-लखनोदी पंचायत के एकोरिया गांव के लोगों को मिल रही सभी स्वास्थ्य सुविधाएं
-क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग के चलने वाले अभियान में भी निभाती हैं महत्वपूर्ण भूमिका
बांका, 15 दिसंबर।
सरकार आमलोगों के लिए कई स्वास्थ्य सेवाएं चला रही हैं। इसका लोग भरपूर फायदा भी उठा रहे हैं। इसी का परिणाम है कि परिवार नियोजन का मामला हो या फिर हाल के समय में कोरोना टीकाकरण, जिले के लोग बढ़-चढ़कर इसमें अपनी भागीदारी कर रहे हैं। इन सेवाओं को लोगों तक पहुंचाने में स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका अहम होती है। खासकर आशा कार्यकर्ताओं की। आशा कार्यकर्ता अपने क्षेत्र के एक-एक लोगों से परिचित रहती हैं। उसे सभी के बारे में हर तरह की जानकारी रहती है। किसे कौन-सी स्वास्थ्य सेवा की जरूरत है, इसकी जानकारी रहने से आशा कार्यकर्ता अपना काम को सही तरीके से कर पाती हैं। इसका लोगों को भी भरपूर फायदा मिलता है।
बांका सदर प्रखंड की लखनोदी पंचायत की एकोरिया गांव की आशा कार्यकर्ता कविता देवी इसे बखूबी अंजाम दे रही हैं। महिलाओं को प्रसव कराने से लेकर उसकी समय-समय पर जांच से लेकर डिलीवरी के बाद उसकी देखभाल तक में उसकी भूमिका अहम रहती है। कविता कहती हैं, मैं अपने क्षेत्र के सभी लोगों को जानती हूं। इसलिए मुझे जानकारी रहती है कि कब किसे कौन-सी स्वास्थ्य सेवा की जरूरत होती है। क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं के बारे में जानकारी रहने से दूसरे महीने के बाद से ही उसकी नियमित जांच करवाती हूं, ताकि उसे किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हो। क्षेत्र के लोग भी मुझसे समय-समय पर जानकारी लेते रहते हैं।
संस्थागत प्रसव को मिल रहा बढ़ावाः कविता कहती हैं, समय-समय पर गर्भवती महिलाओं की जांच कराते रहने से उसे डिलीवरी के दौरान कोई परेशानी नहीं होती है। जैसे ही समय पूरा होता है, मैं उसे सदर अस्पताल ले जाने का काम करती हूं। वहां पर सारी सुविधाएं मौजूद हैं। लेबर रूम में हमेशा डॉक्टर और सिस्टर मौजूद रहती हैं। अगर डिलीवरी के बाद बच्चे को कोई दिक्कत आती है तो सदर अस्पताल में एसएनसीयू की सुविधा मौजूद रहती है। तत्काल बच्चे को भर्ती कर इलाज करवाती हूं। मेरी कोशिश रहती है कि अधिक से अधिक गर्भवती महिलाओं का नॉर्मल डिलीवरी हो। ऑपरेशन की नौबत नहीं आए। क्षेत्र की सभी गर्भवती महिलाओं की जानकारी रहने से उसे समय पर ही सदर अस्पताल लेकर जाती हूं, इसलिए घर पर प्रसव होने की नौबत नहीं आने देती हूं।
पोलियो से लेकर कालाजार अभियान में निभाती हैं महत्वपूर्ण भूमिकाः सिर्फ प्रसव के ही मामले नहीं, बल्कि स्वास्थ्य विभाग के कई अभियान में आशा कार्यकर्ता की भूमिका अहम होती है। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. सुनील कुमार चौधरी कहते हैं ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को आमलोगों तक पहुंचाने में आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका बहुत अहम होती है। कविता इसमें अपना अहम योगदान देती है। चाहे वह पल्स पोलियो अभियान हो या फिर कालाजार को लेकर क्षेत्र के लोगों को दवा खिलाने की बात हो या फिर अन्य अभियान उसमें कविता की भूमिका अच्छी रहती है।
स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों तक पहुंचाने में अहम कड़ी साबित हो रही आशा कविता देवी
कोविड मेगा ड्राइव • विशेष वैक्सीनेशन शिविर आयोजित कर छूटे लोगों को दी गई वैक्सीन
– घरों से लेकर खेत-खलिहानों तक पहुँची वैक्सीनेशन टीम, वंचितों को किया वैक्सीनेटेड
– सेकेंड डोज लेने की निर्धारित समयावधि पूरा करने वालों को प्राथमिकता के आधार पर दी गई वैक्सीन
लखीसराय-
जिले में शत-प्रतिशत लोगों का कोविड-19 वैक्सीनेशन जल्द से जल्द सुनिश्चित करने को लेकर लगातार विशेष वैक्सीनेशन के तहत शिविर आयोजित कर लोगों को वैक्सीन दी जा रही है। साथ ही हर जरूरी निर्णय भी लिए भी लिए जा रहे और हर आवश्यक पहल भी की जा रही है। जिसका सार्थक परिणाम भी दिखने लगा है। वहीं, मंगलवार को पुनः जिलेभर में कोविड मेगा ड्राइव चलाया गया। जिसके माध्यम से जिले के सभी प्रखंडों में विशेष कोविड वैक्सीनेशन शिविर आयोजित कर अबतक किसी भी कारणवश वैक्सीन से वंचित लोगों को वैक्सीनेटेड किया गया। साथ ही सेकेंड डोज लेने की निर्धारित समयावधि पूरा करने वाले लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर सुविधाजनक तरीके से वैक्सीन दी गई।
– सेकेंड डोज की वैक्सीन लेने वालों का प्राथमिकता के तौर पर दी गई वैक्सीन :
