-जिलेभर में बनाए गए थे 330 कोरोना टीकाकरण केंद्र
-टीका लेने के लिए सुबह से ही लाभुक आ रहे थे केंद्र पर
बांका-
कोरोना टीकाकरण को लेकर मंगलवार को जिले में अभियान चलाया गया। जिले भर में बनाए गए 330 टीकाकरण केंद्र पर सुबह से ही काफी संख्या में लोग टीका लेने के लिए पहुंच रहे थे। यही कारण रहा कि लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया गया। जिले में 50000 लोगों को टीका देने का लक्ष्य रखा गया था और लगभग 53650 हजार लोगों को कोरोना का टीका दिया गया। टीकाकरण अभियान को सफल बनाने में स्वास्थ्यकर्मी लगे रहे। एएनएम और डाटा ऑपरेटर जहां केंद्रों पर समय से पहले पहुंच गए थे, वहीं आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका, आशा कार्यकर्ता, बीएलओ और विकास मित्र लोगों को टीकाकरण केंद्रों तक लाते दिखे।
सिविल सर्जन डॉ, सुधीर कुमार महतो ने बताया कि मंगलवार को चलाए गए अभियान में काफी संख्या में लोगों ने कोरोना का टीका लिया । खास बात यह रही दूसरा डोज लेने वाले भी काफी संख्या में केंद्रों तक पहुंचे। जो लोग टीका लेने से रह गए हैं, उनसे मेरी अपील है कि वह भी जल्द से जल्द टीका ले लें। अभी टीकाकरण चलता रहेगा। प्रतिदिन सभी प्रखंडों में टीकाकरण चलता रहेगा। कोरोना से बचने के लिए टीका लेना बहुत जरूरी है, इसलिए जो लोग छूट गए हैं वे जल्द से जल्द अपने नजदीकि केंद्रों पर जाकर कोरोना का टीका ले लें।
सदर प्रखंड में 5000 हजार लोगों ने लिए टीकेः दूसरी ओर बांका सदर प्रखंड के तहत 30 केंद्र बनाए गए थे, जहां पर कि 5000 हजार लोगों ने कोरोना के टीके लिए। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. सुनील कुमार चौधरी ने बताया कि टीका लेने वालों की कतारें सुबह से लग गई थीं। सभी स्वास्थ्यकर्मी भी टीकाकरण केंद्रों पर समय से पहले पहुंच गए थे। इस वजह से लाभुकों को टीका लेने में किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हुई। टीका देने के बाद सभी लाभुकों को 30 मिनट तक निगरानी में रखा गया। किसी तरह की परेशानी नहीं होने पर सभी लोगों को घर जाने दिया गया। साथ ही जिन लाभुकों ने कोरोना टीका का पहला डोज लिया, उन्हें समय पर आकर दूसरा डोज लेने के लिए कहा गया।
306 लोगों की हुई जांचः टीकाकरण के साथ ही कोरोना जांच भी जारी रही। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के तहत 206 लोगों की एंटीजन किट से जांच की गई। जांच में कोई भी व्यक्ति संक्रमित नहीं मिला। साथ ही 100 लोगों के सैंपल आरटीपीसीआर मशीन से जांच के लिए लिया गया। डॉ. चौधरी ने बताया कि यह बात सही है कि जांच में कोई भी व्यक्ति संक्रमित नहीं मिला, लेकिन सभी लोगों को सतर्कता के साथ रहने के लिए कहा गया। घर से बाहर जाते वक्त अनिवार्य़ तौर पर मास्क लगाने के लिए कहा गया। साथ ही सामाजिक दूरी का पालन करते हुए एक-दूसरे के बीच दो गज की दूरी बनाकर रहने के लिए कहा गया। इसके अलावा बाहर से घर आने पर 20 सेकेंड तक हाथ की धुलाई अनिवार्य तौर पर करने के लिए कहा गया।
महाअभियान में 53650 लोगों को पड़े कोरोना के टीके
कोरोना का टीका लीजिए और साथ में सर्टिफिकेट भी ले जाइए
नाथनगर के घोषी टोला स्थित टीकाकरण केंद्र पर आने वालों को मिल रही सुविधा
15 घंटे होता है टीकाकरण, केयर इंडिया करती है पूरी व्यवस्था
भागलपुर, 31 अगस्त
कोरोना टीकाकरण को लेकर जिले में मंगलवार को महाअभियान चलाया गया । जिले के लगभग 500 टीकाकरण केंद्रों पर टीका लेने के लिए लाभुक उत्साहित दिखे। टीकाकरण केंद्रों पर सुविधाओं को भी बढ़ाया जा रहा है। घंटाघर टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज स्थित टीकाकरण केंद्र और आईएमए स्थित टीकाकरण केंद्र पर 12 घंटे की टीकाकरण की सुविधा है तो नाथनगर के घोषी टोला स्थित टीकाकरण केंद्र पर 15 घंटे टीकाकरण की व्यवस्था है। यहां पर सुबह छह से रात के नौ बजे तक लोगों को कोरोना का टीका दिया जाता है। सबसे खास बात यह है कि इस केंद्र पर लाभुकों को विशेष सुविधाएं मिल रही हैं। अब इस केंद्र पर लाभुकों को टीका देने के साथ ही मौके पर प्रिंट आउट निकालकर सर्टिफिकेट भी दिया जा रहा है। इस टीकाकरण केंद्र की पूरी व्यवस्था केयर इंडिया की तरफ से की जा रही है।
