दिल्ली में शीतलहर का प्रकोप

0

नई दिल्ली

राजधानी दिल्ली में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। ठंड की मार के कारण दिल्लीवासियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, कोहरे के के प्रकोप के कारण कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। कोहरे का असर उड़ानों पर भी पड़ा है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 3 डिग्री कम है। इससे राहत की संभावना नहीं है। हालांकि दिन के समय में ठंड से राहत मिल सकती है।
कोहरे और कम दृश्यता के कारण दिल्ली आने वाली 10 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। इसके अलावा दिल्ली एयरपोर्ट पर सुबह साढ़े पांच बजे से 7 बजे तक सभी प्रस्थान वाली उड़ानों को रोका गया था। दिल्ली आने वाली कई उड़ानों पर कोहरे का असर पड़ा और उनकी लैंडिंग में देरी हुई है। एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान को डायवर्ट भी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को तापमान 21 और 4 डिग्री के आसपास रह सकता है।  अब एक बार फिर बारिश की संभावना बनी है। इससे पहले दिल्ली में 6 जनवरी को बारिश हुई थी। राजधानी दिल्ली में प्रदूषण का स्तर भी बेहद खराब स्तर तक पहुंच गया है। लोधी रोड इलाके में पीएम 2.5 का स्तर 500 और PM 10 का स्तर 484 तक पहुंच गया। दोनों ही खतरनाक स्तर पर हैं।

“भीम विजय संकल्प” से मिलेगी जीत-विनोद सोनकर शास्त्री

0

आगामी लोकसभा चुनाव में अब कुछ ही महीनों का समय रह गया है और इस को देखते हुए देश ही हर छोटी बड़ी राजनितिक पार्टियाँ इसकी तैयारी में जोरो- शोरो से लग गई है. इसी बीच भाजपा भी लोकसभा चुनाव की तैयार्रियों में लग गई है. भाजपा 19- 20 जनवरी को महाराष्ट्र के नागपुर में अनुसूचित जाति के लोगों को अपने पाले में करने के लिए एक कार्यक्रम का आयोजन करने जा रही है और इस कार्यक्रम का नाम “भीम विजय संकल्प -2019 “ रखा गया है. बताया जा रह है कि भाजपा इस अनुसूचित मोर्चे के राष्ट्रीय अधिवेशन के जरिये अनुसूचित जाति के लोगों तक इस बात को पहुचाने की कोशिश करेगी की केंद्र की भाजपा सरकार ने पिछले 5 साल में अनुसूचित जाती के लोगों के लिए क्या – क्या किया. इसके अलावा इस बात की भी जानकारी सामने आ रही है कि 20 जनवरी के बाद भाजपा द्वारा एक बड़ी रैली का आयोजन होने जा रहा है जिसमे भाजपा सहित संघ के कई चेहरे भाग लेंगे. भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद सोनकर का कहना है कि बीजेपी ने हमेशा अनुसूचित जाति के लोगों की भलाई के लिए काम किया है और भाजपा ने हमेशा अनुसूचित जाति के लोगों को नौकरी देने के बजाय उन्हें नौकरी देने वाला बनाने का प्रयाश किया है. साथ ही विनोद सोनकर ने इस बात का भी दावा किया कि भाजपा को इस दिशा में काफी हद तक सफलता भी हासिल हुई है. वही विनोद सोनकर ने इस बात को भी कहा कि सरकार द्वारा देशभर में जितना भी लोन लोगों को दिया गया है उनमे सबसे ज्यादा लाभ प्राप्त करने वाले अनुसूचित के लोग ही रहे