सिविल सर्जन डाॅ देवेन्द्र चौधरी ने बताया, जिले के सभी प्रखंडों में विशेष वैक्सीनेशन शिविर आयोजित किया गया। सभी सेशन साइटों पर दोनों डोज की वैक्सीन दी गई। किन्तु, इसबार सेकेंड डोज की वैक्सीन लेने का निर्धारित समयावधि पूरा करने वाले व्यक्तियों को प्राथमिकता के तौर पर वैक्सीनेटेड किया गया। विशेष अभियान के सफल संचालन के लिए सभी सेशन साइटों पर पर्याप्त संख्या में कर्मियों की तैनाती एवं वैक्सीन वाइल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। ताकि एक भी व्यक्ति को वैक्सीन के अभाव में लौटना नहीं पड़े। वहीं, उन्होंने बताया, जिले में चल रहे वैक्सीनेशन अभियान को और तेज गति देने के लिए वैक्सीनेशन टीम को आवश्यक निर्देश दिए गए।
– घरों से लेकर खेत-खलिहानों तक भी पहुँची वैक्सीनेशन टीम :
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ अशोक कुमार भारती ने बताया, मेगा वैक्सीनेशन ड्राइव के तहत जिले के सभी प्रखंडों में चयनित जगहों पर तो विशेष कोविड वैक्सीनेशन शिविर आयोजित किया ही गया पर , जो लोग शिविर स्थल तक आने में असमर्थ थे, उन्हें होम डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध कराई गई। यानी उनके घर पर जाकर स्वास्थ्य टीम द्वारा वैक्सीन दी गई। इसके अलावा खेत-खलिहानों तक भी वैक्सीनेशन टीम पहुँची। जहाँ खेतों में ही रहकर खेती करने वाले किसानों और काम करने वाले कामगारों को खेत में ही सुविधाजनक तरीके से वैक्सीन दी गई। ताकि ऐसे लाभार्थी भी वैक्सीन से वंचित नहीं रहें और जल्द से जल्द शत-प्रतिशत लोगों का वैक्सीनेशन सुनिश्चित हो सके । ताकि सामुदायिक स्तर पर लोग इस घातक महामारी के खतरे से सुरक्षित हों।
– इन मानकों का करें पालन और कोविड-19 संक्रमण से रहें दूर :
– मास्क का उपयोग और शारीरिक दूरी का पालन जारी रखें।
– विटामिन-सी युक्त पदार्थों का अधिक सेवन करें।
– साफ-सफाई का विशेष ख्याल रखें और सैनिटाइजर का उपयोग करें।
– नियमित तौर पर लगातार साबुन या अल्कोहल युक्त पदार्थों से अच्छी तरह हाथ धोएं।
– अनावश्यक घरों से बाहर नहीं निकलें और भीड़-भाड़ वाले जगहों से परहेज करें।
ऑगनबाड़ी सेविका को सुरक्षित गर्भ समापन और परिवार नियोजन से संबंधित दी गई जानकारी
– तारापुर बाल विकास परियोजना कार्यालय में सुरक्षित गर्भ समापन और परिवार नियोजन पर एक दिवसीय प्रशिक्षण
– आई पास डेवलपमेंट फाउंडेशन एवं स्थानीय संस्था सेवायतन द्वारा संयुक्त रूप से आयोजन
मुंगेर, 14 दिसंबर। जिले के तारापुर बाल विकास परियोजना कार्यालय (सीडीपीओ ऑफिस) में आई पास डेवलपमेंट फाउंडेशन के सौजन्य से स्थानीय संस्था सेवायतन द्वारा संयुक्त रूप से सुरक्षित गर्भ समापन और परिवार नियोजन से संबंधित विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। जिसमें प्रखंड के विभिन्न पंचायतों की ऑगनबाड़ी सेविकाओं ने भाग लिया। वहीं, प्रशिक्षण के दौरान अर्पणा कुमारी ने मौजूद सभी सेविकाओं को सुरक्षित गर्भ समापन और परिवार नियोजन से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। जिसमें सुरक्षित गर्भपात और असुरक्षित गर्भपात, माहवारी के वक्त बरती जाने वाली सतर्कता व सावधानी, परिवार नियोजन को अपनाने से होने वाली लाभ आदि की जानकारी दी गई। साथ ही प्रशिक्षण में मौजूद सेविकाओं को अपने माध्यम से अपने-अपने पोषक क्षेत्र की महिलाओं को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। बता दें कि आई पास डेवलपमेंट फाउंडेशन बिहार और उतरप्रदेश के 10-10 जिलों में 10-10 स्थानीय संस्था के साथ यौन और प्रजनन अधिकार, परिवार नियोजन एवं सुरक्षित गर्भपात पर कार्य कर रही है।
– 20 सप्ताह तक गर्भपात कराना वैध, पर चिकित्सकों की सलाह लेना जरूरी :
प्रशिक्षक अर्पणा कुमार ने प्रशिक्षण के दौरान मौजूद सेविकाओं को एमटीपी एक्ट की जानकारी देते हुए बताया, गर्भधारण के बाद 20 सप्ताह तक गर्भपात कराना वैध है। किन्तु, सुरक्षित गर्भपात को बढ़ावा देने एवं कानूनन भी चिकित्सकों का सलाह लेना जरूरी है। इसलिए, ऐसी स्थिति में 12 सप्ताह के अंदर गर्भपात कराने के लिए एक और 12 सप्ताह से ऊपर 20 सप्ताह के अंदर गर्भपात कराने के दौरान दो योग्य चिकित्सकों से सलाह लेना जरूरी है। यह सुरक्षित गर्भपात के लिए भी जरूरी है और कानूनन भी जरूरी है। इससे सुरक्षित गर्भपात के साथ-साथ पीड़ित महिला भी सुरक्षित रहेंगी और कानून का पालन भी सुनिश्चित होगा। इसलिए, ऐसी स्थिति में नियमानुसार ही कदम उठाएं। ताकि किसी प्रकार की कोई अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े।
खेतों तक पहुँच रही वैक्सीनेशन टीम, लोगों को सुविधाजनक तरीके से दी जा रही है वैक्सीन
– चौथम सीएचसी सहित जिले के विभिन्न प्रखंडों में तेज हुआ वैक्सीनेशन अभियान
– वैक्सीन से वंचित एक-एक व्यक्ति को चिह्नित कर लगाया जा रहा टीका