सिविल सर्जन डॉ. उमेश कुमार शर्मा कहते हैं कि घोषी टोला टीकाकरण केंद्र पर बहुत ही बेहतर व्यवस्था है। सबसेअच्छी बात यह है कि यहां पर लगातार सुविधाओं में बढ़ोतरी भी हो रही है। ड्राइव थ्रू वैक्सीनेशन के बाद मौके पर सर्टिफिकेट प्रदान कराना एक अच्छी पहल है। पढ़े-लिखे लोग तो मोबाइल पर अपना सर्टिफिकेट अपलोड कर लेते हैं, लेकिन जो कम-पढ़े लोग हैं और या फिर अधिक उम्र के लोग उन्हें सर्टिफिकेट निकालने में थोड़ी परेशानी हो सकती है, लेकिन मौके पर ही सर्टिफिकेट दे देने से उन्हें ऐसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
केयर इंडिया के डीटीएल डॉ. निनकुश अग्रवाल ने कहा कि केयर इंडिया की टीम दिनभर यह देखती रहती है कि लाभुकों को किसी तरह की परेशानी तो नहीं हो रही है। अगर उन्हें कोई परेशानी हो रही है तो तत्काल उसका निदान किया जाता है। उन्होंने कहा कि उनकी टीम सुबह से लेकर देर रात तक यहां पर तैनात रहती है। यहां पर वेटिंग रूम में मनोरंजन की सुविधा भी मौजूद है। इसके अलावा साफ-सफाई का बेहतर ध्यान दिया जाता है। गंदगी न फैले, इसे लेकर लगातार सफाई का काम होता है। इस केंद्र पर कोरोना की गाइडलाइन का पालन कराया जाता है। लोग मास्क पहनते हैं। साथ में सामाजिक दूरी का पालन करते हुए एक-दूसरे के बीच दो गज की दूरी रखते हैं।
ड्राइव थ्रू वैक्सीनेशन आकर्षण का केंद्रः वैसे तो इस केंद्र पर हर तरह की सुविधा मौजूद है, लेकिन ड्राइव थ्रू वैक्सीनेशन को लेकर लोगों में ज्यादा क्रेज है। बुजुर्ग महिलाएं या फिर दिव्यांग को मौके पर जाकर ही टीका लगाया जा रहा है। इस वजह से इस केंद्र पर ज्यादा संख्या में बड़े-बुजुर्ग आ रहे हैं। अब बाढ़ खत्म हो गई है तो इस केंद्र पर टीका लेने वालों की संख्या में बढ़ोतरी भी हो रही है। यहां पर टीका लेने के लिए आने वाले लोग यहां पर तैनात स्वास्थ्यकर्मियों की तारीफ भी करते हैं। उनका कहना है कि ये लोग काफी सपोर्टिव हैं।
भविष्य का रास्ता वर्तमान से ही होकर गुजरता है: डॉ. अजय
• फेयरगेज़ के कार्यक्रम में स्कूली बच्चों को कैरियर चुनाव की बारीकियों से कराया अवगत
• भविष्य को संवारने के दिए कई जरुरी टिप्स
• बेहतर भविष्य के लिए वर्तमान समय के सदुपयोग पर दिया बल
पटना:
‘‘क्या मुझे फ़ैशन डिजाइनर का कोर्स करना चाहिए? क्या मैं एक सफ़ल चिकित्सक बन सकता हूँ? मेरे लिए सबसे बेहतर कैरियर क्या होगा’’। ऐसे कई सवालों का सहजता एवं विस्तारपूर्वक उत्तर दे रहे थे डॉ. अजय कुमार सिंह। मौका था स्कूली बच्चों के कैरियर चुनाव की मुश्किलों को दूर करने के लिए फेयरगेज़ द्वारा आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम। स्कूली बच्चों के बीच काम करने वाली संस्था फेयरगेज़ के कार्यक्रम में बच्चों को संबोधित करते हुए डॉ. अजय ने बच्चों को अपने भविष्य सुरक्षित और सुनिश्चित करने के विषय में कई जरुरी टिप्स दिए। ज्ञात हो कि डॉ. अजय नई दिल्ली के इन्द्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी के टेकनिया इंस्टीट्यूट ऑफ़ एडवांस स्टडीज़ में सहायक प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं।दूसरी तरफ वह कई सोशल प्लेटफार्म के जरिए युवाओं की शैक्षणिक, व्यक्तिगत एवं मानसिक विकास करने में भी जुटे हैं। ‘डॉ. अजय स्पीक्स’ नाम से उनका यू-ट्यूब चैनल भी है, जो युवाओं के बीच काफी तेजी से लोकप्रिय भी हो रहा है।
कैरियर के विकल्पों को सीमित न करें, सफ़लता के चार सूत्रों को रखें याद:
डॉ. अजय ने बताया कि केवल डॉक्टर, इंजीनियर और आइएस ही करियर विकल्प नहीं है। इसके अलावा कई ऐसे विकल्प हैं जो भविष्य में बच्चों को पद, प्रतिष्ठा, पैसा और पहचान दे सकते हैं। जानकारी के अभाव में बच्चो को कुछ पारंपरिक रास्तों पर ही चलने को बाध्य होना पड़ता है। बच्चों से ज्यादा अभिभावक को करियर के विभिन्न विकल्पों के लिए रिसर्च करना होगा और जानकारी लेनी होगी। उन्होंने सफ़लता के लिए चार सूत्रों को उपयोगी बताया। जिसमें उन्होंने खुद को स्वीकार करने, खुद को जानने, खुद की रचना करने एवं स्वयं से साक्षात्कार करने को सफ़ल होने के लिए जरुरी बताया।
ख़ुद को स्वीकार कर स्वयं की शक्ति की पहचान करना जरुरी:
डॉ. अजय ने बताया कि खुद को स्वीकार करना सबसे पहला रास्ता है। खुद को स्वीकारना मतलब खुद की अच्छाइयों को भी जानना तथा खुद की बुराइयों को भी जानना है। इस तरह एक छात्र अपनी मजबूती और कमजोरी से रूबरू हो जाता है। एक बार जब छात्र को अपने बारे में पता चल जाता है उसके बाद वह खुद का सृजन शुरू कर देता है। अपनी अच्छी आदतों को और मजबूत करता है। ज्यादा समय देता है। वही बुरी आदतों से दूरी बनाना शुरू कर देता है। धीरे-धीरे समय के साथ उसकी जो बुरी आदतें होती है वह भी बदलकर अच्छी आदतों में तब्दील हो जाती है। इस तरह व्यक्ति अपना रचनाकार खुद बन जाता है।
खुद को निर्मित करने के बाद स्वयं से साक्षात्कार है मुमकिन:
डॉ. अजय ने कहा कि एक बार जब व्यक्ति अपनी रचना खुद कर लेता है उसके बाद सफलता के तमाम मापदंड को हासिल करने में सक्षम होता है। खुद का विकास करना मतलब अपने साथ परिवार, समाज और देश का विकास करना है। एक बार जब व्यक्ति हर क्षेत्र में मनचाहा विकास प्राप्त कर लेता है तो अगला पड़ाव खुद से साक्षात्कार करना होता है। मतलब हम खुद को बताते हैं जो हमने सोचा था वह हमने प्राप्त किया। अपने करनी पर गर्व की अनुभूति करना है।
लखीसराय में चल रहे वैक्सीनेशन महाअभियान से कोरोना की स्थिति में लगातार हो रहा है सुधार
– सदर अस्पताल सहित सभी सेशन साइट पर वैक्सीनेशन के लिए आने वाले लोगों को दी जा रही है बेहतर सेवाएं
– स्वास्थ्य विभाग की आम लोगों से सतर्कता एवम संयम की अपील ताकि कोरोना संक्रमण से मुक्त हो लखीसराय
लखीसराय-
कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए जिले में लगातार चल रहे वैक्सीनेशन एवं जांच अभियान का अब सकारात्मक प्रभाव दिखने लगा है। अब संक्रमितों की संख्या भी लगातार कम हो रही है। बावजूद इसके अभी और सतर्क और सावधान रहने की जरूरत है। स्वास्थ्य विभाग का यह मानना है कि यदि हम इसी तरह धैर्य और संयम का परिचय देते हुए सतर्कता बनाएं रखें तो इस वैश्विक महामारी को निश्चित रूप से पूरी तरह मात देने में सफल हो सकते हैं। इसके साथ बीमारी के स्थाई निजात की ओर भी बढ़ सकते हैं। इसीलिए अभी इस वैश्विक महामारी को जड़ से मिटाने एवं स्थाई निजात के लिए और भी सतर्क और सावधान रहने की आवश्यकता है।
जिले के सभी सेशन साइट पर वैक्सीनेशन के लिए आने वाले लोगों से सतर्कता के साथ संयम बरतने की अपील :
लखीसराय के जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार भारती ने बताया कि सदर अस्पताल सहित जिला के सभी सेशन साइट पर वैक्सीनेशन के लिए आने वाले लोगों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक प्रबन्ध किए गए हैं । यहां लोगों की सुविधा के लिए टेंट के साथ -साथ पेयजल और शौचालय की भी ब्यवस्था है। जिला में अन्य जगह वैक्सीन की वाइल समाप्त हो जाने के बाद भी सदर अस्पताल में वैक्सीन की वाइल मौजूद रहती है। वैक्सीन की उपलब्धता को लेकर लोगों को घबड़ाने की आवश्यकता नहीं है। वैक्सीनेशन के लिए आने वाले सभी लोगों को वैक्सीन लगेगी लेकिन इसके लिए सभी लोग पूरी सतर्कता के साथ कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए एक दूसरे से कम से कम दो गज की दूरी रखें एवम हमेशा संयम का परिचय दें तभी सबों के सहयोग से इस महाअभियान को पूरा किया जा सकेगा । मैं सभी जिले वासियों से सामाजिक सहयोग जारी रखने की अपील करता हूँ। इससे ना सिर्फ हम वैश्विक महामारी को मात देने में सफल हो सकते हैं। बल्कि, इसे पूरी तरह जड़ से मिटा भी सकते हैं। इसलिए, सभी लोग एहतियात जारी रखें और सरकार के गाइडलाइन का पालन करें।
– मरीजों को मिल रही है बेहतर स्वास्थ्य सुविधा :
इस वैश्विक महामारी से संक्रमित होने वाले मरीजों को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराया जा सके इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग बेहद सजग और गंभीर है। जिसका परिणाम यह है कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल भी रही है और लोग इस महामारी को मात भी दे रहे हैं। जिले में लगातार बढ़ रही रिकवरी रेट और घट रही संक्रमितों की संख्या भी इस बात का प्रमाण है। प्रत्येक मरीजों को समुचित स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिले, इसको लेकर एक-एक मरीजों पर नजर रखी जा रही है।
कोरोना काल में इन मानकों का करें पालन कर कोविड-19 संक्रमण से रहें दूर रहें :-
– मास्क का करें उपयोग और शारीरिक दूरी के नियम का जारी रखें पालन।
– विटामिन-सी युक्त पदार्थों का अधिक करें सेवन ।
