डेंगू और चिकनगुनिया से बचाव के लिए प्रत्येक रविवार को ड्राई डे मनाएं मुंगेरवासी : सिविल सर्जन

0

– घर के एसी- कूलर, गमला सहित अन्य पात्रों में जमा पानी को अनिवार्य रूप से बदलें

– सदर अस्पताल में उपलब्ध है डेंगू और चिकनगुनिया की जांच और इलाज किमी निःशुल्क व्यवस्था

मुंगेर , 28 अक्टूबर। डेंगू और चिकनगुनिया जैसी बीमारी से बचाव के लिए प्रत्येक रविवार को ड्राई डे मनाएं मुंगेरवासी । उक्त बातें गुरुवार को डेंगू और चिकनगुनिया जैसी बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए मुंगेर के सिविल सर्जन डॉ. हरेन्द्र आलोक ने कही। उन्होंने बताया कि रविवार को छुट्टी का दिन होता है और अधिकांश नौकरीपेशा लोग अपने- अपने घरों में ही होते हैं। इसलिये आवश्यक है डेंगू और चिकनगुनिया जैसी बीमारी से बचाव के लिए सभी जिलावासी एक अभियान चलाकर प्रत्येक रविवार को ड्राई डे के रूप में मनाएं। इस दिन सभी लोग अपने – अपने घरों में एसी, कूलर ,गमला , फ्रिज, पानी टंकी, फूल दानी इत्यादि में जमा पानी को बदल दें ताकि वहां डेंगू और चिकनगुनिया को फैलाने वाले एडिस मच्छर पनपने न पाएं। इसके साथ ही अपने घर के पास जमा पानी, नालों का पानी और जमा कचरा की भी करें सफाई क्योंकि साफ जमा पानी में भी डेंगू और चिकनगुनिया का मच्छर पनपता है।

सदर अस्पताल में निःशुल्क उपलब्ध है डेंगू -चिकनगुनिया की जांच और इलाज की व्यवस्था :
जिला वेक्टर बोर्न डिजीज कंट्रोल ऑफिसर डॉ. अरविंद कुमार सिंह ने मुंगेर वासियों से डेंगू और चिकनगुनिया से बचाव के लिए प्रत्येक रविवार को ड्राई डे मनाने की अपील करते हुए बताया कि सदर अस्पताल मुंगेर में डेंगू और चिकनगुनिया की जांच के लिए किट और इलाज की निःशुल्क व्यवस्था उपलब्ध है। यदि किसी ब्यक्ति को डेंगू या चिकनगुनिया का थोड़ा भी लक्षण महसूस हो तो वो तत्काल सदर अस्पताल मुंगेर आकर अपनी जांच करवा लें और जांच में लक्षण पाए जाने पर यहीं इलाज भी करवाएं ताकि उनके बेहतर इलाज की सही समय पर सही रिपोर्टिंग हो सके। उन्होंने बताया कि जिला में यदि कहीं भी डेंगू या चिकनगुनिया का मरीज चिह्नित होता है तो उसके घर के 500 मीटर की परिधि में टेक्निकल मलाइथिऑन की फॉगिंग करायी जा रही है। इसके साथ ही उस क्षेत्र में नाला में जमा गंदा पानी में टीमोंफोस दवा का छिड़काव कराया जा रहा है ताकि वहां पनपने वाले एडिस मच्छर के लार्वा को मारा जा सके ।

उन्होंने बताया कि डेंगू या चिकनगुनिया के दौरान तेज बुखार होने पर कभी भी एस्प्रिन अथवा ब्रूफेन की गोली का इस्तेमाल नहीं करें। इसके लिए सिर्फ पारासिटामोल ही सुरक्षित दवा है।

डेंगू और चिकनगुनिया के लक्षण :
– तेज बुखार, बदन ,सर एवं जोड़ों में दर्द

– त्वचा पर लाल धब्बे/चकते का निशान

– नाक, मसूड़ों से उल्टी के साथ रक्त स्राव होना ।

बचने के उपाय :
– दिन में भी मच्छरदानी और मच्छर भागने वाली क्रीम का इस्तेमाल करें।

– पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें, घर एवं सभी कमरों को साफ-सुथरा एवम हवादार बनाए रखें।

– याद रखें हर रखें बुखार डेंगू नहीं है इसलिये बीमारी के लक्षण होने पर तत्काल डॉक्टर से संपर्क करें।

– डेंगू एवं चिकनगुनिया बुखार की स्थिति में सभी रोगियों को अस्पताल में भर्ती होने की आवश्यकता नहीं होती है। समय पर सही उपचार कराने पर मरीज पूर्णतः स्वस्थ्य हो सकता है।

मेगा कैंप : रेलवे स्टेशन समेत जिले के सभी प्रखंडों में विशेष कोविड वैक्सीनेशन शिविर का आयोजन

0

– वैक्सीनेशन से वंचित लोगों को प्राथमिकता के आधार पर दी गई वैक्सीन
– सभी सेशन साइटों पर दी गई दोनों डोज की वैक्सीन, लोगों ने उत्साह के साथ लिया सुरक्षा का टीका