– कोरोना के नये वैरिएंट के खतरे से निपटने के लिए सख्त हुआ जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग, बढ़ाई गई सतर्कता
खगड़िया-
कोरोना के नये वैरिएंट के खतरे से निपटने के लिए जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग काफी सजग है। इस घातक महामारी से निपटने के लिए जिले में जहाँ सतर्कता बढ़ा दी गई वहीं, कोविड जाँच और वैक्सीनेशन अभियान भी तेज कर दिया गया है। ताकि जल्द से जल्द जिले के शत-प्रतिशत लोगों का वैक्सीनेशन सुनिश्चित हो और एक भी व्यक्ति वैक्सीन लेने से वंचित नहीं रहे। जिसे सार्थक रूप देने के लिए तमाम गतिविधियों का आयोजन कर समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक स्वास्थ्य टीम पहुँच रही और वैक्सीन से वंचित लोगों को वैक्सीनेशन कराने के लिए प्रेरित कर रही है। साथ ही सुविधाजनक तरीके से ऑन द स्पॉट वैक्सीन भी दे रही है। वहीं, जिले के चौथम सीएचसी अंतर्गत विभिन्न गाँवों एवं कस्बों के शत-प्रतिशत लोगों का वैक्सीनेशन सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य टीम घर-घर दस्तक वैक्सीनेशन अभियान के तहत लोगों के घरों के साथ-साथ खेतों तक पहुँच रही और लोगों के सुविधानुसार वैक्सीन दे रही है। मिशन, एक भी व्यक्ति वैक्सीन से छूटे से नहीं और सुविधाजनक तरीके से सभी लोगों का वैक्सीनेशन सुनिश्चित हो सके।
– वैक्सीन से वंचित एक-एक व्यक्ति को चिह्नित कर लगाया जा रहा है टीका :
चौथम सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डाॅ अनिल कुमार ने बताया, वैक्सीन से वंचित एक-एक व्यक्ति को चिह्नित कर सुविधाजनक तरीके से टीका लगाया जा रहा है। लोगों को वैक्सीन लेने में किसी प्रकार की कोई असुविधा नहीं हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य टीम वैक्सीन लेने वाले व्यक्ति के सुविधानुसार वैक्सीनेशन कर रही है। इसके लिए घर-घर दस्तक वैक्सीनेशन अभियान के तहत लोगों के घरों के अलावा खेतों तक हमारी टीम पहुँच रही है। ताकि खेत में भी रहने वाले किसान और कामगारों का वैक्सीनेशन सुनिश्चित हो सके।
– लाभार्थियों के सुविधानुसार पहुँच रही वैक्सीनेशन टीम :
चौथम सीएचसी के प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक विजय कुमार ने बताया, वैक्सीनेशन कराने में लाभार्थियों को किसी प्रकार की कोई असुविधा नहीं हो, इस बात का विशेष ख्याल रखा जाता है। इसे सुनिश्चित करने को लेकर लाभार्थियों के सुविधानुसार जगह-जगह वैक्सीनेशन टीम पहुँच रही और सुविधाजनक तरीके से योग्य लाभार्थियों का वैक्सीनेशन कर रही है।
– वैक्सीन से वंचित एवं सेकेंड डोज लेने की निर्धारित समय पूरा करने वालों को चिह्नित कर किया जा रहा है टीकाकृत :
चौथम सीएचसी में तैनात केयर इंडिया के प्रखंड प्रबंधक करण कुमार ने बताया, एक भी लोग वैक्सीन से वंचित नहीं रहें और सेकेंड डोज लेने वालों का निर्धारित समय पर वैक्सीनेशन सुनिश्चित हो, इसके लिए ऐसे लाभार्थियों को चिह्नित कर वैक्सीन दी जा रही है। साथ ही लाभार्थियों को वैक्सीन लेने में किसी प्रकार की कोई असुविधा नहीं हो, इसके लिए जिले में लगातार नियमित तौर पर वैक्सीनेशन अभियान जारी है। वहीं, उन्होंने बताया, संभावित तीसरी लहर यानी कोरोना के नये वैरिएंट के खतरे को देखते हुए कोविड जाँच एवं वैक्सीनेशन अभियान तेज कर दिया गया है।
– इन मानकों का करें पालन और कोविड-19 संक्रमण से रहें दूर :
– मास्क का उपयोग और शारीरिक दूरी का पालन जारी रखें।
– बारी आने पर निश्चित रूप से वैक्सीनेशन कराएं और दूसरों को भी प्रेरित करें।
– लक्षण महसूस होने पर कोविड-19 जाँच कराएं।
– विटामिन-सी युक्त पदार्थों का अधिक सेवन करें।
– नियमित तौर पर लगातार साबुन या अल्कोहल युक्त पदार्थों से अच्छी तरह हाथ धोएं।
जिले में फाइलेरिया उन्मूलन को 21 दिसंबर से चलेगा आईडीए अभियान
– घर-घर पात्र व्यक्तियों को उम्र एवं ऊँचाई के अनुसार दवा का कराया जाएगा सेवन
– अभियान की सफलता को स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग, आईसीडीएस, डीलर समेत अन्य कर्मियों का लिया जाएगा सहयोग
शेखपुरा-
जिले में फाइलेरिया उन्मूलन के लिए अगले मंगलवार 21 दिसंबर से आईडीए अभियान चलेगा। जिसके माध्यम से स्वास्थ्य टीम द्वारा घर-घर जाकर सभी पात्र व्यक्तियों को उम्र एवं ऊँचाई के अनुसार दवाई का सेवन कराया जाएगा। इस अभियान को पूर्ण रूप से सफल बनाने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित शिक्षा विभाग, आईसीडीएस, पीडीएस (डीलर), जीविका समेत अन्य विभागों के कर्मियों का भी सहयोग लिया जाएगा। इसको लेकर सिविल सर्जन ने पत्र जारी कर सभी विभागों के प्रधान को सहयोग सुनिश्चित कराने के लिए कहा है। वहीं, अभियान की सफलता को लेकर आवश्यक तैयारी भी शुरू कर दी गई।