गुरमीत राम रहीम पर बड़ा फैसला

0

चंडीगढ़ –
गुरमीत राम रहीम पर बड़ा फैसला आने वाला है। पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में दोषी करार दिए गए गुरमीत राम रहीम को 17 जनवरी को सजा सुना दी जाएगी। सजा का ऐलान विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होगा। गुरमीत राम रहीम तथा तीन अन्य को इस मामले में विशेष सीबीआई अदालत ने दोषी करार दिया था।
गौरतलब है कि 16 साल पुराने इस मामले की सुनवाई कर रही सीबीआई अदालत ने बुधवार को हरियाणा सरकार की अर्जी को मंजूर करते हुए बड़ी राहत दे दी। यानि अब गुरमीत राम रहीम समेत कृष्ण लाल, निर्मल सिंह और कुलदीप सिंह को पंचकूला की सीबीआई कोर्ट में प्रत्यक्ष तौर पर पेश करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। गुरमीत राम रहीम इस समय साध्वी यौन शोषण मामले में रोहतक की सुनारिया जेल में बंद है, वहीं तीन अन्य अंबाला सेंट्रल जेल में हैं।

हरियाणा सरकार ने कानून व्यवस्था को आधार बनाते हुए चारों दोषियों को विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सजा के ऐलान की गुजारिश कोर्ट से की थी। कोर्ट में अर्जी पर बहस हुई थी और सरकार की अर्जी मंजूर हो गई। कोर्ट के फैसले के बाद डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी ने मीडिया से कहा कि मामले की संवेदनशीलता तथा प्रदेश में सुरक्षा व कानून व्यवस्था को देखते हुए सीबीआई कोर्ट ने की सरकार की याचिका मंजूर की है। उन्होंने कहा कि पिछली दफा काफी जान-माल का नुकसान हुआ था। गौरतलब है कि 25 अगस्त 2017 को साध्वी यौन शोषण मामले में गुरमीत राम रहीम को दोषी करार दिए जाने के बाद पंचकूला समेत कई जगह काफी आगजनी, तोड़फोड़ हुई थी।

पत्रकार छत्रपति हत्याकांड में पंचकूला की विशेष सीबीआई अदालत ने डेरा मुखी गुरमीत राम रहीम तथा कृष्ण लाल को आईपीसी की धारा 120बी (आपराधिक साजिश रचने) और 302 के तहत मुल्जिम करार दिया है। कोर्ट 17 जनवरी को सजा का ऐलान करेगी।

टेस्ट में सुपरपावर बने टीम इंडिया-विराट कोहली

0

ऐडिलेड
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने कहा है कि उनकी ख्वाहिश टेस्ट प्रारूप में भारत को सुपरपावर बनाने की है। कोहली ने साथ ही कहा कि उनके लिए टेस्ट क्रिकेट हमेशा प्राथमिकता रहेगी और अगर भारतीय क्रिकेट में इसे सम्मान मिलता है तो क्रिकेट का यह प्रारूप हमेशा शीर्ष पर रहेगा। कोहली की कप्तानी में ही भारत ने पहली बार ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज जीती है। भारत ने ऑस्ट्रेलिया को उसके घर में 4 मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-1 से मात दी है।

कोहली ने कहा, ‘मैं इसे लक्ष्य नहीं बल्कि विजन कहूंगा। मैं भारत को टेस्ट क्रिकेट में सुपरपावर बनते देखना चाहता हूं और आने वाले दिनों में भारत को टेस्ट में सबसे मजबूत टीम बनते देखना चाहता हूं। मुझे लगता है कि भारतीय क्रिकेट टेस्ट क्रिकेट का सम्मान करती है और भारतीय खिलाड़ी भी इसे इज्जत देते हैं तो टेस्ट क्रिकेट हमेशा शीर्ष पर रहेगी।’
कोहली ने कहा, ‘शॉर्ट फॉर्मेट क्रिकेट की लोकप्रियता के लिए जरूरी हैं लेकिन सिर्फ उन्हीं पर ध्यान दिया जाता है और उनका नाम लेकर टेस्ट क्रिकेट से बचने की कोशिश की जाती है तो आने वाले खिलाड़ियों को दिक्कत हो सकती है।’ बल्लेबाजी के नित नए रेकॉर्ड बनाते जा रहे विराट ने युवाओं को संदेश दिया है कि सिर्फ सीमित ओवरों के प्रारूप पर फोकस करना ही टेस्ट क्रिकेट की चुनौतियों का सामना कर पाने में असमर्थ होने का बहाना नहीं होना चाहिए।
कोहली ने कहा, ‘भारत के मौजूदा टेस्ट क्रिकेटर युवा पीढ़ी के लिए उदाहरण पेश करने की कोशिश में हैं।’ उन्होंने अपना काम आसान करने के लिये कोच रवि शास्त्री को धन्यवाद दिया। कोहली ने अपने और कोच रवि शास्त्री के रिश्ते पर भी खुलकर बात की और कहा कोच हमेशा पूरी ईमानदारी से उनके सामने बात रखते हैं।