खगड़िया, 28 अक्टूबर

गुरुवार को जिले में मेगा कोविड वैक्सीनेशन अभियान चलाया गया। जिसके तहत खगड़िया रेलवे स्टेशन समेत जिले के अन्य स्टेशनों और सभी प्रखंडों में विशेष कोविड – 19 वैक्सीनेशन शिविर का आयोजन कर लोगों को इस महामारी से सुरक्षित करने के लिए सुरक्षा की वैक्सीन दी गई। सभी सेशन साइटों पर लोगों की अच्छी-खासी उपस्थिति देखी गई एवं सभी लोगों ने उत्साह के साथ वैक्सीन ली। वहीं, अभियान की सफलता के लिए जिले में 240 से अधिक सेशन साइटों पर वैक्सीनेशन शिविर का आयोजन किया गया था। सभी जगह सुबह के 07 बजे से ही वैक्सीनेशन शुरू कर दिया गया था। साथ ही सभी सेशन साइटों पर पर्याप्त संख्या में कर्मियों की तैनाती एवं वैक्सीन वाइल की उपलब्धता सुनिश्चित की गई थी। वैक्सीनेशन के दौरान लोगों की किसी प्रकार की कोई असुविधा नहीं हो, इसके लिए व्यापक तैयारी की गई थी।

– सभी सेशन साइटों पर दी गई वैक्सीन की दोनों डोज :
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ देवनंदन पासवान ने बताया, विशेष वैक्सीनेशन अभियान के तहत जिले के 75 लोगों को टीकाकृत करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। जिसे हर हाल में पूरा करने के लिए सभी सेशन साइटों पर दोनों डोज की वैक्सीन दी गई। ताकि अबतक वैक्सीन से वंचित लोगों का वैक्सीनेशन सुनिश्चित हो सके और जो लोग पहला डोज लेने के बाद दूसरा डोज लेने की निर्धारित समय-सीमा पूरा कर चुके हैं, उन्हें समय पर वैक्सीन दी जा सके।

– रेलवे स्टेशन पर वैक्सीनेशन के साथ-साथ दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों की कोविड की भी हो रही है जाँच :
केयर इंडिया के डीटीएल अभिनंदन आनंद ने बताया, जल्द से जल्द शत-प्रतिशत लोगों का वैक्सीनेशन सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान के तहत खगड़िया रेलवे स्टेशन समेत जिले के अन्य स्टेशनों पर वैक्सीनेशन शिविर का आयोजन किया गया। जहाँ योग्य व्यक्तियों को वैक्सीन तो दी ही गई इसके अलावा दूसरे राज्यों से त्यौहार के अवसर पर घर आने के लिए स्टेशन पर उतरने वाले लोगों की कोविड भी जाँच की जा रही है। ताकि जिले में किसी प्रकार का कोई संक्रमण का खतरा उत्पन्न नहीं हो और सभी लोग सुरक्षित माहौल में त्यौहार मना सकें। वहीं, उन्होंने बताया, रेलवे स्टेशनों पर नियमित रूप से वैक्सीनेशन एवं जाँच अभियान चलाया जाएगा।

– घर-घर भ्रमण कर वैक्सीन से वंचित लोगों की सूची की जा रही है तैयार :
केयर इंडिया के डीटीओ-ऑन चंदन कुमार ने बताया, जिले में वैक्सीन से वंचित लोगों का एएनएम, ऑगनबाड़ी सेविका, आशा एवं जीविका दीदी समेत अन्य कर्मियों के सहयोग से चिह्नित करने के लिए जिले में अभियान चलाया जा रहा है। जिसके माध्यम से घर-घर जाकर वैक्सीन से वंचित लोगों की सूची तैयार की जा रही है और अबतक तैयार की गई सूची के आधार पर लोगों को वैक्सीन के प्रति प्रेरित कर टीकाकृत भी किया जा रहा है। ताकि एक भी व्यक्ति वैक्सीन से वंचित नहीं रहें और जल्द से जल्द शत-प्रतिशत लोगों का वैक्सीनेशन सुनिश्चित हो।

– इन मानकों का करें पालन और कोविड-19 संक्रमण से रहें दूर :
– मास्क का उपयोग और शारीरिक दूरी का पालन जारी रखें।
– साफ-सफाई का विशेष ख्याल रखें और सैनिटाइजर का उपयोग करें।
– अनावश्यक घरों से बाहर नहीं निकलें और भीड़-भाड़ वाले जगहों से परहेज करें।फ
– बारी आने पर निश्चित रूप से वैक्सीनेशन कराएं और दूसरों को भी प्रेरित करें।

390 केंद्रों पर 38 हजार लोगों ने लिया कोरोना का टीका

0

-कोरोना टीकाकरण को लेकर फिर से चलाया गया महाअभियान
-कोरोना उन्मूलन को लेकर स्वास्थ्य विभाग का अभियान जारी