– गर्भवती महिला, गंभीर बीमारी से पीड़ित और दो वर्ष से कम के बच्चों को भी नहीं खिलाई जाएगी दवा :
जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डाॅ अशोक कुमार सिंह ने बताया, इस अभियान के दौरान घर-घर जाकर लोगों को अल्बेंडाजोल, डीईसी एवं आईवरमेक्टिन की दवाएं लोगों को खिलाई जाएगी। उक्त दवा गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर बीमारी से पीड़ित व्यक्ति के अलावा दो वर्ष से कम आयु वर्ग के बच्चों को छोड़कर शेष सभी लोगों को स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा खिलाई जाएगी। जबकि, दो से पाँच वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को आईवरमेक्टिन नहीं दी जाएगी। साथ ही इस बीमारी से बचाव के लिए आवश्यक जानकारी देते हुए जागरूक किया जाएगा। ताकि उक्त अभियान का सफलतापूर्वक समापन एवं बीमारी पर रोकथाम संभव और जड़ से खात्मा हो सके। वहीं, उन्होंने बताया, इस बीमारी से बचाव के लिए दवाई के साथ-साथ एहतियात भी जरूरी है। इसलिए, अभियान के दौरान योग्य व्यक्तियों को दवाई तो खिलाई ही जाएगी इसके अलावा इस बीमारी से बचाव के लिए लोगों को आवश्यक जानकारी भी दी जाएगी। जैसे कि, घर के आस-पास गंदगी जमा नहीं होने दें एवं घरों में सोने से पहले मच्छरदानी का उपयोग करें। साथ ही अन्य लोगों को दवा सेवन के प्रति जागरूक भी करें, ताकि फाइलेरिया जैसी बीमारी जड़ से समाप्त हो सके। इस बीमारी को पूरी तरह से मिटाने के लिए जागरूकता भी बेहद जरूरी है।
– अभियान में परिवार के सदस्यों के विवरण की भी ली जाएगी जानकारी :
वेक्टर रोग नियंत्रण पदाधिकारी श्यामसुंदर कुमार ने बताया, अभियान के दौरान प्रत्येक परिवार के सदस्यों के विवरण की भी जानकारी ली जाएगी। जैसे, परिवार में कुल कितने सदस्य हैं। सभी का नाम, उम्र समेत अन्य जानकारी प्राप्त कर पंजी में पूरा डिटेल दर्ज किया जाएगा। साथ ही दो वर्ष से छोटे बच्चे, गंभीर बीमारी से पीड़ित व्यक्ति एवं गर्भवती व एक सप्ताह पूर्व माँ बनी महिलाओं का भी विवरण लेकर अलग पंजी में दर्ज किया जाएगा। क्योंकि, ऐसे लोगों को दवाई नहीं खिलाई जाएगी।
– इन मानकों का करें पालन और कोविड-19 संक्रमण से रहें दूर :
– मास्क का उपयोग और शारीरिक दूरी का पालन जारी रखें।
– बारी आने पर निश्चित रूप से वैक्सीनेशन कराएं और दूसरों को भी प्रेरित करें।
– विटामिन-सी युक्त पदार्थों का अधिक सेवन करें।
– नियमित तौर पर लगातार साबुन या अल्कोहल युक्त पदार्थों से अच्छी तरह हाथ धोएं।
– साफ-सफाई का विशेष ख्याल रखें और सैनिटाइजर का उपयोग करें।
400 केंद्रों पर 16677 लोगों ने लिए कोरोना के टीके
-कोरोना टीकाकरण को लेकर जिले में फिर चला महाअभियान
-महाअभियान के दौरान टीके की दूसरी डोज पर रहा फोकस
बांका, 14 दिसंबर
कोरोना टीकाकरण को लेकर मंगलवार को एक बार फिर से महाअभियान चलाया गया। महाअभियान के दौरान काफी संख्या में जिले के लोग कोरोना का टीका लेने केंद्रों तक पहुंचे। इस बार भी पहली डोज के मुकाबले दूसरी डोज लेने वालों की संख्या ज्यादा रही। जिले के 400 केंद्रों पर 16677 लोगों ने कोरोना के टीके लिए। इनमें 15568 लोगों ने दूसरी तो लगभग 1109 लोगों ने पहली डोज ली। सभी टीकाकरण केंद्रों पर स्वास्थ्यकर्मी समय से थोड़ा पहले आ गए थे। इस वजह से समय से टीकाकऱण शुरू हो गया। महाअभियान के दौरान कोरोना टीका की पहली डोज लेने वालों को समय से दूसरी डोज लेने की हिदायत दी गई।
सिविल सर्जन डॉ. सुधीर कुमार महतो ने बताया कि मंगलवार को एक बार फिर महाअभियान सफल रहा। काफी संख्या में जिले के लोग कोरोना का टीका लेने के लिए केंद्रों तक पहुंचें। सभी केंद्रों पर पहली और दूसरी दोनों डोज की व्यवस्था थी। इस बार भी दूसरी डोज पर फोकस किया गया था, इसलिए दूसरी डोज लेने वालों की संख्या अधिक रही। महाअभियान के बाद भी जिले में कोरोना टीकाकरण जारी है। इसलिए लोगों से मेरी अपील है कि जिनका समय पूरा हो गया है, वह दूसरी डोज ले लें और जिनलोगों ने कोई भी डोज नहीं ली है, वे जल्द से जल्द पहली डोज कोरोना टीका का ले लें।
टीम भेजकर लोगों का कराया गया टीकाकरणः महाअभियान के दौरान शनिवार को एक ही जगह पर अधिक लोग टीका लेने के लिए तैयार होने पर वहां स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजी गई। इसे लेकर जिले के कई क्षेत्रों से जिला स्वास्थ्य समिति को फोन आया। इसके बाद टीम भेजकर लोगों का टीकाकऱण कराया गया। इस वजह से लोगों को परेशानी का सामना भी नहीं करना पड़ा। मौके पर ही रजिस्ट्रेशन के साथ लोगों का टीकाकरण हो गया।
