए राहुल ने यह हमला बोला। कोरापुट जिले में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड की इंजन यूनिट स्थापित है। सूबे में आगामी विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनावों के मद्देनजर राहुल गांधी की यह रैली थी।

रंगे हाथ पकड़ा गया पाक-नरेंद्र मोदी

0

कानपुर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कानपुर में पुलवामा आतंकी हमले के बहाने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। प्रधानमंत्री ने कहा कि एक तरफ जहां हमारे जवानों की वीरता से हमारा सीना चौड़ा हुआ है, वहीं दूसरी तरफ घर के भीतर ही कुछ लोग ऐसे भी हैं जिनके बयान का फायदा आतंकियों के सरपरस्त उठा रहे हैं

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘पाकिस्तान इस बार रंगे हाथों पकड़ा गया। आज वह दबाव में है। वह दुनिया में मुंह दिखाने लायक नहीं रहा है लेकिन ऐसे लोगों के बयान को ही दुनिया में बांटकर भ्रम फैला रहा है।’ प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की सवा सौ करोड़ जनता की ताकत से ही आतंकवाद को जड़ से खत्म किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आपकी इसी ताकत से मैं आतंक के खिलाफ ऐसे सख्त कदम उठा पा रहा हूं।

इस दौरान प्रधानमंत्री ने लखनऊ में पिछले दिनों कश्मीरियों के साथ हुई मारपीट की घटना का भी जिक्र किया और इसके लिए सीएम की तारीफ की। उन्होंने कहा, ‘देश में एकता का वातावरण बनाए रखना बहुत अहम है। लखनऊ में कुछ सिरफिरे लोगों ने हमारे कश्मीरी भाइयों के साथ जो हरकत की थी, उस पर यूपी सरकार ने त्वरित कार्रवाई की है। मैं अन्य राज्य सरकारों से भी आग्रह करूंगा कि जहां भी ऐसी हरकत करने की कोई कोशिश करे, उस पर कठोर कार्रवाई की जाए।’

अयोध्या मामले पर होगी मध्यस्थता, सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला

0

नई दिल्ली

अयोध्या विवाद को सुलझाने के लिए मध्यस्थता का रास्ता अपनाया जाएगा। उच्चतम न्यायालय के पांच जजों की संवैधानिक बेंच ने राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद जमीन विवाद के सर्वमान्य समाधान के लिए बड़ा फैसला लिया। ऐसे में साफ है कि राजनीतिक रूप से संवेदनशील इस मामले को कोर्ट से बाहर सुलझाने की कोशिश का जाएगी। उच्चतम न्यायालय ने इस बाबत तीन सदस्यीय पैनल भी गठित कर दिया है।

उच्चतम न्यायालय के रिटायर्ड जज जस्टिस एफएम कलीफुल्ला इस पैनल के चेयरमैन होंगे। समिति के अन्य मध्यस्थों में आध्यात्मिक गुरु श्रीश्री रविशंकर और वरिष्ठ वकील श्रीराम पांचू शामिल हैं। खास बात यह है कि मध्यस्थता के जरिए मामले को सुलझाने की प्रक्रिया चार हफ्ते में शुरू हो जाएगी और आठ हफ्ते में पूरी हो जाएगी। हालांकि माना जा रहा है कि इस संबंध में कार्यवाही एक हफ्ते में ही शुरू हो सकती है।

इसके साथ ही कोर्ट ने फैजाबाद में ही मध्यस्थता को लेकर बातचीत करने के निर्देश दिए हैं। जब तक बातचीत का सिलसिला चलेगा, पूरी बातचीत गोपनीय रखी जाएगी। सुप्रीम कोर्ट ने साफ कहा है कि पैनल में शामिल लोग या संबंधित पक्ष कोई जानकारी नहीं देंगे। इसको लेकर मीडिया रिपोर्टिंग पर भी पाबंदी लगा दी गई है।

चीफ जस्टिस रंजन गोगोई ने साफ कहा है, ‘कोर्ट की निगरानी में होने वाली मध्यस्थता की प्रक्रिया गोपनीय रखी जाएगी।’ सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि मध्यस्थता की प्रक्रिया कैमरे के सामने होनी चाहिए। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में अगली सुनवाई 6 हफ्ते बाद होगी।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि अगर जरूरी हुआ तो मध्यस्थ पैनल में किसी और को भी शामिल कर सकते हैं। कोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार से फैजाबाद में मध्यस्थों को सभी सुविधाएं प्रदान करने का आदेश दिया है। इसके साथ ही अगर जरूरी हुआ तो मध्यस्थ आगे कानूनी सहायता भी ले सकते हैं।

सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि यह केवल जमीन का नहीं बल्कि लोगों की धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला है। संविधान पीठ में सीजीआई के अलावा जस्टिस एसए बोबडे, डीवाई चंद्रचूड, अशोक भूषण और एस अब्दुल नजीर शामिल थे। सुप्रीम कोर्ट ने इस बात को प्रमुखता से कहा था कि मुगल शासक बाबर ने जो किया उसपर उसका कोई नियंत्रण नहीं है और उसका सरोकार सिर्फ मौजूदा स्थिति को सुलझाने से है।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष शीला दीक्षित ने वीर महिला के तहत सशस्त्र बलों के परिवारों में जन्मी और उन परिवारों में विवाहित महिलाओं को सम्मानित किया।

0

नई दिल्ली,

 दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष शीला दीक्षित ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक अनोखे कार्यक्रम “Women of Valour”,(वीर महिला) के तहत सशस्त्र बलों के परिवारों में जन्मी और उन परिवारों में विवाहित महिलाओं को सम्मानित किया गया। दिल्ली प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्षा शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कार्यक्रम का नेतृत्व किया। शीला दीक्षित ने कहा कि सशस्त्र बलों के परिवारों में जन्मी एवं विवाहित महिलाऐं अपने साहस और कर्तव्य निष्ठा को निभाते हुए मौन रुप से जीवन का बलिदान करती है। उनके अग्रणी होने पर ही वे अपने बेटे और पति का देश के खातिर बलिदान देकर एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि यह महिलाऐं राष्ट्र के प्रति अपनी अमूल्य सेवा प्रदान करती हैजिन्हें दिल्ली प्रदेश महिला कांग्रेस की ओर से सम्मानित किया गया है। 

 शीला दीक्षित इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रुप में मौजूद थीउन्होंने इन अनोखी एवं बहादुर महिलाओं को सम्मानित करते हुए कहा कि जीवन की कठिनाईयों और बाधाओं को सहने के लिए हमें उनके साहस को सलाम करना चाहिए और इनका साहस और बलिदान एक प्रेरणा श्रोत है। पूरा देश हमेशा इन महिलाओं का ऋणी रहेग 

शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कहा कि दिल्ली प्रदेश महिला कांग्रेस महिलाओं की मदद करने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए हमेशा ऐसे अनोखे कार्यक्रम आयोजित करती है। विशेषकर समाज के निचले तबके के लिएताकि वे अपने पैरो पर खड़ी हो सके और जीवन की चुनौतियों का बिना किसी रुकावट के सामना कर सके। उन्होंने कहा कि सशस्त्र बलों के परिवार की महिलाओं को सम्मानित करना भी एक ऐसी ही गतिविधि है। इन साहसी और मजबूत महिलाओं के सहानूभूति रखते हुए इनके दुख और कठिनाईओं के बारे सोचते हुए हम इन वीर महिलाओं का सम्मान करते है।