अमित शाह एम्स में भर्ती

0

नयी दिल्ली-
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को स्वाइन फ्लू हो गया है। उन्हें इलाज के लिए बुधवार को एम्स में भर्ती कराया गया। शाह ने ट्विटर पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट किया, “मुझे स्वाइन फ्लू हुआ है, जिसका उपचार चल रहा है। ईश्वर की कृपा, आप सभी के प्रेम और शुभकामनाओं से शीघ्र ही स्वस्थ हो जाऊंगा।”एम्स के मुताबिक, भाजपा नेता को सीने में जकड़न और सांस लेने में परेशानी की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह रात करीब नौ बजे अस्पताल पहुंचे और उन्हें पुराने निजी वार्ड में भर्ती किया गया है। उन्होंने बताया कि एम्स के निदेशक रणदीप गुलेरिया की निगरानी में डॉक्टरों की एक टीम उनकी स्थिति पर नजर रख रही है। कई केंद्रीय मंत्री शाह को देखने के लिए अस्पताल पहुंचे।

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के नए अध्यक्ष बने शक्ति सिंह

0

नयी दिल्ली-

दिल्ली विश्वविद्यालय ने मंगलवार को डूसू के उपाध्यक्ष शक्ति सिंह को औपचारिक रूप से संगठन का अध्यक्ष नियुक्त कर दिया। विश्वविद्यालय ने एक आधिकारिक बयान में कहा, ‘‘दिल्ली उच्च न्यायालय के 18 दिसंबर 2018 के आदेश की अनुपालना में, डूसू चुनाव समिति 2018 .19 ने डूसू के उपाध्यक्ष शक्ति सिंह को पदोन्नत कर अध्यक्ष बना दिया है।’’

सिंह ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि यह फैसला काफी देर से आया जिसके चलते छात्र संघ का कामकाज बाधित हुआ लेकिन उन्होंने साथ ही कहा कि डूसू के अध्यक्ष के तौर पर वह अपने बचे हुए कार्यकाल का अधिकतम उपयोग करने का प्रयास करेंगे। एनएसयूआई ने कहा है कि भाजपा संस्थानों पर कब्जा कर रही है और जहां वह ऐसा करने में नाकाम है वहां वह लोगों को बाहर निकाल रही है।

जींद क्षेत्र में सरकार की है जरूरत: रणदीप सुरजेवाला

0

जींद-
हरियाणा में जींद विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने प्रचार के दौरान जनता से सीधा संवाद किया। इस दौरान सुरजेवाला ने कहा कि मैं विधायक बनने के लिए यह उप चुनाव नहीं लड़ रहा हूं, बल्कि क्षेत्र की पीड़ा दूर करने के लिए आपके बीच आया हूं। सुरजेवाला ने झांज कलां व खुर्द, बडौदी, अहिरका, कैरखेड़ी, रुपगढ़ व जीतगढ़ आदि गांवों में चुनावी सभाओं को संबोधित किया।

सुरजेवाला ने कहा कि विधायक तो पहले भी यहां से चुने गए हैं। लेकिन, इलाके को अब विधायक नहीं सरकार की जरूरत है जो मैं आपकी ड्योढ़ी पर लाकर दूंगा। सरकार बनाने के नाम पर पिछले काफी सालों सें यहां की जनता को बहकाया, मगर मिला कुछ नहीं। कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा, ‘यदि आपको लगे कि मैं जिले की माटी की पीड़ा को उजागर करता हूं तो, आप मुझे चुनिएगा। अगर मैं नौजवानों की मदद कर सकता हूं, आपके गांव की तस्वीर बदल सकता हूं तो आप मुझे चुनिएगा। अगर आपको लगे कि कोई और मुझसे बेहतर काम कर सकता है तो मुझे कोई एतराज नहीं, आप उसको चुन लेंगे, तो मैं बुरा नहीं मानूंगा।’कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि लेकिन यह अवश्य देखना कि आपका फायदा किसमें है। अगर आपको लगे कि हमारा फायदा रणदीप सबसे ज्यादा कर सकता है तो फिर रिकार्ड तोड़कर कांग्रेस पार्टी को विजयी बनाएं। चुनावी सभाओं में प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा, ‘इस चुनाव के मायने जनता को समझने होंगे। यह मात्र 3-4 महीने का चुनाव है। मगर मायने बड़े हैं। यह 2019 में अगली सरकार बनाने का चुनाव है। जीत के बाद इस क्षेत्र को रणदीप के रूप में वर्षों तक मजबूत नेतृत्व मिलेगा।’