घर-घर जाने का अभियान रहेगा जारीः महाअभियान के दौरान दूसरी डोज लेने वालों को ढूंढने के लिए आशा कार्यकर्ता घर-घर गईं। जिनलोगों ने कोरोना टीका की पहली डोज ले ली थी और समय पूरा हो गया था उन्हें आशा कार्यकर्ता टीकाकरण केंद्रों तक ले गईं। ऐसे लोगों को महाअभियान के दौरान दूसरी डोज दिलाई गयी। आशा कार्यकर्ता यह काम महाअभियान के बाद भी करती रहेंगी। जब तक जिले के सभी लोगों का टीकाकरण नहीं हो जाएगा, तब तक यह अभियान चलेगा।
शहरी क्षेत्र में 1302 लोगों ने लिए टीकेः महाअभियान के दौरान बांका शहरी क्षेत्र के 34 टीकाकरण केंद्रों पर 1302 लोगों ने कोरोना के टीके लगवाए। यहां पर भी सभी केंद्रों पर डाटा ऑपरेटर और एएनएम समय से पहले पहुंच गई थीं। इस वजह से समय से लोगों का टीकाकरण शुरू हो पाया। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. सुनील कुमार चौधरी ने बताया कि अभियान के दौरान काफी संख्या में लोगों ने कोरोना का टीका लिया। स्थानीय लोगों के साथ बाहर से आने वाले लोगों ने भी यहां पर कोरोना का टीका लिया। शहरी क्षेत्र में एक बार और महाअभियान सफल रहा।
राज्य में प्रति प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से प्रति वर्ष करीब 11,000 की आबादी लाभान्वित – श्री नीतीश कुमार
मुख्यमंत्री द्वारा 1919.95 करोड़ की 772 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन
राज्य ने 9 करोड़ कोविड टीकाकरण का आंकड़ा किया पार
मुख्यमंत्री द्वारा टेलीमेडिसिन स्टूडियो का हुआ शुभारंभ
राज्य में 47 अस्पतालों में “दीदी की रसोई” क्रियाशील
पटना/14 दिसंबर – स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार एवं संस्थानों की आधारभूत संरचनाओं में निरंतर सुधार हेतु स्वास्थ्य विभाग निरंतर प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में आज मंगलवार को राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान, शेखपुरा के प्रांगण स्थित सभागार में श्री नीतीश कुमार, माननीय मुख्यमंत्री, बिहार द्वारा राज्य में 1919.95 करोड़ की 772 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न जिलों के जिलाधिकारी एवं स्वास्थ्य पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे। कार्यक्रम में श्री मंगल पांडेय, माननीय स्वास्थ्य मंत्री, बिहार सरकार, श्री अशोक चौधरी, माननीय मंत्री, भवन निर्माण, बिहार सरकार, श्री त्रिपुरारी शरण, मुख्य सचिव, बिहार, अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य विभाग, श्री प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, सूचना एवं जन-संपर्क विभाग के सचिव श्री अनुपम कुमार तथा बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन के कंट्री हेड, हरि मेनन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
माननीय मुख्यमंत्री द्वारा हुआ 1919.95 करोड़ की 772 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटनः
माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं की आधारभूत संरचना को और सशक्त करने के उद्देश्य से 1919.95 करोड़ की 772 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। कुल 741 योजनाओं का शिलान्यास एवं 31 योजनाओं का उद्घाटन मुख्यमंत्री द्वारा किया गया। इनमें प्रमुख हैं – राज्यकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, जमुई, 10 सदर अस्पतालों का मॉडल अस्पताल के रूप में उन्नयन, मातृ शिशु अस्पताल, जी.एन.एम -सह-पारा मेडिकल प्रशिक्षण संस्थान, जी.एन.एम एवं ए.एन.एम प्रशिक्षण संस्थान, अनुमंडलीय अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, स्वास्थ्य उपकेंद्र, आर.टी.पी.सी.आर. लैब, छात्रावास/आवासीय भवन एवं अन्य योजनाएं।
अपने संबोधन में माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने बताया, सरकार और स्वास्थ्य विभाग निरंतर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर तरीके से जनमानस तक पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने बताया राज्य के प्रति प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से प्रति वर्ष करीब 11,000 की आबादी लाभान्वित हो रही है, जबकि पूर्व में यह आंकड़ा मात्र 40 प्रति स्वास्थ्य केंद्र था। राज्य को शीघ्र ही 11 नए मेडिकल कॉलेज की सुविधा प्राप्त होगी। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि बाल ह्रदय योजना के तहत राज्य के 264 बच्चों का सफल ऑपरेशन कराया गया है।
माननीय मुख्यमंत्री द्वारा टेलीमेडिसिन स्टूडियो का हुआ शुभारंभः