बांका, 28 अक्टूबर।
कोरोना टीकाकरण को लेकर पिछले दिनों किए गए डोर टू डोर सर्वे में चिह्नित व अन्य लोगों को टीका देने को लेकर गुरुवार को जिले में एक बार फिर से महाअभियान चलाया गया। सर्वे के दौरान एक लाख 16 हजार लोग चिह्नित किए गए थे। इनके साथ अन्य लोगों को भी कोरोना टीका की पहली और दूसरी डोज दी गई। इसे लेकर जिले भर में 390 केंद्र बनाए गए थे, जहां कि 38 हजार से अधिक लोगों ने कोरोना का टीका लिया। टीका केंद्रों पर लाभुकों के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसका ध्यान रखा गया था। समय पर टीकाकरण शुरू कराने के लिए स्वास्थ्यकर्मी समय से पहले ही केंद्रों पर पहुंच गए थे। सभी केंद्रों पर टीका की पहली और दूसरी, दोनों डोज देने की व्यवस्था की गई थी।
सिविल सर्जन डॉ. सुधीर कुमार महतो ने बताया कि जिले के सभी लोगों के टीकाकरण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस बार का अभियान पिछले दिनों हुए डोर टू डोर सर्वे के आधार चलाया गया। इस दौरान काफी संख्या में लोगों ने टीके की पहली और दूसरी डोज ली। जिले के लोगों से मेरी अपील है कि जल्द से जल्द टीका ले लें। लगातार महाअभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा प्रतिदिन जिले के सभी प्रखंड में टीकाकरण चल ही रहा है। साथ ही शहर के गांधी चौक पर सुबह नौ से रात नौ बजे तक लोगों के टीकाकरण की व्यवस्था है। जिला स्वास्थ्य समिति सभी लोगों के टीकाकरण को लेकर गंभीर है, इसीलिए इतने बड़े पैमाने पर व्यवस्था है। काफी संख्या में लोग टीका लेने के लिए सामने आ भी रहे हैं। अभी भी अगर किसी के मन में कोई भ्रम है तो उसे दूर कर कोरोना का टीका लें। इससे किसी तरह का कोई साइड इफेक्ट नहीं होता है। साथ ही पहली डोज ले लेने के बाद जिनका समय पूरा हो गया है, वह टीका की दूसरी डोज अवश्य लें।
सदर प्रखंड में 5 हजार लोगों ने लिया टीकाः महाअभियान के दौरान बांका सदर प्रखंड में 38 केंद्र बनाए गए थे। जहां पर कि कुल 5 हजार लोगों ने कोरोना का टीका लिया। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. सुनील कुमार चौधरी ने कहा कि महाअभियान के दौरान पहली और दूसरी, दोनों तरह की डोज लाभुकों को दी गई। पहली डोज लेने वाले लाभुकों को समय पर आकर दूसरी डोज आवश्यक तौर पर लेने के लिए कहा गया। टीका की दोनों डोज लेने के बाद ही टीकाकरण की प्रक्रिया पूरी होगी, इसलिए इसमें लापरवाही नहीं बरतने की सलाह दी गई।
400 लोगों की हुई जांचः टीकाकरण के साथ लोगों की कोरोना जांच भी तेजी से चल रही है। गुरुवार को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर 200 लोगों की एंटीजन किट से जांच की गई तो 200 लोगों के सैंपल आरटीपीसीआर मशीन से जांच के लिए लिया गया। हालांकि जांच में कोई भी व्यक्ति संक्रमित नहीं मिला, लेकिन सभी लोगों को सतर्कता के साथ रहने के लिए कहा गया। डॉ. चौधरी ने बताया कि अभी त्यौहारों का मौसम चल रहा है। ऐसे समय में सतर्क रहना जरूरी है। कोई भी ऐसा काम नहीं करना चाहिए, जिससे कोरोना की तीसरी लहर की आशंका प्रबल हो। इसलिए घरों से निकलते वक्त मास्क जरूर पहनें और सामाजिक दूरी का पालन करते हुए एक-दूसरे के बीच दो गज की दूरी बनाकर रहें।

सर्वे में टीका लेने से कर दिया था इनकार, इमाम ने समझाया तो हो गए तैयार

0

-स्वास्थ्य विभाग और इमाम मोहम्मद अशफाक की मेहनत ने लाया रंग
-गोराडीह के डरहरपुर गांव के लोगों को अब टीका लेने में नहीं है एतराज

भागलपुर, 28 अक्टूबर

कोरोना उन्मूलन को लेकर स्वास्थ्य विभाग प्रतिबद्ध है। इसके लिए जिले के आखिरी व्यक्ति का टीकाकरण करना है। हालांकि अभी भी कुछ लोगों के मन में टीका के प्रति भ्रांतियां हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारी ऐसे लोगों को जागरूक करने के लिए हर तरह के प्रयास कर रहे हैं। गोराडीह प्रखंड के डरहरपुर गांव के लोग पिछले दिनों हुए सर्वे के दौरान टीका लेने से इंकार कर दिए थे। उनके मन में टीका के प्रति तमाम तरह के संदेह थे। परिस्थिति बहुत मुश्किल हो गई थी। जिले के सभी लोगों को टीका दिए बगैर कोरोना से मुक्त होना आसान नहीं है। अगर कुछ लोग भी बिना टीका लिए रह जाएंगे तो कोरोना के फिर से पांव पसारने की आशंका रहेगी।
ऐसी परिस्थिति में स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने स्थानीय इमाम साहब से मदद मांगी। इमाम मोहम्मद अशफाक ने भी खुशी-खुशी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ गांव के लोगों को समझाना शुरू किया। उनमें इस बात का भरोसा पैदा किया कि कोरोना का टीका आपकी सुरक्षा के लिए है। इससे किसी तरह का कोई खतरा नहीं है। अगर आप टीका नहीं लेंगे तो खतरा है। इमाम साहब की बातों को ग्रामीण टाल नहीं सके। आखिरकार टीका लेने के लिए तैयार हो गए। इमाम मोहम्मद अशफाक कहते हैं कि कोरोना टीका सभी के लिए जरूरी है। इसका धर्म से कोई वास्ता नहीं है। हिन्दू, मुस्लिम, सिख हो या ईसाई, हर धर्म के लोगों को कोरोना का टीका लेकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। इससे किसी तरह का कोई नुकसान भी नहीं होता है। सरकार ने तमाम तरह के शोध के बाद टीका को मंजूरी दी है। इसलिए टीका लेकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को निभाएं। जब यह बात मैंने लोगों को समझाया तो सभी लोग टीका लेने के लिए तैयार हो गए। काफी लोगों ने तो टीका लिया भी।
इमाम के जागरूकता के बाद टीका लेने वाले मोहम्मद फैसल कहते हैं कि टीका को लेकर मन में संकोच था। लग रहा था कि कुछ हो न जाए। इसलिए नहीं ले रहा था, लेकिन जब इमाम साहब ने समझाया तो फिर भरोसा हो गया। इसके बाद मैंने टीका ले लिया। मो. आबिद भी इमाम साहब के समझाने के बाद टीका लेने के लिए तैयार हुए। उन्होंने कहा कि इमाम साहब जब कह रहे हैं तो फिर कोई दिक्कत नहीं है। पहले मन में डर था। समाज में तमाम तरह की अफवाहें थीं। इस वजह से टीका नहीं लिया था। वहीं टीका लेने के बाद मोहम्मद खुर्शीद ने तो यहां तक कह दिया कि अब तो समय पर ही टीके की दूसरी डोज भी लेंगे। पहले हमलोग कुछ स्थानीय लोगों की बातों में आ गए थे। मन में भय हो गया था, लेकिन अब सभी कुछ खत्म हो गया है। इनलोगों का टीकाकरण कराने के दौरान एएनएम कनकलता कुमारी, आशा द्रक्षा व जाहिदा और केयर इंडिया के आलोक कुमार और डॉ. अरशद जावेद मौजूद थे।