– साफ-सफाई का रखें विशेष ख्याल और सैनिटाइजर का हमेशा करें उपयोग ।
– बासी और बाहरी खाना खाने से परहेज एवं गर्म और ताजा खाना का सेवन करें।
– अनावश्यक घरों से बाहर नहीं निकलें और भीड़-भाड़ वाले जगहों से परहेज करें।
खगड़िया जिले में आज चलेगा विशेष कोविड-19 वैक्सीनेशन महाअभियान, तैयारी पूरी
– लक्ष्य है 40 हजार लोगों का वैक्सीनेशन, 189 केंद्रों पर दी जाएगी वैक्सीन
– महाअभियान की सफलता को लेकर डीडीसी ने स्वास्थ्य विभाग समेत जिले के तमाम पदाधिकारियों के साथ की बैठक, दिए निर्देश
खगड़िया-
जल्द से जल्द शत-प्रतिशत लोगों का वैक्सीनेशन सुनिश्चित हो, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासनिक पदाधिकारी काफी तत्पर हैं | जिले में लगातार कोविड-19 वैक्सीनेशन अभियान चल रहा है। जिसे और तेज गति देने के लिए जिले में एकबार फिर मंगलवार को विशेष वैक्सीनेशन अभियान चलाया जाएगा। जिसकी सफलता को लेकर प्रभारी जिलाधिकारी सह डीडीसी (उप विकास आयुक्त) अभिलाषा कुमारी शर्मा ने जिले के स्वास्थ्य विभाग समेत जिले के तमाम पदाधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें महाअभियान की सफलता को लेकर कई आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में एडीएम शत्रुंजय कुमार मिश्रा, जिला पीजीआरओ भूपेंद्र प्रसाद यादव, सिविल सर्जन अजय कुमार सिंह, डीपीआरओ संजय कुमार वर्मा, एसडीओ धर्मेंद्र कुमार, सुभाष चंद्र मंडल, भूमि सुधार उप समाहर्ता जनक कुमार, राहुल कुमार, ओएसडी श्री चंदन कुमार, अनुमंडलीय पीजीआरओ नवाजिश अख्तर, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी देवनंदन पासवान, डीपीएम (हेल्थ) पवन कुमार, केयर इंडिया के डीटीएल अभिनंदन आनंद, डॉ शशि, डब्ल्यूएचओ के प्रतिनिधि डॉ वरुण समेत जिले के सभी सीओ, बीडीओ, सीडीपीओ, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी समेत अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया।
– महाअभियान के तहत 40 हजार लोगों को वैक्सीनेटेड करने का है लक्ष्य :
प्रभारी जिलाधिकारी सह डीडीसी अभिलाषा कुमारी शर्मा ने बताया, मंगलवार को जिले भर में विशेष वैक्सीनेशन महाअभियान चलाया जाएगा। जिसकी सफलता को लेकर सारी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं । महाअभियान के तहत 40 हजार लोगों को वैक्सीनेटेड करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इससे पूर्व भी एक दिन में 27 हजार से अधिक लोगों को वैक्सीनेटेड किया जा चुका है। इसलीए, इसबार भी जिले के तमाम पदाधिकारियों एवं कर्मियों की पहल और जिले के तमाम जनमानस के सहयोग हर हाल में निर्धारित लक्ष्य पूरा किया जाएगा। वहीं, उन्होंने बताया, जल्द से जल्द शत-प्रतिशत लोगों का वैक्सीनेशन सुनिश्चित हो और एक भी लोग वैक्सीन से वंचित नहीं रहें, इसको लेकर तमाम पदाधिकारी एवं कर्मी प्रयासरत हैं ।
– महाअभियान की सफलता को लेकर जिले में बनाए गए 189 वैक्सीनेशन सेटर :
जिला सिविल सर्जन डॉ अजय कुमार सिंह ने बताया, महाअभियान की सफलता को लेकर जिले में कुल 189 वैक्सीनेशन सेंटर बनाएं गए हैं । ताकि लोगों को वैक्सीन लेने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो और सभी लोग सुविधाजनक तरीके से अपने नजदीकी सेंटर पर जाकर वैक्सीन ले सकें। सभी सेंटरों पर सुबह के 07 बजे से ही वैक्सीनेशन का कार्य शुरू हो जाएगा। इसको लेकर सारी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं और संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। साथ ही हर हाल में निर्धारित समय पर अपने-अपने सेंटर पर पहुँच जाने का सख्त निर्देश दिया गया। वैक्सीनेशन कार्य का शाम के 05 बजे तक संचालन होगा।
– सभी सेंटरों पर दी जाएगी वैक्सीन की दोनों डोज :
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ देवनंदन पासवान ने बताया, जिले के सभी वैक्सीनेशन सेंटरों पर पहली एवं दूसरी दोनों डोज दी जाएगी । इसलिए, जो लोग पहली डोज ले चुके हैं और दूसरी डोज लेने का प्रोटोकॉल के अनुसार समयावधि पूरा हो चुका है। वह अपने नजदीकी वैक्सीनेशन सेंटर पर आकर दूसरा डोज भी ले सकते हैं। वहीं, उन्होंने बताया, प्रत्येक सेंटर पर कम से कम 200 से 250 लोगों का वैक्सीन देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