माननीय मुख्यमंत्री द्वारा राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान, शेखपुरा, पटना के प्रांगण में टेलीमेडिसिन स्टूडियो का शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बताया, राज्य में अभी तक करीब 6 लाख लोगों को टेलीमेडिसिन सुविधा द्वारा चिकित्सीय परामर्श प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों का उन्नयन कर उन्हें 30 बेड वाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उन्नयन किया जायेगा जिससे प्रखंड स्तर पर लोगों को चिकित्सीय सेवा का और लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने बताया, राज्य के 9163 मृत कोरोना मरीजों के नजदीकी आश्रितों को 4 लाख रुपये प्रति मरीज की दर से मुआवजा दिया जा चुका है और बिहार पूरे देश में ऐसा करने वाला अकेला राज्य है।
राज्य ने 9 करोड़ कोविड टीकाकरण का आंकड़ा किया पार – श्री मंगल पांडेय
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री मंगल पांडेय, माननीय स्वास्थ्य मंत्री, बिहार सरकार ने बताया, राज्य ने आज सुबह तक कोविड टीकाकरण में 9 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। कुल टीकाकृत लोगों की संख्या 9,01,56,334 है जिसमें फर्स्ट डोज लेने वाले 56075278 लाभार्थी हैं तथा 34081054 लोगों ने अपना दूसरा डोज लिया है।
श्री अशोक चौधरी, माननीय मंत्री, भवन निर्माण ने स्वास्थ्य विभाग को उन्नयन कार्यों के लिए भवन निर्माण विभाग के पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की सराहना की। श्री प्रत्यय अमृत, अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य विभाग ने संक्षिप्त में विभाग की उपलब्धियों की चर्चा की और विभाग को राज्य सरकार द्वारा दी जा रही निरंतर सहयोग का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर नवनियुक्त स्वास्थ्यकर्मियों को जॉइनिंग लेटर माननीय मुख्यमंत्री द्वारा प्रदान किया गया तथा चुनिंदा रक्तवीरों को डिजिटल डोनर कार्ड प्रदान किया गया।
साथ ही कोविड में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कई जिलों के जिला पदाधिकारी, सिविल सर्जन सहित राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार के सहायक निदेशक, औषधि तथा जिला स्वास्थ्य समिति, पटना के राज्य कार्यक्रम प्रबंधक श्री विवेक कुमार सिंह को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
डीएम की पहल: निर्धारित समय पर वैक्सीन लेने वालों के पुरस्कार चयन टीम में तीन वर्ष की बच्ची को मिली जगह
– बच्ची ही लेपटाॅप पर लिंक क्लिक कर चयनित लाभार्थियों का ढूँढेगी नाम, फिर सूची तैयार कर दिया जाएगा उपहार
– खगड़िया के महेशखून्ट प्रखंड के समसपुर गाँव की रहने वाली है प्रिंसी कुमारी
खगड़िया, 13 दिसंबर।
निर्धारित समय पर कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज लेने वाले लाभार्थियों के चयन के लिए लक्की ड्रा को पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से आयोजित करने के लिए जिलाधिकारी डाॅ आलोक रंजन घोष ने एक अनूठी और सराहनीय पहल की है। ताकि लक्की ड्रा के माध्यम से लाभार्थियों के चयन होने के बाद चयन को लेकर किसी प्रकार की कोई शिकायत सामने नहीं नहीं आए और लोगों में निष्पक्षता के साथ हुए चयन का संदेश जा सके। इसको लेकर जिलाधिकारी की पहल पर सोमवार को लक्की ड्रा चयन टीम में एक करीब तीन साल की बच्ची को शामिल किया गया है। जो जिले के महेशखुंट प्रखंड के समसपुर गाँव की रहने वाली प्रिंसी कुमारी है। इस मौके पर डीडीसी अभिलाषा कुमारी शर्मा, केयर इंडिया के डीटीओ-एफ हरि कृष्णा नायक, डीटीओ-ऑन चंदन कुमार भी मौजूद थे। बता दें कि निर्धारित समय पर कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज लेने वाले को लक्की ड्रा के माध्यम से 31 दिसंबर तक प्रत्येक सप्ताह में एक दिन केयर इंडिया के सहयोग से पुरस्कार सह सम्मान शिविर आयोजित कर बंपर एवं सांत्वना पुरस्कार दिया जाएगा।
– बच्ची ही लेपटाॅप पर लिंक क्लिक कर चयनित लाभार्थियों का ढूँढेगी नाम, फिर सूची तैयार कर दिया उपहार :
केयर इंडिया के डीटीओ-ऑन चंदन कुमार ने बताया, निर्धारित समय पर वैक्सीन लेने वाले लाभार्थियों के चयन के लिए पटना से आने वाली लिंक बच्ची ही क्लिक कर चयनित लाभार्थियों का नाम ढूँढेगी। इसके बाद चयनित लाभार्थियों की सूची तैयार कर नाम गोपनीय रखा जाएगा। फिर निर्धारित एवं तय तिथि पर शिविर आयोजित कर चयनित लाभार्थियों को पुरस्कार दिया जाएगा।
– बंपर पुरुस्कार में तीन हजार रुपये तो सांत्वना पुरस्कार में एक हजार रुपये का दिया जाएगा समान :
केयर इंडिया के डीटीओ-एफ हरि कृष्णा नायक ने बताया, चयनित लाभार्थियों को बंपर पुरस्कार में तीन हजार और सांत्वना पुरस्कार में एक हजार रुपये का सामान दिया जाएगा। वहीं, उन्होंने बताया, इस पहल की शुरुआत शुक्रवार को ही हो गयी। बापू मध्य विद्यालय खगड़िया में सम्मान सह पुरस्कार वितरण शिविर का आयोजन कर जिलाधिकारी के हाथों लाभार्थियों को पुरस्कृत करना शुरू कर दिया जा चुका है। 31 दिसंबर तक प्रत्येक सप्ताह शिविर में किसी एक दिन शिविर का आयोजन कर चयनित लाभार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