कांग्रेस-जद एस की मित्रता टूट के कगार पर- डी वी सदानंद गौड़ा

0

बेंगलुरू-
कर्नाटक में सात महीने पुरानी कुमारस्वामी सरकार से दो निर्दलीय विधायकों के समर्थन वापस लेने के कुछ देर बाद केंद्रीय मंत्री डी वी सदानंद गौड़ा ने कहा कि राज्य में अगर कांग्रेस- जद एस की गठबंधन सरकार गिर जाती है तो भाजपा सरकार बनाने का दावा करेगी। गौड़ा ने कहा कि कुमारस्वामी सरकार विवादों के कारण गिर जाएगी और कांग्रेस- जद एस की मित्रता टूट के कगार पर है।
उन्होंने कहा कि यह दोस्ती टूटने के कगार पर है। यह तलाक का समय है। 37 सीटों वाली पार्टी ने सरकार बना ली है। कलह के कारण यह खुद ही खत्म हो जाएगी। अगर सरकार गिरती है तो निश्चित तौर पर हम सरकार बनाएंगे। गौड़ा इस सवाल का जवाब दे रहे थे कि गठबंधन सरकार गिरने की स्थिति में क्या भाजपा सरकार बनाने का दावा कर सकती है।कर्नाटक में मई 2018 के चुनावों के बाद कांग्रेस और जद एस ने मिलकर सरकार बनाई थी। 224 सदस्यीय विधानसभा में 104 सीट जीतकर भाजपा सबसे बड़े दल के रूप में उभरी थी। कांग्रेस को 79 सीट जबकि जद एस को 37 सीट मिली थी। भाजपा के लोकसभा सदस्य प्रताप सिम्हा ने कहा कि हर कोई येदियुरप्पा को अगले मुख्यमंत्री के तौर पर देखना चाहता था और 104 सीट जीतने के बाद पार्टी चुप नहीं बैठेगी।

अमित शाह कहने पर प्रशांत किशोर को जदयू में शामिल किया-नीतीश

0

पटना-
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दावा किया कि उन्हें भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर को जद (यू) में शामिल कर लेने का दो बार सुझाव दिया था। कुमार ने यहां एक निजी समाचार चैनल के कार्यक्रम में चुनाव रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर को अपने राजनीतिक उत्तराधिकारी के तौर पर देखने से जुड़े सवाल पर यह बात कही। किशोर को पिछले साल सितंबर में जद (यू) में शामिल किया गया था और कुछ ही हफ्ते बाद उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बना दिया गया था। इससे ऐसी अटकलें लगने लगी कि कुमार उन्हें अपना राजनीतिक उत्तराधिकारी बनाने के बारे में सोच रहे हैं।

उन्होंने कहा, वह हमारे लिये नए नहीं हैं। उन्होंने हमारे साथ 2015 के विधानसभा चुनाव में काम किया था। थोड़े समय के लिये वह कहीं और व्यस्त थे। कृपया मुझे बताने दें कि अमित शाह ने मुझे दो बार किशोर को जद (यू) में शामिल करने को कहा था। उन्होंने कहा, प्रशांत किशोर को समाज के सभी तबके से युवा प्रतिभाओं को राजनीति की ओर आकर्षित करने का काम सौंपा गया है। राजनीतिक परिवारों में नहीं जन्मे लोगों की राजनीति से पहुंच दूर हो गई है। कुमार ने कहा, मुझे प्रशांत किशोर से काफी लगाव है। लेकिन, उत्तराधिकारी जैसी बातें हमें नहीं करनी चाहिये। यह राजशाही नहीं है।