– महाअभियान की सफलता को लेकर लोगों को वैक्सीनेशन सेंटर की जानकारी देकर किया जाएगा जागरूक :
केयर इंडिया के डीटीएल अभिनंदन आनंद ने बताया, इस महाअभियान की सफलता को लेकर स्वास्थ्य टीम द्वारा घर-घर जाकर लोगों को उनके नजदीकी वैक्सीनेशन सेंटर की जानकारी दी जाएगी और उन्हें वैक्सीन लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा | ताकि सभी लोगों को अपने नजदीकी वैक्सीनेशन सेंटर की जानकारी मिल सके और वह सुविधाजनक तरीके से वैक्सीन ले सकें ।
– इन मानकों का करें पालन और कोविड-19 संक्रमण से रहें दूर :
– मास्क का उपयोग और शारीरिक दूरी का पालन जारी रखें।
– बारी आने पर निश्चित रूप से वैक्सीनेशन कराएं और दूसरों को भी प्रेरित करें।
– साफ-सफाई का विशेष ख्याल रखें और सैनिटाइजर का उपयोग करें।
– अनावश्यक घरों से बाहर नहीं निकलें और भीड़-भाड़ वाले जगहों से परहेज करें।
– वैक्सीनेशन के साथ और बाद प्रोटोकॉल का पालन करें।
पोषण अभियान: 01 से 30 सितंबर तक जिलाभर में मनाया जाएगा राष्ट्रीय पोषण माह
-पोषण माह की सफलता को ले केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास और आईसीडीएस निदेशालय ने जारी की चिट्ठी
– राष्ट्रीय पोषण माह में आंगनबाड़ी से परियोजना और जिलास्तर पर आयोजित की जाएंगी विभिन्न गतिविधियां
मुंगेर-
पोषण अभियान के तहत जिलाभर में आगामी 01 से 30 सितंबर तक राष्ट्रीय पोषण माह मनाया जाएगा। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्र के साथ-साथ परियोजना स्तर और जिलास्तर पर विभिन्न प्रकार की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी । “कुपोषण छोड़ पोषण की ओर, थामें स्थानीय भोजन की डोर” की थीम पर आयोजित किए जाने वाले राष्ट्रीय पोषण माह के सफल संचालन को ले भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग और राज्य सरकार के समाज कल्याण विभाग के तहत समेकित बाल विकास सेवाएं (आईसीडीएस) निदेशालय ने चिट्ठी जारी की है।
01 से 15 सितंबर तक वृद्धि निगरानी अभियान
समेकित बाल विकास सेवाएं (आईसीडीएस) मुंगेर की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) वंदना पांडेय ने बताया कि राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान 01 से 15 सितंबर तक वृद्धि निगरानी अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान आंगनबाड़ी सेविका, आशा एवं एएनएम के साथ समन्वय स्थापित कर अपने आंगनबाड़ी केंद्र के पोषक क्षेत्र के 0 से 06 वर्ष तक के सभी बच्चों का वजन, लंबाई और ऊंचाई की माप करेंगी ताकि बच्चों के पोषण स्तर के अनुसार सामान्य, कुपोषित और अतिकुपोषित बच्चों की पहचान की जा सके।
कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए पोषण परामर्श केंद्र का संचालन किया जाएगा-
इसके साथ ही सम्पूर्ण पोषण माह के दौरान जिलास्तर पर सदर अस्पताल एवं जिला कार्यक्रम कार्यालय परिसर में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) की देखरेख में तथा प्रखण्ड स्तर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बाल विकास परियोजना कार्यालय या प्रखण्ड कार्यालय परिसर में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) की देखरेख में कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए पोषण परामर्श केंद्र का संचालन किया जाएगा। इस दौरान आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका,आशा, एएनएम, ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवम पोषण समिति (वीएचएस एनसी) के सदस्यों, शिक्षकों, विकास मित्र, जीविका समूह के सदस्यों के द्वारा स्थानीय वयस्क लोगों के सहयोग से पोषण रैली का आयोजन किया जाएगा।
1 से 7 सितंबर के दौरान शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता के लिए जागरुकता अभियान
डीपीओ ने बताया कि 1 से 7 सितंबर के दौरान शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता के लिए जागरूकता अभियान एवम समितियों की बैठक में पोषण पर चर्चा के साथ ही जिला एवं प्रखण्ड स्तर पर पोषण संबंधी संदेशों का प्रचार- प्रसार किया जाएगा। इसके साथ हीं आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय एवम ग्राम पंचायत स्तर पर पौधरोपण एवम पोषण वाटिका का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा परियोजना स्तर पर गर्भवती महिलाओं को पोषण युक्त आहार लेने के लिए प्रेरित करने के लिए स्लोगन लेखन प्रतियोगिता, आंगनबाड़ी केंद्र पर एनीमिया पर जागरूकता के लिए सेल्फी प्रतियोगिता, परियोजना स्तर पर उत्कृष्ट पोषण वाटिका प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