– जिले में आज फिर चलेगा कोविड विशेष वैक्सीनेशन अभियान :
केयर इंडिया के डीटीएल अभिनंदन आनंद ने बताया, मंगलवार को जिले भर में फिर विशेष कोविड वैक्सीनेशन अभियान चलेगा। जिसके माध्यम से जिले के सभी प्रखंडों में शिविर आयोजित कर योग्य लाभार्थियों को सुविधाजनक तरीके से वैक्सीन दी जाएगी। वहीं, उन्होंने जिले वासियों से अपील करते हुए कहा कि जो पहला डोज ले चुके हैं और दूसरा डोज लेने की निर्धारित समयावधि पूरा कर चुके हैं, वह निश्चित रूप से अपने नजदीकी शिविर स्थल पर जाकर वैक्सीनेशन करा लें। साथ ही जो अबतक वैक्सीन से वंचित हैं, वह भी इस महामारी से दूर रहने के लिए वैक्सीनेशन करा लें।
– इन मानकों का करें पालन और कोविड-19 संक्रमण से रहें दूर :
– मास्क का उपयोग और शारीरिक दूरी का पालन जारी रखें।
– बारी आने पर निश्चित रूप से वैक्सीनेशन कराएं और दूसरों को भी प्रेरित करें।
– विटामिन-सी युक्त पदार्थों का अधिक सेवन करें।
– नियमित तौर पर लगातार साबुन या अल्कोहल युक्त पदार्थों से अच्छी तरह हाथ धोएं।
– लक्षण महसूस होने पर कोविड-19 जाँच कराएं।
स्वास्थ्य सुविधा को लोगों तक पहुँचाने में तत्पर रहती हैं आशा प्रियंका कुमारी
– सराहनीय कार्य की बदौलत अपने क्षेत्र के साथ-साथ पीएचसी में बनाई अपनी अलग पहचान
– बेहतर कार्य के लिए पांच वर्षों से लगातार हो रहीं हैं पुरस्कृत
लखीसराय, 13 दिसंबर।
सामुदायिक स्तर पर बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समाज के आखिरी व्यक्ति तक पहुँच सके, इसको लेकर सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग काफी गंभीर है। ताकि एक भी जरूरतमंद स्वास्थ्य सेवा से वंचित नहीं रहे और समाज के आखिरी व्यक्ति को सुविधाजनक तरीके से सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ मिल सके। जिसे सार्थक रूप देने के लिए स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी आशा कार्यकर्ता भी पीछे नहीं है। बल्कि, समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधा को पहुँचाने एवं सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों से लोगों को जोड़ने के लिए अपने कर्तव्य पथ पर तमाम चुनौतियों और परेशानियाँ का सामना करने के बाद भी अग्रसर हैं। ऐसे ही आशा कार्यकर्ताओं में जिले के हलसी सीएचसी में कार्यरत हलसी प्रखंड के मध्य गेरुआ पंचायत के गेरूआ गाँव की आशा प्रियंका कुमारी का पूरे प्रखंड में नाम शुमार है। प्रियंका, ना सिर्फ लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ पहुँचाने में सफल रही हैं बल्कि, लोगों को सरकारी स्वास्थ्य से जोड़ने में भी सफल रही।
– सराहनीय कार्य के लिए लगातार पाँच वर्षों से प्रियंका को किया जा रहा है पुरस्कृत :
सिविल सर्जन डाॅ देवेन्द्र चौधरी ने बताया, आशा कार्यकर्ता प्रियंका कुमारी हमेशा लोगों को सुविधाजनक तरीके से स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ दिलाने में तत्पर रहती हैं। इसके अलावा विभाग से संबंधित मिली जिम्मेदारी को पूरा करने में इनका कर्तव्य सराहनीय रहा है। जिसके कारण लगातार पाँच वर्षों से इन्हें प्रशस्ति-पत्र से सम्मानित और पुरस्कृत किया जा रहा है। ये वर्ष 2020-21 में 36 महिलाओं का प्रसव, 16 महिलाओं का बंध्याकरण, दो टीबी बीमारी से पीड़ित मरीजों का समुचित इलाज करा चुकीं हैं।
– कर्तव्यनिष्ठा की बदौलत प्रियंका कुमारी ने बनाई अपनी अलग पहचान :
डीसीएम पारस मणि ने बताया, आशा कार्यकर्ता प्रियंका कुमारी हमेशा अपने कर्तव्य पथ पर अग्रसर रहती और कर्तव्यनिष्ठा की बदौलत ही अपने क्षेत्र से लेकर पूरे प्रखंड में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। इन्हें प्रियंका के नाम से कम और आशा दीदी के नाम से अधिक इलाके के लोग जानते हैं। इनका राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से संबंधित कार्यों के बेहतर निष्पादन में सराहनीय कार्य रहा। कोविड-19 के मुश्किल भरे दौर में भी ये अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करने कभी पीछे नहीं हटी।
– चुनौतियों और परेशानियों की कभी नहीं की परवाह, कर्तव्य पथ पर सकारात्मक उम्मीद के साथ चलती रहीं :