390 केंद्रों पर 1.5 लाख लोगों को लगेंगे टीके

0

-कोरोना टीकाकरण को लेकर आज चलेगा महाअभियान
-कोरोना के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग का अभियान जारी

बांका, 27 अक्टूबर
कोरोना टीकाकरण को लेकर गुरुवार को एक बार फिर से महाअभियान चलाया जाएगा। इसे लेकर सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। जिले भर में लगभग 390 टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं, जहां पर 1.5 लाख लोगों को कोरोना का टीका देने का लक्ष्य रखा गया है। सभी टीकाकरण केंद्रों पर स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति कर दी गई है। इनलोगों को समय से थोड़ा पहले केंद्र पर पहुंचने के लिए कहा गया है, ताकि टीकाकरण अभियान में किसी तरह की देरी नहीं हो और लाभुकों को कोई परेशानी नहीं हो।
सिविल सर्जन डॉ. सुधीर कुमार महतो ने बताया कि महाअभियान को लेकर सारी तैयारी कर ली गई है। इस बार भी काफी संख्या में जिले के लोग कोरोना का टीका लें, इसे लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सभी केंद्रों पर पहली और दूसरी, दोनों डोज दी जाएगी। इसलिए जिनलोगों का समय पूरा हो गया है, वे लोग टीके की दूसरी डोज अवश्य लें। साथ ही जिनलोगों ने एक भी डोज नहीं लिया है, वे तत्काल अपने नजदीकी केंद्रों पर जाकर टीका लें। त्यौहार को लेकर बाहर से आने वाले लोग अगर टीका नहीं लिए हैं तो वह जरूर टीका लें। बाहर से आने वाले लोग अपनी कोरोना जांच जरूर कराएं।
सदर प्रखंड में बनाए गए 38 केंद्रः महाअभियान को लेकर बांका सदर प्रखंड में 38 टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों के लिए डाटा ऑपरेटर और एएनएम की नियुक्ति कर दी गई है। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. सुनील कुमार चौधरी ने बताया कि अभियान को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया गया है। साथ ही स्थानीय लोगों से अधिक से अधिक संख्या में आकर कोरोना का टीका लेने की अपील की गई है। आशा कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी सहायिका टीका नहीं लेने वालों को घरों से केंद्र तक लाने का काम करेंगी।
400 लोगों ने लिया कोरोना का टीकाः उधर, बुधवार को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के तहत 400 लोगों ने कोरोना का टीका लिया। टीका लेने वालों में पहली और दूसरी, दोनों डोज लेने वाले लोग शामिल थे। टीका देने के बाद सभी लोगों को 30 मिनट तक निगरानी में रखा गया। किसी को कोई परेशानी नहीं होने पर घर जाने दिया गया। साथ ही जिनलोगों ने कोरोना टीके की पहली डोज ली, उन्हें समय पर आकर दूसरी डोज लेने की हिदायत दी गई।
400 लोगों की हुई जांचः शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार को 200 लोगों की एंटीजन किट से जांच हुई। साथ ही 200 लोगों के सैंपल आरटीपीसीआर जांच के लिए लिया गया। डॉ. चौधरी ने बताया कि जांच में कोई भी व्यक्ति संक्रमित नहीं मिला, इसके बावजूद सभी लोगों को सतर्कता के साथ रहने के लिए कहा गया। घर से बाहर जाते वक्त मास्क लगाने और सामाजिक दूरी का पालन करने के लिए कहा गया। भीड़भाड़ से बचने और एक-दूसरे के बीच दो गज की दूरी बनाए रखने के लिए कहा गया। साथ ही बाहर से घर आने पर हर हाल में 20 सेकेंड तक हाथ की धुलाई करने के लिए कहा गया।

सुरक्षित गर्भ समापन मातृ मृत्यु दर में कमी लाने में कारगर

0

• सुरक्षित गर्भपात पर मीडिया उन्मुखीकरण कार्यशाला का हुआ आयोजन
• सामुदायिक जागरूकता बढ़ाने में मीडिया की भूमिका अहम्