8 से 15 सितंबर के दौरान प्रसव पूर्व देखभाल एवम गर्भवती, धातृ महिलाओं के बेहतर पोषण के लिए योगाभ्यास/आयुष अभ्यास
उन्होंने बताया कि 8 से 15 सितंबर के दौरान प्रसव पूर्व देखभाल एवम गर्भवती, धातृ महिलाओं के बेहतर पोषण के लिए योगाभ्यास/आयुष अभ्यास के जन जागरूकता अभियान के साथ-साथ 8 से 10 बच्चों के साथ विद्यालयों में पोषण कक्षा का संचालन एवं चेतना सत्र के दौरान पोषण संबंधी प्रश्नोतरी का आयोजन किया जाएगा।
16 से 23 सितंबर के दौरान जिला स्तर पर पोषण संबंधी समन्वय समिति की बैठक
16 से 23 सितंबर के दौरान जिला स्तर पर पोषण संबंधी समन्वय समिति की बैठक एवं पोषण पंचायत का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान बोतल से दूध पिलाने मुक्त गांव घोषित करने के अभियान के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों पर स्थानीय खाद्य सामग्री का प्रदर्शन और कृमि नाशक अभियान का भी संचालन किया जाएगा।
24 से 30 सितंबर तक दुकानों में पोषण सुरक्षा मानकों की जांच
24 से 30 सितंबर तक स्थानीय बाजार में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के द्वारा स्थानीय भोजनालयों, खाद्य सामग्रियों की दुकानों में पोषण सुरक्षा मानकों की जांच और सभी आंगनबाड़ी केंद्रों अति कुपोषित बच्चों की पहचान कर रेफ़रल अस्पताल भेजने का अभियान चलाया जाएगा।
आज चलेगा टीकाकरण को लेकर महाअभियान
-महाअभियान में 75 हजार लोगों को टीका देने का लक्ष्य
-टीकाकरण को लेकर जिलेभर में बनाए गए हैं 471 केंद्र
भागलपुर-
कोरोना टीकाकरण को लेकर मंगलवार को जिले में महाअभियान चलेगा। इसे लेकर जिले में 471 केंद्र बनाए गए हैं, जहां पर 75 हजार से अधिक लोगों को टीका देने का लक्ष्य रखा गया है। सबसे अधिक कहलगांव में 51 केंद्र बनाए गए हैं, जबकि सबसे कम रंगरा प्रखंड में 14 केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा भागलपुर शहरी क्षेत्र में 40, सुल्तानगंज में 40, शाहकुंड में 30, नाथनगर में 30, जगदीशपुर में 35, गोराडीह में 18, सन्हौला में 30, सबौर में 30, पीरपैंती में 35, नारायणपुर में 18, बिहपुर में 21, खरीक में 21, नवगछिया में 30, गोपालपुर में 18 और इस्माइलपुर में 10 टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं। जरूरत पड़ने पर टीकाकरण केंद्र की संख्या बढ़ भी सकती है।
महाअभियान की सारी तैयारी पूरी
सिविल सर्जन डॉ. उमेश कुमार शर्मा ने बताया कि टीकाकरण को लेकर चलने वाले महाअभियान की सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। सभी केंद्रों को लिए डाटा ऑपरेटर, एएनएम व अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति कर दी गई है। सभी स्वास्थ्यकर्मियों को समय से कुछ देर पहले ही केंद्र पर पहुंचकर समय से टीकाकरण शुरू करने को कहा गया है। नोडल अधिकारी केंद्र का लगातार भ्रमण करेंगे, ताकि टीका लेने वाले लाभुकों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. मनोज कुमार चौधरी सभी केंद्रों पर टीका भेजने का काम सुनिश्चित करेंगे। इसके अलावा केयर इंडिया, यूएनडीपी समेत अन्य सहयोगी संस्था भी इसमें सहयोग करेंगे।
दूसरे डोज पर रहेगा फोकसः
डॉ. उमेश कुमार शर्मा ने बताया कि महाअभियान में अधिक से अधिक लोगों को कोरोना का टीका प़ड़े, इस पर तो ध्यान रहेगा ही। साथ ही पहला डोज लेने के बाद जिनका समय पूरा हो गया है, उनका दूसरा डोज पूरा कराने पर भी फोकस रहेगा। दोनों टीका लेने के बाद ही टीकाकरण की प्रक्रिया पूरी होगी, इसलिए सभी लोगों को समय पर दूसरा डोज पूरा हो जाए। इसे लेकर भी जिला स्वास्थ्य समिति गंभीर है। टीका लेने के लिए आने वाले लाभुकों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसका भी ध्यान रखा जा रहा है। टीका देने के बाद 30 मिनट तक लाभुकों को निगरानी में रखा जाएगा। किसी तरह की परेशानी नहीं होने पर लाभुकों को घर जाने दिया जाएगा।
एक केद्र पर 150 लोगों को टीका देने का लक्ष्यः