आशा प्रियंका कुमारी ने बताया, समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवा का लाभ पहुँचाना और लोगों को सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों से जोड़ने के साथ खुद व परिवार का भी ख्याल रखना, निश्चित रूप से चुनौतियों और परेशानियों से भरा हुआ था। किन्तु, कभी इसकी परवाह नहीं की। बल्कि, तमाम चुनौतियों और परेशानियों को नजरअंदाज कर अपने कर्तव्य पथ पर डटी रही। वहीं, उन्होंने बताया, चुनौती यह कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों के प्रति लोगों को नजरिये को बदलना और परेशानी यह कि खुद व परिवार का भी ख्याल रखते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुँचाना। मेरी मेहनत का सकारात्मक परिणाम यह है कि अब लोग खुद मेरे पास सरकार द्वारा जनहित में चलाई जा रही तमाम स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी लेने आने लगे हैं।
– इन मानकों का करें पालन और कोविड-19 संक्रमण से रहें दूर :
– मास्क का उपयोग और शारीरिक दूरी का पालन जारी रखें।
– विटामिन-सी युक्त पदार्थों का अधिक सेवन करें।
– साफ-सफाई का विशेष ख्याल रखें और सैनिटाइजर का उपयोग करें।
– बारी आने पर निश्चित रूप से वैक्सीनेशन कराएं और दूसरों को भी प्रेरित करें।
– अनावश्यक घरों से बाहर नहीं निकलें और भीड़-भाड़ वाले जगहों से परहेज करें।
कोरोना टीकाकरण को लेकर महाअभियान आज, दूसरी डोज पर फोकस
-जिलेभर में बनाए गए लगभग 400 टीकाकरण केंद्र
-कोरोना के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग का अभियान जारी
बांका, 13 दिसंबर
कोरोना टीकाकरण को लेकर मंगलवार को एक बार फिर से महाअभियान चलाया जाएगा। इस बार भी दूसरी डोज पर फोकस किया जाएगा। जिले की अधिकतर आबादी कोरोना टीका की पहली डोज ले चुकी है, इसलिए इस बार भी महाअभियान के दौरान अधिक से अधिक लोगों को कोरोना टीका की दूसरी डोज देने की कोशिश की जाएगी। इसके साथ-साथ अभी तक टीका की पहली डोज नहीं लेने वालों को ढूंढ-ढूंढकर कोरोना का टीका दिया जाएगा। इसे लेकर सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। जिले भर में लगभग 400 टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं, जहां पर अधिक से अधिक लोगों को कोरोना का टीका देने का लक्ष्य रखा गया है। सभी टीकाकरण केंद्रों पर स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति कर दी गई है। सभी को समय से थोड़ा पहले केंद्र पर पहुंचने के लिए कहा गया है, ताकि टीकाकरण अभियान में किसी तरह की देरी नहीं हो और लाभुकों को कोई परेशानी नहीं हो।
सिविल सर्जन डॉ. सुधीर कुमार महतो ने बताया कि महाअभियान को लेकर सारी तैयारी कर ली गई है। इस बार भी काफी संख्या में जिले के लोग कोरोना का टीका लें, इसे लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सभी केंद्रों पर पहली और दूसरी दोनों डोज दी जाएगी। इस बार भी दूसरी डोज पर फोकस किया गया है। जिनलोगों का समय पूरा हो गया है, वे लोग टीके की दूसरी डोज अवश्य लें। साथ ही जिनलोगों ने एक भी डोज नहीं लिया है, वे तत्काल अपने नजदीकी केंद्रों पर जाकर टीका लें।
एक जगह पर अधिक लोग तैयार हुए तो वहां पर टीम भेजी जाएगीः महाअभियान के दौरान अगर एक ही जगह पर अधिक लोग टीका लेने के लिए तैयार हुए तो वहां पर स्वास्थ्य टीम भेजकर लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। इसलिए अगर एक जगह पर कहीं अधिक लोग टीका लेने के लिए तैयार हो गए हों तो इसकी सूचना तत्काल स्वास्थ्य विभाग को दें। टीम आकर आपका टीकाकरण करेगी। आपको कहीं जाने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी। पास में मोबाइल नंबर और आधार कार्ड रखें। मौके पर ही आपका रजिस्ट्रेशन कर टीकाकरण कर दिया जाएगा।
दूसरी डोज लेने वालों की आशा कार्यकर्ता कर रहीं पहचानः जिनलोगों ने कोरोना टीका की पहली डोज ले ली है और समय पूरा हो गया है उन्हें आशा कार्यकर्ता चिह्नित कर रही हैं। ऐसे लोगों को महाअभियान के दौरान दूसरी डोज दिलाई जाएगी। साथ ही ड्यू डेट से सात दिनों के अंदर दूसरी डोज लेने वालों के लिए पुरस्कार की भी व्यवस्था की गई है। लक्की ड्रॉ के तहत ऐसे लोगों को पुरस्कार दिया जाएगा। 31 दिसंबर तक समय पर कोरोना टीका की दूसरी डोज लेने पर पुरस्कार की व्यवस्था है। इसलिए देर नहीं करें। काफी लोग जीत चुके हैं पुरस्कार। आप भी जीत सकते हैं, इसलिए देरी नहीं करें।
सदर प्रखंड में बनाए गए 34 केंद्रः महाअभियान को लेकर बांका सदर प्रखंड में 34 टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों के लिए डेटा ऑपरेटर और एएनएम की नियुक्ति कर दी गई है। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. सुनील कुमार चौधरी ने बताया कि अभियान को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया गया है। साथ ही स्थानीय लोगों से अधिक से अधिक संख्या में आकर कोरोना का टीका लेने की अपील की गई है। आशा कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी सहायिका टीका नहीं लेने वालों को घरों से केंद्र तक लाने का कार्य करेंगी।