पटना/ 27 अक्टूबर-

“असुरक्षित गर्भ समापन मातृ मृत्यु दर का एक प्रमुख कारक है और समुदाय में इस विषय पर जागरूकता फैलाने में मीडिया की सबसे अहम् भूमिका है”. उक्त बातें सुरक्षित गर्भपात पर मीडिया उन्मुखीकरण कार्यशाला में अपने संबोधन में आईपास डेवलपमेंट फाउंडेशन की प्रमुख तकनीकी विशेषग्य डॉ. संगीता बत्रा ने बतायी. पटना के एक निजी होटल में सुरक्षित गर्भपात एवं स्वास्थ्य एवं प्रजनन अधिकार विषय पर मीडिया कार्यशाला का आयोजन आईपास डेवलपमेंट फाउंडेशन द्वारा किया गया. कार्यशाला का शुभारंभ बिहार वोलंटरी हेल्थ एसोसियशन के कार्यपालक निदेशक स्वपन मजुमदार, आई पास के वरीय राज्य निदेशक निलेश कुमार एवं सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च बिहार के राज्य कार्यक्रम प्रबंधक रणविजय कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
सुरक्षित गर्भ समापन मातृ मृत्यु दर में कमी लाने में कारगर- स्वपन मजुमदार
बिहार वोलंटरी हेल्थ एसोसियशन के कार्यपालक निदेशक स्वपन मजुमदार ने बताया बिहार में एक वर्ष में होने वाले 12.5 लाख गर्भसमापन में से 84 प्रतिशत गर्भसमापन स्वास्थ्य केन्द्रों के बाहर होते हैं तथा 5 प्रतिशत गर्भसमापन अप्रशिक्षित सेवा प्रदाता द्वारा किये जाते हैं. असुरक्षित गर्भसमापन मातृ मृत्यु का एक प्रमुख कारण है, इसलिए इस विषय पर कार्य करने की नितांत जरुरत है.
असुरक्षित गर्भसमापन मातृ मृत्यु दर का एक प्रमुख कारक:
कार्यशाला को संबोधित करते हुए आईपास डेवलपमेंट फाउंडेशन की प्रमुख तकनीकी विशेषग्य डॉ. संगीता बत्रा ने बताया गर्भसमापन को लेकर समुदाय में कई भ्रांतियां व्याप्त हैं और असुरक्षित गर्भसमापन मातृ मृत्यु दर का एक प्रमुख कारक है. डॉ. बत्रा ने बताया कुल मातृ मृत्यु दर का 8 प्रतिशत आंकड़ा का कारण असुरक्षित गर्भसमापन है.
मीडिया की भूमिका सर्वोपरि:
सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च, बिहार के राज्य कार्यक्रम प्रबंधक रणविजय कुमार ने अपने संबोधन में कहा समुदाय में इस नाजुक एवं महत्वपूर्ण विषय को लेकर चर्चा एवं जागरूकता फैलाने में मीडिया अग्रणी भूमिका निभा सकता है. मीडिया की विश्वशनीयता असुरक्षित गर्भसमापन जैसे विषय पर समुदाय में लोगों को इसके खतरे से अवगत कराने में एक सशक्त सहयोगी साबित हो सकता है. समुदाय में इस विषय को लेकर भ्रांतियों को दूर करने और चर्चा की शुरुआत करने में मीडिया का रोल सर्वोपरी है.
अपने धन्यवाद ज्ञापन में आई पास के वरीय राज्य निदेशक निलेश कुमार ने सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद ज्ञापित किया और भविष्य में इस तरह के और कार्यक्रमों में सबकी सहभागिता की उम्मीद जताई.
कार्यशाला में सांझा प्रयास नेटवर्क के सदस्य रामचंद्र राय, अपर्णा कुमारी एवं गीतिका शर्मा ने अपने अनुभव साझा किये. बिहार वोलंटरी हेल्थ एसोसियशन के खुर्शीद एकराम अंसारी ने सांझा प्रयास नेटवर्क के बारे में विस्तार से बताया और उम्मीद जताई की मीडिया असुरक्षित गर्भपात जैसे संवेदनशील विषय पर भी आगे अपना सहयोग जारी रखेगा.
इस अवसर पर सुरक्षित गर्भसमापन विषय पर फोटो गैलरी एवं मीडिया कलेक्शन को भी प्रदर्शित किया गया. कार्यशाला में आये सभी प्रतिभागियों ने सहमती जताई कि क़ानूनी व सुरक्षित गर्भसमापन की जानकारी व सेवाएं बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा

प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर स्वस्थ भारत योजना से मजबूत होगी बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएं : क्षेत्रीय अपर निदेशक

0

– क्षेत्रीय कार्यक्रम प्रबंधन इकाई सभागार में प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण
– स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी योजना के उद्देश्य और महत्व से हुए अवगत

मुंगेर, 27अक्टूबर

सोमवार को प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी से प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर स्वस्थ भारत योजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुंगेर स्थित क्षेत्रीय कार्यक्रम प्रबंधन इकाई (आरपीएमयू) के सभागार में क्षेत्रीय अपर निदेशक डॉ. विजयेंद्र सत्यार्थी की अध्यक्षता में कार्यक्रम के लाइव प्रसारण का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय कार्यक्रम प्रबंधक रूप नारायण शर्मा, सिविल सर्जन हरेन्द्र आलोक, जिला कार्यक्रम प्रबंधक नसीम रजि, जिला लेखा प्रबंधक पंकज कुमार, जिला अनुश्रवण मूल्यांकन पदाधिकारी रचना कुमारी, जिला सामुदायिक समन्वयक निखिल राज, जिला योजना समन्वयक विकास कुमार, केयर इंडिया के प्रतिनिधि सहित कई अन्य जिलास्तरीय पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