डॉ. उमेश कुमार शर्मा ने बताया कि महाअभियान के दौरान एक टीकाकरण केंद्र पर कम-से-कम 150 लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। संख्या इससे अधिक भी हो सकती है। इसके अलावा टीकाकरण का लक्ष्य हासिल करने के लिए मंगलवार को जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका, आशा कार्यकर्ता, बीएलओ और विकास मित्र लोगों को कोरोना टीका लेने के लिए जागरूक करेंगे। जिन लोगों ने अभी तक कोरोना का टीका नहीं लिया है, उन्हें टीका लेने के प्रेरित करते हुए नजदीकि केंद्रों तक लाने का काम करेंगे। लोगों के मन में टीका के प्रति अगर किसी तरह का भ्रम होगा तो उसे भी ये लोग दूर करेंगे। उन्हें यह समझाएंगे कि कोरोना का टीका पूरी तरह से सुरक्षित है।
कोरोना टीकाकरण को लेकर आज चलेगा महाअभियान
-जिले में 50 हजार लोगों को कोरोना टीका देने का लक्ष्य
-महाअभियान को लेकर जिले में बनाए गए हैं 330 केंद्र
बांका-
कोरोना टीकाकरण को लेकर मंगलवार को जिले में महाअभियान चलाया जाएगा। इसे लेकर जिले में 330 टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं। महाअभियान में 50 हजार को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसे लेकर सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। सभी टीकाकरण केंद्रों के लिए स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति कर दी गई है। एएनएम और डॉटा ऑपरेटर को समय से केंद्र पर पहुंचने के लिए कह दिया गया है। नोडल पदाधिकारी लगातार अपने क्षेत्र में भ्रमण करेंगे। साथ ही लाभुकों का टीकाकरण सही तरीके से हो, इस पर नजर रखेंगे।
महाअभियान की सारी तैयारी पूरी कर ली गई है –
सिविल सर्जन डॉ. सुधीर कुमार महतो ने बताया कि टीकाकरण को लेकर चलने वाले महाअभियान की सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। जिले के सभी लोगों को जल्द से जल्द कोरोना का टीका लग जाए, इसे लेकर जिला स्वास्थ्य समिति गंभीर है। जिले में सभी दिन टीकाकरण तो चल ही रहा है, साथ में बीच-बीच में लगातार महाअभियान भी चल रहा है। इसलिए जिले के वैसे लोग जिन्होंने अभी तक कोरोना का टीका नहीं लिया है, वह अपने नजदीकी केंद्रों पर जाकर टीका ले लें। साथ ही जिनका दूसरा डोज लेने का समय पूरा हो गया है, वह निश्चित तौर पर समय सीमा के अंदर दूसरा डोज ले लें। कोरोना से बचने के लिए टीका लेना बहुत ही जरूरी है। इसलिए टीका लेने में किसी तरह की लापरवाही नहीं करें। साथ ही टीका पूरी तरह से सुरक्षित है। किसी तरह का कोई साइड इफेक्ट नहीं होगा, इसलिए टीका लेने में किसी तरह का संकोच नहीं करें।
सदर प्रखंड में बनाए गए हैं 30 केंद्रः
टीकाकरण महाअभियान को लेकर सदर प्रखंड में 30 केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर कम-से-कम 250 लोगों को कोरोना का टीका देने का लक्ष्य रखा गया है। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. सुनील कुमार चौधरी ने कहा कि इसे लेकर सोमवार को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डाटा ऑपरेटर, कार्यपालक सहायक और विकास मित्र को प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान सभी स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देशित किया गया कि टीकाकरण के दौरान लाभुकों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसका विशेष तौर पर ख्याल रखें। साथ ही सभी लोग अपने-अपने साइट पर समय से थोड़ा पहले पहुंचकर अपना काम समय से शुरू करें। लाभुक अपना आधार कार्ड और मोबाइल नंबर जरूर साथ में रखें। रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया बहुत ही आसान है। किसी को कोई परेशानी नहीं होगी।
लोगों को किया जाएगा जागरूकः
टीकाकरण का लक्ष्य हासिल करने के लिए मंगलवार को जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका, आशा कार्यकर्ता, बीएलओ और विकास मित्र लोगों को कोरोना टीका लेने के लिए जागरूक करेंगे। जिन लोगों ने अभी तक कोरोना का टीका नहीं लिया है, उन्हें टीका लेने के प्रेरित करते हुए नजदीकी केंद्रों तक लाने का काम करेंगे। लोगों के मन में टीका के प्रति अगर किसी तरह का भ्रम होगा तो उसे भी ये लोग दूर करेंगे। उन्हें यह समझाएंगे कि कोरोना का टीका पूरी तरह से सुरक्षित है।
मीडिया का कार्य चुनौतीपूर्ण: मृदुला घई
नईदिल्ली-