महाकुंभ 2019 का आगाज, संतों व श्रद्धालुओं ने किया पहला शाही स्नान

0

प्रयागराज-

कुंभ भारत की संस्कृति और सभ्यता का प्रतीक है। साथ ही भारत की पुरातन पंरपराओं की झलक भी इस मेले में देखने को मिलती है। प्रयागराज में महाकुंभ 2019 का आगाज हो चुका है। पहले शाही स्नान पर्व पर अखाड़ों के नागा संन्यासियों, महामंडलेश्वरों, साधु-महात्माओं सहित लाखों श्रद्धालुओं ने संगम में पुण्य की डुबकी लगाकर कुंभ का श्रीगणेश कर दिया। मंगलवार को सवेरे 5 बजे से शुरू स्नान पूरे दिन जारी रहेगा। सुबह सबसे पहले 6.05 बजे महानिर्वाणी के साधु-संत पूरे लाव-लश्कर के साथ शाही स्नान को संगम तट पर पहुँचे। इसके साथ अखाड़ों के स्नान का क्रम प्रारंभ हुआ। सभी अखाड़ों को बारी-बारी से स्नान के लिए 30 मिनट से 45 मिनट तक का समय दिया गया है।
प्रयागराज में गंगा, यमुना और सरस्वती तीनों के संगम स्थल पर नागा साधुओं और फिर अन्य अखाड़ों के साधु व संतों के शाही स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने संगम तट पर डुबकी लगाई।5

मंगलवार को सूर्य के मकरगति होने के साथ ही तीर्थराज प्रयाग में संगमतट पर कुंभ का महापर्व शुरू हो गया। ठंड के बाद भी दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक आयोजन की गर्मी का जोश प्रयागराज के पग-पग पर अपने रंग में नजर आने लगा है।

साधु-संतों के साथ आम श्रद्धालुओं भी संगम सहित अलग-अलग घाटों पर आधी रात से स्नान कर रहे हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच घाटों पर नहाने और पूजा पाठ का सिलसिला जारी है। पारा 10 डिग्री सेल्सियस से भी कम होने के बाद भी बड़ी तादाद में लोग डुबकी लगा रहे हैं।
जिस समय अमृतपूर्ण कुंभ को लेकर देवताओं एवं दैत्यों में संघर्ष हुआ उस समय चंद्रमा ने उस अमृत कुंभ से से अमृत के छलकने की रक्षा की और सूर्य ने उस अमृत कुंभ के टूटने से रक्षा की। देवगुरू बृहस्पति ने दैत्यों से रक्षा की और शनि ने इंद्रपुत्र जयंत के हाथों से इसे गिरने नहीं दिया। इसलिए देवताओं और राक्षसों की लड़ाई के दौरान जिन-जिन जगहों पर (हरिद्वार, प्रयागराज, उज्जैन, नासिक) और जिस-जिस दिन सुधा का कुंभ छलका, उन्हीं-उन्हीं स्थलों में उन्हीं तिथियों में कुंभपर्व का आयोजन होता है।

1,50,000 से ज्यादा नागा साधु हैं जूना अखाड़ा में।

13 अखाड़ों को प्राप्त है अर्द्धकुंभ और महाकुंभ में शाही स्नान का अधिकार

-07 अखाड़े हैं सन्यासियों के जूना, आवहान, पंचअग्नि, निरंजनी, महानिर्वाणी, आनंद और अटल

-03 अखाड़े वैरागियों के होते हैं- दिगंबर, निर्मोही और निर्माणी।

-02 अखाड़े उदासीन परंपरा के होते हैं-

पंचायती बड़ा और पंचायती नया।

निर्मल अखाड़ा सबसे अंत में स्नान करते हैं।

सन्यासियों के साथ अखाड़ों में सिर्फ अग्नि आखाड़ों में नागा नहीं होते, बाकी सभी आखाड़ों में नागा सन्यासी होती है।