– स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए सबसे बेहतर योजना :
क्षेत्रीय अपर निदेशक डॉ. विजयेंद्र सत्यार्थी ने बताया कि प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर स्वस्थ भारत योजना (पीएमएएसबीवाई) पूरे भारत में स्वास्थ्य देखभाल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए सबसे बड़ी योजनाओं में से एक होगी। यह योजना राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अतिरिक्त होगी। इस योजना का उद्देश्य शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में सार्वजनिक स्वास्थ्य के बुनियादी ढांचे, विशेष रूप से महत्वपूर्ण देखभाल सुविधाओं और प्राथमिक देखभाल में अंतराल को पाटना है। प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर स्वस्थ भारत योजना 10 विशेष रूप से चिह्नित किए गए राज्यों में 17,488 ग्रामीण स्वास्थ्य और कल्याण केंद्रों को सहायता देगी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास पर जोर देगी। इसके लिए सभी राज्यों में 11,024 शहरी स्वास्थ्य एवं आरोग्य केंद्र स्थापित किए जाएंगे। पांच लाख से अधिक आबादी वाले देश के सभी जिलों में एक्सक्लूसिव क्रिटिकल केयर अस्पताल के माध्यम से गहन देखभाल सेवाएं उपलब्ध होंगी। जबकि शेष जिलों को रेफरल सेवाओं के माध्यम से कवर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस योजना से मुंगेर जिले को बहुत उम्मीदें हैं। योजना के क्रियान्वयन से जिले में चिकित्सा संबंधी आधारभूत संरचनाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हो सकेगा, जिससे सभी जिलावासी लाभान्वित हो सकेंगे।

– जिले में एकीकृत जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला का होगा स्थापना :
सिविल सर्जन डाॅ.हरेन्द्र आलोक ने बताया कि प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर स्वस्थ भारत योजना के तहत जिलों में एकीकृत जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला स्थापित की जाएगी। इसके तहत देश के विभिन्न क्षेत्रों में नेशनल इंस्टीट्यूशन ऑफ वन हेल्थ, 4 नए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी, दक्षिण पूर्व एशिया क्षेत्र के लिए एक क्षेत्रीय अनुसंधान मंच, 9 जैव सुरक्षा स्तर प्रयोगशालाएं और पांच नए राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र स्थापित किए जाएंगे।

– स्वास्थ्य प्रणालियों की क्षमता होगी विकसित :
क्षेत्रीय कार्यक्रम प्रबंधक रूप नारायण शर्मा ने बताया, इस योजना का उद्देश्य देश के सुदूर हिस्सों में प्राथमिक, माध्यमिक और तृतीयक देखभाल स्वास्थ्य प्रणालियों की क्षमता विकसित करना है। इसके साथ ही देश में ही अनुसंधान, परीक्षण और उपचार के लिये एक आधुनिक व्यवस्थित तंत्र विकसित करना भी है। केंद्र सरकार ने स्वस्थ भारत योजना के लिये चार- स्तरीय रणनीति बनाई है, जिसमें स्वच्छ भारत अभियान, योग, गर्भवती महिलाओं व बच्चों की समय पर देखभाल और उपचार जैसे उपायों सहित बीमारी की रोकथाम व स्वास्थ्य कल्याण को बढ़ावा देना है। साथ ही समाज के वंचित वर्ग के लोगों को सस्ता और प्रभावी इलाज मुहैया कराना और स्वास्थ्य अवसंरचना व स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों की गुणवत्ता को बढ़ाना शामिल है।

कोविड वैक्सीनेशन मेगा कैंप आज, निकाली गई जागरूकता रैली

0

– लखीसराय पीएचसी अंतर्गत 32 सेशन साइटों पर लगेगा विशेष कोविड वैक्सीनेशन शिविर
– वैक्सीन से वंचित लोगों को प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा टीकाकृत

लखीसराय, 27 अक्टूबर

जिले में शत-प्रतिशत लोगों का कोविड वैक्सीनेशन जल्द से जल्द सुनिश्चित करने को लेकर लगातार विशेष वैक्सीनेशन के तहत शिविर आयोजित कर लोगों को वैक्सीन दी जा रही है। साथ ही हर जरूरी निर्णय भी लिए जा रहे और हर आवश्यक पहल भी की जा रही है। जिसका सार्थक परिणाम भी दिखने लगा है। वहीं, गुरुवार को संपूर्ण जिला सहित लखीसराय पीएचसी अंतर्गत विभिन्न गाँवों में विशेष वैक्सीनेशन अभियान चलाया जाएगा। जिसके माध्यम से विशेष कोविड वैक्सीनेशन शिविर आयोजित कर अबतक किसी भी कारणवश वैक्सीन से वंचित लोगों को टीकाकृत किया जाएगा। जिसकी सफलता को लेकर बुधवार को लखीसराय पीएचसी में स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई, जो पीएचसी से चलकर पूरे क्षेत्र का भ्रमण करते हुए नगर परिषद कार्यालय समीप पहुँच कर संपन्न हुई। इस दौरान वैक्सीनेशन के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए तरह-तरह के नारे लगाए गये। इस रैली में ऑगनबाड़ी सेविका, सहायिका समेत अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने भी भाग लिया।

– 32 सेशन साइटों पर विशेष कोविड वैक्सीनेशन शिविर का होगा आयोजन :
लखीसराय पीएचसी के प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक निशांत कुमार ने बताया, विशेष शिविर के सफल संचालन के लिए सारी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। ताकि शिविर में वैक्सीन लेने वालों लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हो और सभी लोग सुविधाजनक तरीके से वैक्सीन ले सकें तथा विशेष अभियान का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। वहीं, उन्होंने बताया कि पूरे प्रखंड में कुल 32 जगहों पर विशेष कोविड वैक्सीनेशन शिविर आयोजित कर लोगों को वैक्सीन दी जाएगी।