कहा जाता है जहां न पहुंचे रवि वहां पहुंचे कवि इस कथन को हमेशा अपने कृतित्व एवं व्यक्तित्व से चरितार्थ करती रही हैं कवयित्री एवं श्रम मंत्रालय की आयुक्त मृदुला घई। एक कवायित्री का मन भावुक एवं संवेदनशील होता है। वह सभी के दुख दर्द का आकलन और उसका चित्रण बड़े ही मार्मिक ढंग से करती है। पिछले दिनों वर्किंग जर्नलिस्ट्स ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित डिजिटल मीडिया अवार्ड में कवयित्री मृदुला घई ने मीडिया की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मीडिया किसी भी राष्ट्र की रीढ़ की हड्डी है और उनका कार्य चुनौती एवं जोखिम भरा हुआ है। ऐसी स्थिति में मीडिया कर्मियों को उचित सम्मान देना सभी नागरिकों का कर्तव्य बन जाता है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में जहां लोगों के लिए जान बचाना एक बड़ी चुनौती थी वही मीडिया कोरोना की खबर एवं जगह जगह आ रही चिकित्सा संबंधी समस्या के बारे में सरकार को लगातार अवगत एवं जागरूक कराता रहा। यह एक कोरोना योद्धा ही कर सकता है इसे मीडिया जगत ने साबित कर दिखाया। कवायित्री घई ने मीडिया के सम्मान में एक गीत की रचना की है जिसको मशहूर गायिका अलका याग्निक एवं शान ने स्वर दिया है । यह मीडिया के लिए एक बड़ी उपलब्धि है और कवयित्री घई का मीडिया जगत को एक महत्वपूर्ण सम्मान एवं योगदान है। इस अवसर पर दिल्ली एनसीआर की डिजिटल मीडिया डायरेक्टरी भी लॉन्च कि गई।
कांग्रेस वो पार्टी है, जो खुद भरी थाली को ठोकर मारती है-अशोक तंवर
अगले चुनाव में नए चेहरों को चाहेगी जनता-तंवर
नारनौल-
अपना भारत मोर्चा के संयोजक डा. अशोक तंवर ने कांग्रेस पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इस पार्टी के पतन के लिए कोई और नहीं, बल्कि इसी के नेतागण ही हैं। वे चाहे जी-23 हों या फिर कोई अन्य। किसान आंदोलन को भुनाना चाहते हैं पर एक भी दिन किसानों के साथ उन्होंने सड़क पर रात नहीं बिताई है। अशोक तंवर रविवार को नारनौल में अपना भारत मोर्चा के महेंद्रगढ़ जिला स्तरीय कार्यालय का उदघाटन करने आए हुए थे। उन्होंने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि देश व प्रदेश में मिलीभगत की राजनीति चल रही है। कांग्रेस के कथित बड़े नेता भाजपा के साथ मिलकर अपने बेटे को राज्य सभा में पहुंचा देते हैं। कमजोर विपक्ष होने की वजह से सरकार तानाशाही नीतियां अपनाने लगी है। इसीलिए एबीएम (अपना भारत मोर्चा) प्रदेश व देश की जनता के लिए नया विकल्प लेकर आया है। उन्होंने दावा किया कि 2024 के चुनाव में पुराने राजनेता गायब हो जाएंगे और दिल्ली की तरह हरियाणा में नए चेहरों को जनता आगे लाने का कार्य करेगी। जनसभा को संबोधित करने के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए अशोक तंवर ने कहा कि उनका मोर्चा नए नौजवानों को नेतृत्व देने का कार्य करेगा, जो समाजसेवा तो कर रहे हैं पर राजनीति में उन्हें मौका नहीं मिल रहा है। एेसे समान विचारधारा के लोगों को मोर्चा के साथ जोड़ा जाएगा। एक अन्य सवाल के जवाब में तंवर ने कहा कि कांग्रेस को छोड़कर आ चुके हैं और वापिस जाने का तो कोई सवाल ही नहीं उठता है। कांग्रेस का देश में कैसा हाल हो चुका है, क्या यह बताने की जरूरत है। कांग्रेस पार्टी तो खुद भरी थाली को ठोकर मारने का कार्य करती है।
किसान आंदोलन को लेकर अशोक तंवर ने कहा कि पिछले नौ महीने से किसान आंदोलन कर रहे हैं। करनाल में एक अधिकारी सरेआम किसानों का सिर फोड़ने की बात कहते हैं और कुछ देर बात पुलिस किसान का सिर फोड़ भी देती है। एेसे अधिकारी को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए। उन्होंने लाठीचार्ज की भी निंदा की और कहा कि भाजपा सरकार को अब तो हठ छोड़ देना चाहिए और किसानों की बात मान लेनी चाहिए। पिछले दिनों प्रदेश में हरियाणा पुलिस का पेपर लीक होने के मुद्दे पर आरोप लगाया कि प्रदेश में हमेशा ही नौकरियां बिकती आई हैं। पेपर लीक करने वाले गिरोह को सरकार का संरक्षण प्राप्त रहा है। चाहे सत्ता किसी भी पार्टी की रही हो। अभी भी वहीं हो रहा है। नौकरियों में भारी भ्रष्टाचार हो रहा था, जिसका प्रमाण पेपर लीक प्रकरण से मिल चुका है। इसी तरह का संरक्षण माइनिंग माफिया को मिला हुआ है।इस अवसर पर एडवोकेट कुलदीप भरगड़ के अलावा काफी संख्या में अपना भारत मोर्चा के सदस्य मौजूद थे।