– वैक्सीन से वंचित लोगों को प्राथमिकता के आधार पर दी जाएगी वैक्सीन :
विशेष वैक्सीनेशन अभियान के तहत वैक्सीन से वंचित लोगों को प्राथमिकता के आधार पर वैक्सीन दी जाएगी। इसको लेकर सारी तैयारियाँ पूरी कर ली गई है। साथ ही सभी सेशन साइटों पर पर्याप्त संख्या में कर्मियों की तैनाती एवं वैक्सीन वाइल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। ताकि एक भी व्यक्ति को वैक्सीन के अभाव में लौटना नहीं पड़े।

– सभी सेशन साइटों पर पर दोनों डोज की दी जाएगी वैक्सीन :
सभी सेशन साइटों पर विशेष वैक्सीनेशन शिविर के दौरान दोनों डोज की वैक्सीन दी जाएगी। इसलिए, जो व्यक्ति पहला डोज ले चुके हैं और दूसरा डोज लेने की निर्धारित समय पूरा हो चुका है, वह अपने नजदीकी वैक्सीनेशन सेंटर पर जाकर वैक्सीन ले सकते हैं। ताकि सेकेंड डोज को भी गति मिल सके और इस महामारी से खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।

– इन मानकों का करें पालन और कोविड-19 संक्रमण से रहें दूर :
– मास्क का उपयोग और शारीरिक दूरी का पालन जारी रखें।
– विटामिन-सी युक्त पदार्थों का अधिक सेवन करें।
– साफ-सफाई का विशेष ख्याल रखें और सैनिटाइजर का उपयोग करें।
– नियमित तौर पर लगातार साबुन या अल्कोहल युक्त पदार्थों से अच्छी तरह हाथ धोएं।
– अनावश्यक घरों से बाहर नहीं निकलें और भीड़-भाड़ वाले जगहों से परहेज करें।

दिव्यांग अमित कुमार ने ली कोविड-19 वैक्सीन की पहली डोज

0

– स्वास्थ्य विभाग एवं केयर इंडिया टीम के सहयोग से अमित के घर पर जाकर दी गई वैक्सीन
– वैक्सीन के लिए अमित के परिवार वालों ने टीम का जताया आभार

खगड़िया, 27 अक्टूबर।
जिले में एक भी लोग वैक्सीन से वंचित नहीं रहें और जल्द से जल्द शत-प्रतिशत लोगों का वैक्सीनेशन सुनिश्चित हो, इसको लेकर लगातार कोविड वैक्सीनेशन अभियान चल रहा है। इस दौरान इस बात का भी विशेष ख्याल रखा जा रहा है कि किसी भी व्यक्ति को वैक्सीन लेने में किसी प्रकार की कोई असुविधा नहीं हो और सभी लोगों को सुविधाजनक तरीके से वैक्सीन दी जा सके। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ केयर इंडिया की टीम भी लोगों को बेहतर से बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कदम से कदम मिलाकर काम कर रही है। जिसे सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को स्वास्थ्य विभाग एवं केयर इंडिया की संयुक्त वैक्सीनेशन मोबाइल टीम खगड़िया शहरी पीएचसी अंतर्गत विश्वनाथ गाँव पहुँची। जहाँ शारीरिक एवं मानसिक रूप से दिव्यांग अमित कुमार, पिता – मोहन प्रसाद को कोविड वैक्सीन की पहली डोज दी। जबकि, शारीरिक पीड़ा के कारण अबतक अमित का वैक्सीनेशन नहीं हो पाया था। वहीं, वैक्सीनेशन मोबाइल टीम की इस पहल के लिए अमित के पिता समेत उसके परिवार वालों ने स्वास्थ्य विभाग एवं केयर इंडिया की टीम की सराहना करते हुए आभार जताया। परिवार वालों ने बताया, अगर सरकार एवं विभाग द्वारा वैक्सीनेशन मोबाइल टीम की सुविधा बहाल नहीं की गई होती तो शायद अमित वैक्सीनेटेड नहीं हो पाता। इस कार्य के लिए हम पूरे परिवार सरकार के साथ-साथ स्थानीय स्वास्थ्य विभाग एवं केयर इंडिया टीम को धन्यवाद देते हैं। वैक्सीनेशन टीम में केयर इंडिया की प्रखंड प्रबंधक रेणुका कुमारी, सीभीसी गुलशन कुमार, एएनएम सुमाला सुमन समेत स्थानीय आशा कार्यकर्ता शामिल थे।

– वैक्सीन से वंचित एक-एक व्यक्ति को चिह्नित कर किया जा रहा वैक्सीनेटेड :
केयर इंडिया के डीटीएल अभिनंदन आनंद ने बताया, जल्द से जल्द शत-प्रतिशत लोगों का वैक्सीनेशन सुनिश्चित करने को लेकर स्थानीय स्तर से हर जरूरी पहल की जा रही है। इसके लिए डोर-टू-डोर अभियान चलाकर किसी भी कारणवश अबतक वैक्सीन से वंचित लोगों को चिह्नित कर वैक्सीनेटेड किया जा रहा है। ताकि किसी भी स्थिति-परिस्थिति में एक भी व्यक्ति वैक्सीन से वंचित नहीं रहे और जल्द से जल्द सभी लोगों का सुविधाजनक तरीके से वैक्सीनेशन सुनिश्चित हो। शारीरिक एवं मानसिक पीड़ा के कारण अबतक वैक्सीन से वंचित अमित कुमार की जैसे ही जानकारी मिली कि तुरंत उनके घर वैक्सीनेशन मोबाइल टीम को भेजकर वैक्सीन दी गई। इसके अलावा अन्य वंचित लोगों को भी नियमित तौर पर चिह्नित किया जा रहा है। सभी वंचितों को उनके सुविधानुसार वैक्सीन दी जाएगी।

– ऑगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ता के सहयोग से वैक्सीन से वंचित लोगों को किया जा रहा है चिह्नित :
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ देवनंदन पासवान ने बताया, जिले के सभी प्रखंडों में अभियान चलाकर किसी भी कारणवश अबतक वैक्सीन से वंचित लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। यह कार्य संबंधित क्षेत्र की ऑगनबाड़ी सेविका एवं आशा कार्यकर्ताओं के सहयोग से हो रहा है। साथ ही इस दौरान वंचित लोगों की सूची तैयार कर उन्हें वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित भी किया जा रहा है।

– इन मानकों का करें पालन और कोविड-19 संक्रमण से रहें दूर :
– मास्क का उपयोग और शारीरिक दूरी का पालन जारी रखें।
– साफ-सफाई का विशेष ख्याल रखें और सैनिटाइजर का उपयोग करें।
– अनावश्यक घरों से बाहर नहीं निकलें और भीड़-भाड़ वाले जगहों से परहेज करें।
– बारी आने पर निश्चित रूप से वैक्सीनेशन कराएं और दूसरों को भी प्रेरित करें।

आज चलेगा टीकाकरण को लेकर महाअभियान

0

-महाअभियान में 2 लाख लोगों को टीका देने का लक्ष्य

-टीकाकरण को लेकर जिलेभर में बनाए गए हैं 678 केंद्र

भागलपुर, 27 अक्टूबर।
कोरोना टीकाकरण को लेकर गुरुवार को जिले में महाअभियान चलेगा। इसे लेकर जिले में 678 केंद्र बनाए गए हैं, जहां पर 2 लाख से अधिक लोगों को टीका देने का लक्ष्य रखा गया है। जरूरत पड़ने पर टीकाकरण केंद्र की संख्या बढ़ भी सकती है। इसे लेकर जिला स्वास्थ्य समिति ने तैयारी पूरी कर ली है। महाअभियान में कोरोना टीका की दूसरी डोज पर फोकस किया जाएगा। साथ ही बाहर से आने वाले वैसे लोग, जिन्होंने टीका नहीं लिया है, उनकों भी ढूंढकर टीका दिया जाएगा।
सिविल सर्जन डॉ. उमेश कुमार शर्मा ने बताया कि टीकाकरण को लेकर चलने वाले महाअभियान की सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। सभी केंद्रों को लिए डाटा ऑपरेटर, एएनएम व अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति कर दी गई है। सभी स्वास्थ्यकर्मियों को समय से कुछ देर पहले ही केंद्र पर पहुंचकर समय से टीकाकरण शुरू करने को कहा गया है। नोडल अधिकारी केंद्र का लगातार भ्रमण करेंगे, ताकि टीका लेने वाले लाभुकों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. मनोज कुमार चौधरी सभी केंद्रों पर टीका भेजने का काम सुनिश्चित करेंगे। इसके अलावा केयर इंडिया, यूएनडीपी समेत अन्य सहयोगी संस्था भी इसमें सहयोग करेंगे।
दूसरी डोज पर रहेगा फोकसः डॉ. उमेश कुमार शर्मा ने बताया कि महाअभियान में अधिक से अधिक लोगों को कोरोना का टीका प़ड़े, इस पर तो ध्यान रहेगा ही। साथ ही पहली डोज लेने के बाद जिनका समय पूरा हो गया है, उनकी दूसरी डोज पूरा कराने पर भी फोकस रहेगा। दोनों टीका लेने के बाद ही टीकाकरण की प्रक्रिया पूरी होगी, इसलिए सभी लोगों को समय पर दूसरा डोज पूरा हो जाए। इसे लेकर भी जिला स्वास्थ्य समिति गंभीर है। टीका लेने के लिए आने वाले लाभुकों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसका भी ध्यान रखा जा रहा है। टीका देने के बाद 30 मिनट तक लाभुकों को निगरानी में रखा जाएगा। किसी तरह की परेशानी नहीं होने पर लाभुकों को घर जाने दिया जाएगा।
एक केंद्र पर 150 लोगों सेअधिक को टीका देने का लक्ष्यः डॉ. उमेश कुमार शर्मा ने बताया कि महाअभियान के दौरान एक टीकाकरण केंद्र पर कम-से-कम 150 लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। संख्या इससे अधिक भी हो सकती है। इसके अलावा टीकाकरण का लक्ष्य हासिल करने के लिए शुक्रवार को जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका, आशा कार्यकर्ता, बीएलओ और विकास मित्र लोगों को कोरोना टीका लेने के लिए जागरूक करेंगे। जिन लोगों ने अभी तक कोरोना का टीका नहीं लिया है, उन्हें टीका लेने के प्रेरित करते हुए नजदीकी केंद्रों तक लाने का काम करेंगे। लोगों के मन में टीका के प्रति अगर किसी तरह का भ्रम होगा तो उसे भी ये लोग दूर करेंगे। उन्हें यह समझाएंगे कि कोरोना का टीका पूरी तरह से सुरक्षित है।